फारबिसगंज नगर परिषद कर्मचारियों की हड़ताल, तीन सूत्री मांगों को लेकर जोरदार प्रदर्शन, सरकार को चेतावनी
फोटो कैप्शन -:--- नप कार्यालय में प्रदर्शन कर रहे नप कर्मचारीगण | Prabhat Khabar Network
फारबिसगंज नगर परिषद के कर्मचारी अपनी तीन सूत्री मांगों को लेकर गुरुवार को हड़ताल पर रहे. नियमितीकरण, सेवा सुरक्षा और एसीपी-एमएसीपी योजना लागू करने की मांग को लेकर कर्मचारियों ने जोरदार प्रदर्शन किया. ज्ञापन सौंपकर उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और व्यापक बनाया जाएगा.
Araria News: अररिया जिले के फारबिसगंज नगर परिषद परिसर में गुरुवार को नगर परिषद कर्मचारियों ने अपनी तीन सूत्री मांगों के समर्थन में हड़ताल करते हुए जोरदार प्रदर्शन किया.
प्रदर्शन के दौरान कर्मचारियों ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और नगर निकाय कर्मचारियों की लंबित मांगों पर तत्काल कार्रवाई की मांग की.
संयुक्त संघर्ष मोर्चा के आह्वान पर हड़ताल
यह हड़ताल बिहार लोकल बॉडीज इम्प्लाइज फेडरेशन और बिहार राज्य स्थानीय निकाय कर्मचारी संघ संयुक्त संघर्ष मोर्चा के आह्वान पर आयोजित की गई.
प्रदर्शन की अध्यक्षता नगर परिषद कर्मचारी संघ के अध्यक्ष सूरज कुमार सोनू ने की.
पहली मांग- नियमितीकरण और सेवा सुरक्षा
संघ अध्यक्ष ने बताया कि पहली और सबसे महत्वपूर्ण मांग वर्षों से कार्यरत दैनिक वेतनभोगी, सफाई कर्मियों, संविदा कर्मचारियों और अन्य अस्थायी कर्मियों का नियमितीकरण और उनकी सेवा सुरक्षा सुनिश्चित करना है.
उनका कहना है कि लंबे समय से काम करने के बावजूद बड़ी संख्या में कर्मचारी स्थायी सेवा लाभ से वंचित हैं.
दूसरी मांग- ठेका और आउटसोर्सिंग व्यवस्था समाप्त हो
कर्मचारियों ने नगर निकायों में लागू ठेका और आउटसोर्सिंग व्यवस्था को समाप्त करने की मांग की.
संघ का कहना है कि संबंधित कर्मचारियों को सीधे नगर निकाय कर्मचारी का दर्जा दिया जाए ताकि बिचौलिया व्यवस्था और रोजगार असुरक्षा समाप्त हो सके.
तीसरी मांग- एसीपी और एमएसीपी योजना लागू हो
प्रदर्शनकारियों ने राज्य सरकार के अन्य कर्मचारियों की तरह नगर निकाय कर्मचारियों को भी एसीपी और एमएसीपी योजना का लाभ देने तथा लंबित बकाया राशि का भुगतान करने की मांग की.
संघ अध्यक्ष ने कहा कि अधिकांश कर्मचारी वर्षों से पदोन्नति से वंचित हैं, जिससे उनकी वेतन वृद्धि और सेवा प्रगति प्रभावित हो रही है.
ज्ञापन सौंपकर दी कार्रवाई की चेतावनी
प्रदर्शन के बाद कर्मचारी संघ के प्रतिनिधिमंडल ने नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी, मुख्य पार्षद और उपमुख्य पार्षद को तीन सूत्री मांगों का ज्ञापन सौंपा.
कर्मचारियों ने कहा कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा.
Araria News: बड़ी संख्या में कर्मचारी रहे मौजूद
हड़ताल और प्रदर्शन में चंद्रनाथ चंदन, आर्यन कुमार राय, गुलाम ए. मुस्तफा, भीम मारिक, कामाख्या नारायण सिंह सहित बड़ी संख्या में नगर परिषद कर्मचारी शामिल रहे.
Also Read: पटना में सफाईकर्मियों की हड़ताल आठवें दिन खत्म, सीधे अकाउंट में वेतन व बोनस का मिलेगा लाभ
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By कलीमउद्दीन
कलीमउद्दीन प्रिंट माध्यम में 24 और डिजिटल माध्यम में पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. सामाजिक सरोकार, अपराध, शिक्षा, राजनीतिक खबरों में रुचि रखते हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










