फारबिसगंज: 10 साल से बंद पड़ी हैं नगर परिषद की दर्जन भर दुकानें, शटर को खा रहा जंग
बंद पड़ी दुकानें.
फारबिसगंज के फैंसी मार्केट में 10 साल से बंद पड़ी नगर परिषद की दुकानों से राजस्व का भारी नुकसान हो रहा है। प्रशासन आवंटन को लेकर अब तक उदासीन बना हुआ है।
फारबिसगंज (अररिया). शहर के मध्य स्थित प्रसिद्ध फैंसी मार्केट परिसर में नगर परिषद द्वारा 10 वर्ष पूर्व लाखों की लागत से बनाई गई लगभग एक दर्जन पक्की दुकानें आज तक आवंटित नहीं हो सकीं. बंदोबस्ती नहीं होने से दुकानों की प्लास्टर झड़ रही है और शटर में जंग लग गया है. इससे नगर परिषद को राजस्व का भी नुकसान हो रहा है.
आपके शहर में
2017 में समेकित विकास योजना से बनायी गयी थींदुकानें
बताया जाता है कि पूर्व मुख्य पार्षद अनूप कुमार जयसवाल के कार्यकाल में वर्ष 2017 में समेकित विकास योजना (योजना संख्या 81/2016-17) के तहत 14 लाख 77 हजार 940 रुपये की लागत से इन दुकानों का निर्माण कराया गया था. निर्माण के बाद शटर और रंग-रोगन कर दुकानों को बंद कर दिया गया. तब से शटर के पास कचरा फेंका जा रहा है, जिससे दीवारें बदरंग हो गई हैं.
संवेदक ने दुकानें कर दी हैं हैंडओवर
नगर परिषद के जानकारों के अनुसार संबंधित संवेदक ने दुकानें परिषद को हैंडओवर भी कर दीं, लेकिन प्रशासन ने बंदोबस्ती में कोई दिलचस्पी नहीं दिखाई. बुद्धिजीवियों का कहना है कि समय पर आवंटन होता तो लोगों को रोजगार मिलता और परिषद को किराया के रूप में राजस्व प्राप्त होता.
कहतीं हैं पार्षद
केवल फैंसी मार्केट ही नहीं, सुभाष चौक स्थित सरयू मिश्र मुख्य बस पड़ाव परिसर में बनी दुकानों की भी यही स्थिति है. इस संबंध में मुख्य पार्षद वीणा देवी ने कहा कि आगामी बोर्ड की बैठक में इस मामले को रखा जाएगा व विभागीय नियमों के अनुसार जल्द ही बंदोबस्ती व आवंटन की प्रक्रिया पूरी की जाएगी.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए