अल्पसंख्यक विद्यार्थियों को मिलेगा 15 हजार तक प्रोत्साहन, आवेदन अब पूरी तरह ऑनलाइन

सुबोध कुमार, जिला अल्पसंख्यक पदाधिकारी | Prabhat Khabar Network
बिहार सरकार ने अल्पसंख्यक विद्यार्थियों के लिए प्रोत्साहन योजना के तहत आवेदन प्रक्रिया को पूरी तरह से डिजिटल कर दिया है. अब पात्र छात्र-छात्राएं ई-कल्याण पोर्टल पर स्वयं ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं. प्रथम श्रेणी में उत्तीर्ण विद्यार्थियों को 10 से 15 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि दी जाएगी.
अररिया : अल्पसंख्यक विद्यार्थी प्रोत्साहन योजना-2026 के तहत आवेदन प्रक्रिया पूरी तरह डिजिटल कर दी गई है. अब पात्र विद्यार्थी ई-कल्याण पोर्टल के माध्यम से स्वयं ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे. निर्धारित अवधि के भीतर पोर्टल पर किए गए आवेदन ही मान्य होंगे.
सहायक निदेशक अल्पसंख्यक कल्याण सुबोध कुमार ने बताया कि योजना के तहत बिहार राज्य मदरसा शिक्षा बोर्ड, पटना से वर्ष 2026 में मौलवी प्रथम श्रेणी से उत्तीर्ण अल्पसंख्यक छात्राओं को 15 हजार रुपये, जबकि फोकानिया प्रथम श्रेणी से उत्तीर्ण अल्पसंख्यक छात्र-छात्राओं को 10 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि दी जाएगी. वहीं बिहार विद्यालय परीक्षा समिति से इंटरमीडिएट प्रथम श्रेणी में उत्तीर्ण केवल अल्पसंख्यक छात्राओं को 15 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि प्रदान की जाएगी.
ऑनलाइन आवेदन के लिए ये दस्तावेज जरूरी
ऑनलाइन आवेदन के दौरान आवेदकों को निवास प्रमाण-पत्र, अंकपत्र, उत्तीर्ण प्रमाण-पत्र, पंजीयन प्रमाण-पत्र, आधार कार्ड, बैंक खाता अथवा रद्द चेक, पासपोर्ट आकार का फोटो एवं हस्ताक्षर की स्व-अभिप्रमाणित स्कैन प्रति अपलोड करनी होगी.
ई-कल्याण पोर्टल पर केवल वर्ष 2026 में फोकानिया, मौलवी एवं इंटरमीडिएट परीक्षा प्रथम श्रेणी से उत्तीर्ण विद्यार्थियों के आवेदन ही स्वीकार किए जाएंगे. ऑनलाइन आवेदन के बाद संबंधित शिक्षण संस्थान के इंस्टीट्यूशन नोडल ऑफिसर आवेदन का सत्यापन करेंगे. इसके बाद आवेदन जिला स्तर से राज्य मुख्यालय भेजा जाएगा. अंतिम स्वीकृति मिलने पर लाभुकों के बैंक खाते में डीबीटी के माध्यम से प्रोत्साहन राशि भेजी जाएगी.
समय सीमा के भीतर आवेदन करने की अपील
जिला अल्पसंख्यक कल्याण कार्यालय ने सभी पात्र छात्र-छात्राओं से समय सीमा के भीतर आवश्यक दस्तावेजों के साथ ऑनलाइन आवेदन कर योजना का लाभ उठाने की अपील की है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










