जश्न-ए-ईद मिलादुन्नबी पर जोगबनी में उमड़ा जनसैलाब, सादगी से निकला जुलूस
जुलूस में शामिल लोग. | Prabhat Khabar Network
जोगबनी में ईद मिलादुन्नबी के मौके पर भव्य जुलूस-ए-मुहम्मदी निकाला गया। पैगंबर साहब का जन्मोत्सव सादगी और अमन के साथ मनाया गया।
अररिया : पैगंबर हजरत मोहम्मद सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम के जन्मोत्सव ईद उल मिलादुन्नबी के मौके पर जोगबनी में सोमवार को जुलूस-ए-मुहम्मदी निकाला गया. शहर के इंदिरा नगर, हाजी मोहल्ला और अमौना स्थित मदरसा परिसरों से निकले जुलूस में बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए.
आपके शहर में
अलग-अलग इलाकों से निकला जुलूस
इंदिरा नगर से निकला जुलूस मुख्य बाजार, छोटी मस्जिद, अहमदपुर, इस्लामपुर, थाना के पीछे वाली सड़क, नेताजी चौक और रेलवे ढाला होते हुए खजूरबाड़ी मदरसा और टिकुलिया पहुंचकर समाप्त हुआ. वहीं अमौना सिद्दीकी टोला मदरसा से निकला जुलूस मीरगंज, अमौना, नगरमोरा, रिकटगंज और बथनाहा होते हुए वापस मदरसा परिसर पहुंचा.
नारों से गूंजा शहर
जुलूस के दौरान पूरा शहर धार्मिक नारों से गूंजता रहा. बड़ी संख्या में लोगों ने सादगी के साथ जुलूस में हिस्सा लिया. घरों और मस्जिदों में मिलाद शरीफ, कुरआनखानी और फातिहा का आयोजन किया गया. मस्जिदों को फूलों और झालरों से सजाया गया, जबकि कई घरों की छतों पर हरे इस्लामी झंडे लगाए गए. कार्यक्रम की शुरुआत कुरआन-ए-पाक की तिलावत से हुई.
उलेमाओं ने दिया अमन और भाईचारे का संदेश
इस अवसर पर उलेमाओं ने पैगंबर हजरत मोहम्मद साहब के जीवन और उनके संदेशों को याद करते हुए कहा कि उनकी जिंदगी पूरी मानवता के लिए प्रेरणा और आदर्श है. उन्होंने लोगों से नबी के बताए रास्ते पर चलने और आपसी भाईचारा बनाए रखने का संदेश दिया.
सुरक्षा व्यवस्था रही पुख्ता
जुलूस को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए नगर प्रशासन और पुलिस की ओर से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे. कार्यपालक पदाधिकारी मयंक कुमार और जोगबनी थानाध्यक्ष धन प्रसाद के नेतृत्व में पुलिस बल तैनात रहा. रेलवे स्टेशन रोड और आसपास के क्षेत्रों में रेल पुलिस ने भी रेल थानाध्यक्ष जितनारायण हेम्ब्रम के नेतृत्व में सुरक्षा व्यवस्था संभाली.
बड़ी संख्या में लोग हुए शामिल
जुलूस में मुशर्रफ हयात, डिफेंडर क्लब अध्यक्ष मुदस्सर हयात, नब्बू मियां, फिरोज अंसारी, मजहरुल हक, कौशले अंसारी, मुजफ्फर हयात, मुन्ना खान, पार्षद प्रतिनिधि मोहम्मद रियाज, पूर्व मुख्य पार्षद नरेश प्रसाद, मोहम्मद असलम, विजय अली, छात्र नेता अंजार अहमद, खुशरु अंसारी समेत बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए