राशन कार्ड से छूटे पात्र लाभुकों का नाम जोड़ने का निर्देश, ई-केवाईसी शत-प्रतिशत पूरा कराने पर जोर
जविप्र दुकानदारों के साथ बैठक करते एसडीओ | Prabhat Khabar Network
अररिया प्रखंड और नगर परिषद क्षेत्र के पीडीएस विक्रेताओं की बैठक में राशन कार्ड से छूटे पात्र लाभुकों को योजना का लाभ पहुंचाने के निर्देश दिए गए. स्मार्ट पीडीएस 2.0 के तहत जागरूकता फैलाने और ई-केवाईसी शत-प्रतिशत पूरा करने पर ज़ोर दिया गया.
Araria News: अररिया प्रखंड और नगर परिषद क्षेत्र के सभी जनवितरण प्रणाली (पीडीएस) विक्रेताओं की बैठक बुधवार को डीआरसीसी भवन में आयोजित की गई. बैठक की अध्यक्षता अनुमंडल पदाधिकारी दीक्षित स्वेतम ने की. इस दौरान सहायक जिला आपूर्ति पदाधिकारी धनेश्वर कुमार ने राशन कार्ड से संबंधित लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन, नए पात्र लाभुकों का नाम जोड़ने तथा ई-केवाईसी अभियान को शत-प्रतिशत पूरा कराने के निर्देश दिये.
छूटे पात्र लाभुकों तक पहुंचे योजना का लाभ
बैठक में सहायक जिला आपूर्ति पदाधिकारी ने कहा कि जिन पात्र लाभुकों का नाम किसी कारणवश राशन कार्ड से हट गया है या अब तक नया राशन कार्ड नहीं बन पाया है, उन्हें योजना का लाभ दिलाना प्राथमिकता है. इसके लिए सभी पीडीएस विक्रेता अपने-अपने पंचायतों और वार्डों में लोगों को आवश्यक जानकारी दें तथा आवेदन प्रक्रिया के प्रति जागरूक करें.
स्मार्ट पीडीएस 2.0 के तहत करें जागरूकता
अधिकारियों ने बताया कि स्मार्ट पीडीएस 2.0 के अंतर्गत नया राशन कार्ड बनवाने और परिवार के सदस्यों का नाम जोड़ने के लिए निर्धारित दस्तावेजों की जानकारी आम लोगों तक पहुंचाई जाए. इससे पात्र परिवारों को सरकारी खाद्यान्न योजना का लाभ समय पर मिल सकेगा.
ई-केवाईसी अभियान पूरा करने का निर्देश
बैठक में विशेष रूप से 5 वर्ष या उससे अधिक आयु के ऐसे लाभुकों की पहचान करने को कहा गया, जिनकी ई-केवाईसी अब तक पूरी नहीं हो सकी है. सभी विक्रेताओं को निर्देश दिया गया कि ऐसे लाभुकों से संपर्क कर जल्द से जल्द शत-प्रतिशत ई-केवाईसी सुनिश्चित करें, ताकि भविष्य में किसी भी पात्र लाभुक को राशन वितरण में परेशानी न हो.
बड़ी संख्या में विक्रेता और अधिकारी रहे मौजूद
Araria News: बैठक में प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी अररिया सदर शशि प्रिया, आपूर्ति कार्यपालक सहायक गणेश कुमार, प्रखंड आपूर्ति समन्वयक रमीज अहसन, विक्रेता संघ अध्यक्ष मोहम्मद अशफाक, सचिव लक्ष्मी प्रसाद यादव सहित बड़ी संख्या में जनवितरण प्रणाली विक्रेता उपस्थित रहे.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए