किंग कोहली ने ट्रेविस हेड से नहीं मिलाए हाथ, सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल

ट्रेविस हेड को नज़रअंदाज़ करते हुए विराट कोहली
Virat Kohli Ignore Travis Head: आईपीएल 2026 के 67वें मैच में सनराइजर्स हैदराबाद ने रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु को 55 रनों से शिकस्त दी. इस मुकाबले में ट्रेविस हेड और विराट कोहली काफी चर्चा में रहे. आइए जानते हैं कि इसकी क्या मुख्य वजह रही.
Virat Kohli Ignore Travis Head: मैच के दौरान विराट कोहली और ट्रेविस हेड के बीच किसी बात को लेकर बहस हो गई. मैच खत्म होने के बाद भी विराट कोहली का गुस्सा शांत नहीं हुआ. अब मैच के बाद का उनका एक वीडियो सोशल मीडिया पर काफी वायरल हो रहा है, जिसमें उनका गुस्सा साफ देखा जा सकता है.
कोहली ने किया पूरी तरह से इग्नोर
मैदान पर हुई बहस के बाद विराट कोहली का गुस्सा मैच खत्म होने पर भी शांत नहीं हुआ. जब दोनों टीमों के खिलाड़ी आपस में हाथ मिला रहे थे, तब कोहली सनराइजर्स हैदराबाद के कप्तान पैट कमिंस से हाथ मिलाने के बाद सीधे आगे बढ़ गए. उन्होंने सामने खड़े ट्रेविस हेड को पूरी तरह नजरअंदाज कर दिया और उनसे हाथ मिलाए बिना ही आगे निकल गए. यह वीडियो अब सोशल मीडिया पर खूब चर्चा बटोर रहा है.
हैदराबाद ने खड़ा किया विशाल लक्ष्य
हैदराबाद और बेंगलुरु के बीच खेले गए मुकाबले में जबरदस्त ड्रामा देखने को मिला. इस मैच में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए हैदराबाद ने ईशान किशन की 79, अभिषेक शर्मा की 56 और हेनरिक क्लासेन की तूफानी पारियों की बदौलत 255 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया था. जवाब में RCB की टीम 200 रन ही बना सकी.
विस्फोटक शुरुआत के बाद लड़खड़ाई RCB
256 रनों के बड़े लक्ष्य का पीछा करने उतरी RCB के लिए विराट कोहली और वेंकटेश अय्यर ने पारी की शुरुआत की. अय्यर ने ताबड़तोड़ बल्लेबाजी करते हुए महज़ 19 गेंदों में 44 रन ठोक दिए, लेकिन उन्हें ईशान मलिंगा ने आउट कर दिया. इसके बाद विराट कोहली भी 11 गेंदों में 15 रन बनाकर साकिब हुसैन की गेंद पर कैच आउट हो गए. कप्तान रजत पाटीदार ने 39 गेंदों में 56 रनों की जुझारू पारी खेली, लेकिन इसके बावजूद बेंगलुरु की टीम लक्ष्य से 56 रन दूर रह गई और कुल 200 रन ही बना सकी.
हार के बाद भी नंबर-1 रही आरसीबी
भले ही बेंगलुरु यह मैच हार गई, लेकिन डिफेंडिंग चैंपियन आरसीबी ने इस साल अंक तालिका में पहला स्थान हासिल कर लिया है. दूसरे और तीसरे नंबर पर मौजूद गुजरात टाइटंस और सनराइजर्स हैदराबाद के भी 18-18 अंक है. लेकिन तीनों टीमों में बेंगलुरु का नेट रन रेट (+0.783) सबसे बेहतर है. अंक तालिका में टॉप पर रहने की वजह से अब बेंगलुरु की टीम क्वालीफायर-1 में गुजरात टाइटंस के खिलाफ भिड़ेगी. यह बड़ा मुकाबला 26 मई को धर्मशाला के खूबसूरत मैदान पर खेला जाएगा.
यह भी पढ़े- लखनऊ और पंजाब के मुकाबले पर टिकी दिल्ली-कोलकाता की नजरें, समझें प्लेऑफ का पूरा गणित
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By ऋतु राज
ऋतुराज प्रभात खबर डिजिटल में स्पोर्ट्स कंटेंट राइटर हैं. लीची की नगरी मुजफ्फरपुर (बिहार) से ताल्लुक रखने वाले ऋतुराज के पास डिजिटल खेल पत्रकारिता में 1 साल का गहरा अनुभव है. उन्होंने एशिया के प्रतिष्ठित माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय (MCU) से साल 2025 में मीडिया रिसर्च में मास्टर्स की डिग्री हासिल की है. खेल की हर छोटी-बड़ी और वायरल होती खबरों पर पैनी नजर रखना उनकी खासियत है. उनका मुख्य लक्ष्य प्रभात खबर के पाठकों तक खेल जगत की हर सटीक और विश्लेषण से भरी खबर सबसे पहले पहुंचाना है. पढ़ने और क्रिकेट खेलने के शौकीन ऋतुराज खेल को सिर्फ कवर नहीं करते, बल्कि उसकी बारीकियों को जीते हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










