कस्तूरबा विद्यालय में छात्राओं से राशन और गैस सिलिंडर ढुलवाने का वीडियो वायरल, शिक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

Updated:
विज्ञापन

फोटो- राशन ढोती स्कूली छात्राएं | Prabhat Khabar Network

अररिया के कस्तूरबा विद्यालय में पढ़ाई की जगह छात्राओं से राशन और गैस सिलिंडर ढुलवाने का वीडियो वायरल, शिक्षा व्यवस्था पर उठे गंभीर सवाल।

विज्ञापन

Araria Kasturba School: बथनाहा (अररिया). थाना क्षेत्र के सोनापुर पंचायत स्थित कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय का एक कथित वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. वीडियो में छात्राओं से विद्यालय का सामान ढुलवाते हुए दिखाया गया है. मामले के सामने आने के बाद विद्यालय की कार्यप्रणाली और छात्राओं से कराए जा रहे कार्यों को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं.

वीडियो में राशन और गैस सिलिंडर उठाती दिखीं छात्राएं

वायरल वीडियो में कुछ छात्राएं ई-रिक्शा से आलू-प्याज की बोरियां और भारी गैस सिलिंडर उठाकर विद्यालय परिसर के अंदर ले जाती नजर आ रही हैं. वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से साझा किया जा रहा है. हालांकि इसकी स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है.

झाड़ू, बर्तन और सफाई कराने के भी आरोप

स्थानीय लोगों का आरोप है कि विद्यालय में छात्राओं से झाड़ू लगवाने, आलू-प्याज छिलवाने, बर्तन धुलवाने और बाथरूम की सफाई जैसे कार्य भी कराए जाते हैं. यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो यह छात्राओं के अधिकारों और विद्यालय के संचालन पर गंभीर प्रश्न खड़े करता है.

अभिभावकों और ग्रामीणों में नाराजगी

मामले के सामने आने के बाद अभिभावकों और ग्रामीणों ने नाराजगी जताई है. उनका कहना है कि छात्राओं को शिक्षा प्राप्त करने के लिए विद्यालय भेजा जाता है, न कि उनसे श्रम कराया जाए. उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है.

शिक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

Araria Kasturba School: शिक्षाविदों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने भी इस घटना पर चिंता व्यक्त की है. उनका कहना है कि आवासीय विद्यालयों का उद्देश्य छात्राओं को सुरक्षित वातावरण और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना है. ऐसे आरोपों की निष्पक्ष जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जानी चाहिये.


विज्ञापन
Vinay Kumar

लेखक के बारे में

By Vinay Kumar

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन