लोगों ने विद्युत पावर स्टेशन में की तोड़फोड़
Published by : Prabhat Khabar News Desk Updated At : 27 May 2024 10:44 PM
एक व्यक्त जख्मी, रेफर
अररिया. अररिया शहर के उपभोक्ताओं का सब्र रविवार की रात कुछ इस कदर टूटा कि लोगों ने बिजली कार्यालय पहुंच कर पहले तो सादगी के साथ, बाद में उग्र तरीके से प्रदर्शन किया. देर रात की इस घटना के बाद अचानक से प्रशासन भी सकते में आ गया. बता दें कि बिजली की आंख मिचौनी व लोड शेडिंग की बात कह रात-रात भर विद्युत विभाग द्वारा बिजली काट दी जाती है, ऐसे में उमस भरी गर्मी ने लोगों का जीना मुहाल कर दिया है, रविवार की रात साढ़े 10 बजे शहर के प्रत्येक मोहल्ले व वार्ड के लोग अपने घरों से निकलकर बिजली कार्यालय पहुंचने लगे व दैनिक रजिस्टर में अपनी-अपनी शिकायत दर्ज करने लगे. स्थानीय बिजली उपभोक्ताओं की भीड़ जमा होते देख पॉवर स्टेशन के कार्यालय में मौजूद कर्मी भी हड़बड़ा गये और पॉवर स्टेशन छोड़कर गायब हो गये. इसी दौरान सभी स्थानीय लोग पॉवर स्टेशन से बाहर आकर सर्विस सड़क व साथ बने नाले पर खड़े हो गये व बिजली देने की मांग करने लगे. इधर कुछ लोगों का पॉवर स्टेशन में मौजूद कर्मी से बहस भी हो गयी. जिसमें धक्का मुक्की के दौरान पॉवर स्टेशन कार्यालय का गेट का कांच टूट गया और एक व्यक्ति के हाथ कटने की वजह से वह घायल हो गया. जिसे स्थानीय लोगों की मदद से सदर अस्पताल लाया गया. ब्लड बंद नहीं होने की वजह से सदर अस्पताल में मौजूद चिकित्सक ने उसे प्राथमिक उपचार के बाद रेफर कर दिया. घाटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची नगर थाना पुलिस ने आक्रोशित लोगों को शांत कराते हुए बिजली व्यवस्था पुनः बहाल करायी. बिजली उपभोक्ताओं ने बिजली विभाग के जेई व कर्मचारी पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि अक्सर देर रात को बेवजह उनके इलाके का बिजली काट दी जाती है. जब उनलोगों के द्वारा बिजली विभाग के हेल्पलाइन नंबर पर कॉल किया जाता है तो उनका कॉल नहीं उठाया जाता है व मोबाइल को फ्लाइट मोड में डाल दिया जाता है. जेई के नंबर पर फोन करने पर फोन नहीं उठाते हैं. लोगों ने जिलाधिकारी से बिजली विभाग के जेई व कर्मचारी पर कार्रवाई करने की मांग की है. वहीं आक्रोशित लोगों ने पावर हाउस पहुंचकर पूरे जिले की बिजली कटवा दी. लोगों का कहना था कि जब उनके यहां बिजली नहीं रहेगी तो कहीं बिजली नहीं रहेगी. तीन ट्रांसफार्मरों के खराब रहने के कारण आयी थी समस्या: जेई इधर मामले को लेकर बिजली विभाग के जेई दीपक कुमार ने बताया कि रविवार की रात्रि 10 बजे के करीब जिले के तीन ट्रांसफॉर्मर में खराबी आ गयी थी. इसके बाद बिजली विभाग द्वारा दो ट्रांसफार्मरों की रिपेयरिंग की गयी. इसी दौरान एक जगह पर बिजली का तार गिर पड़ा. जहां सभी बिजली मिस्त्री गिरे तार को सही करने में लगे थे. इसी बीच जो ट्रांसफार्मर नहीं बन पाया था. उस ट्रांसफार्मर के उपभोक्ताओं के द्वारा बिजली विभाग पहुंचकर हंगामा किया जाने लगा व लगभग दो घंटे के लिए पूरे जिले की बिजली कटवा दी.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar News Desk
यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










