सुनसरी के कप्तानगंज मामले में सरकार और पीड़ित पक्ष के बीच 6 सूत्री समझौता, शवों के अंतिम संस्कार पर बनी सहमति

Updated:
विज्ञापन
बिराटनगर में पीड़ितों से बात करते नेपाल के गृह मंत्री

बिराटनगर में पीड़ितों से बात करते नेपाल के गृह मंत्री

नेपाल के सुनसरी जिले में रविवार को हुई हिंसक घटना के बाद सरकार और पीड़ित परिवारों के बीच 6 सूत्री लिखित समझौता हो गया है. इस समझौते में शहीद का दर्जा, ₹10 लाख का मुआवजा, निष्पक्ष जांच और सरकारी नौकरी जैसे वादे शामिल हैं. समझौते के बाद मृतकों के अंतिम संस्कार का रास्ता साफ हो गया है और शांति बहाली की उम्मीद है.

विज्ञापन

नेपाल के सुनसरी जिले अंतर्गत देवानगंज ग्रामीण नगरपालिका-3 के कप्तानगंज में रविवार को हुई हिंसक घटना के बाद उत्पन्न तनाव को शांत करने के लिए सरकार और पीड़ित पक्ष के बीच 6 सूत्री लिखित समझौता हो गया है. गृह मंत्रालय और मृतकों के परिजनों के बीच बनी इस सहमति के बाद प्रदर्शनकारियों ने आंदोलन समाप्त करते हुए मृतकों के अंतिम संस्कार के लिए अपनी सहमति दे दी है.

समझौते की 6 मुख्य शर्तें:

  1. शहीद का दर्जा: सरकार घटना में जान गंवाने वाले ओम प्रकाश मेहता और जय प्रकाश मेहता को आधिकारिक रूप से शहीद घोषित करने की प्रक्रिया तुरंत शुरू करेगी.
  2. ₹10 लाख का मुआवजा: दोनों मृतकों के आश्रित परिवारों को राज्य सरकार की ओर से राहत राशि के रूप में ₹10-10 लाख की आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी.
  3. निष्पक्ष जांच व कार्रवाई: रविवार रात हुई घटना की उच्चस्तरीय व निष्पक्ष जांच कराई जाएगी तथा घटना के दोषियों के खिलाफ कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई होगी.
  4. विवादित मदरसे की जांच: स्थानीय स्तर पर विवाद का मुख्य कारण बने देवानगंज-3 स्थित मदरसे की कानूनी वैधता और उससे जुड़े संबंधित मुद्दों की तत्काल प्रशासनिक जांच शुरू की जाएगी.
  5. सरकारी नौकरी: पीड़ित परिवारों को संबल देने के लिए प्रत्येक मृतक के परिवार से एक पात्र सदस्य को रोजगार का अवसर प्रदान किया जाएगा.
  6. स्मृति पार्क का निर्माण: स्थानीय सरकार के समन्वय से उपयुक्त स्थान पर दोनों मृतकों की याद में एक स्मृति पार्क (Memorial Park) का निर्माण कराया जाएगा.

गृह मंत्री और परिजनों ने किए हस्ताक्षर

नेपाल सरकार की ओर से गृह मंत्री सुदन गुरुंग और पीड़ित पक्ष की ओर से अभिभावक नरेश मेहता ने समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर किए हैं. दोनों पक्षों ने इस बात पर सहमति जताई कि घटना की जांच के लिए गठित समिति की रिपोर्ट के आधार पर सिफारिशों को जल्द से जल्द कानूनन लागू किया जाएगा.

आज होगा अंतिम संस्कार, स्थिति सामान्य होने की उम्मीद

सफल समझौते के बाद परिजनों ने दोनों मृतकों का अंतिम संस्कार करने का निर्णय लिया. गृह मंत्री सुदन गुरुंग स्वयं सुनसरी में मौजूद रहकर स्थिति का जायजा ले रहे हैं. इस समझौते के बाद पिछले कुछ दिनों से बेहद तनावपूर्ण बने देवानगंज और आसपास के सीमावर्ती क्षेत्रों में शांति और स्थिति सामान्य होने की उम्मीद जताई जा रही है.


विज्ञापन
सुदीप भारती

लेखक के बारे में

By सुदीप भारती

सुदीप भारती प्रिंट माध्यम में 12 वर्षों से और डिजिटल माध्यम में पिछले 3 सालों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. सिकटी (अररिया) क्षेत्र में काम कर रहे हैं. सामाजिक कार्यों, शिक्षा, राजनीति व खेल में रुचि रखते हैं.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन