Akriti-Prithvi Breakup: आखिर कौन हैं आकृति अग्रवाल? क्यों उन्होंने क्रिकेटर पृथ्वी शॉ से तोड़ा रिश्ता?
आकृति और पृथ्वी की साथ में पुरानी तस्वीर — फोटो: सोशल मीडिया
भारतीय क्रिकेटर पृथ्वी शॉ और उनकी मंगेतर, कंटेंट क्रिएटर आकृति अग्रवाल ने अपनी सगाई खत्म कर ली है. जानिए कौन हैं आकृति और क्या थी सगाई टूटने की वजह.
Prithvi Shaw-Akriti Agarwal Breakup: भारतीय क्रिकेटर पृथ्वी शॉ की निजी जिंदगी एक बार फिर चर्चा में है. शॉ और उनकी मंगेतर आकृति अग्रवाल ने अपनी सगाई खत्म करने का फैसला किया है. दोनों ने इसी साल मार्च में सगाई की थी और इसके बाद से फैंस उनकी शादी का इंतजार कर रहे थे. हालांकि, करीब छह महीने बाद ही दोनों ने अपने रास्ते अलग कर लिए है. आकृति अग्रवाल ने यह सूचना अपने इंस्टाग्राम हैंडल से दी है. जानिए आखिर कौन हैं आकृति अग्रवाल और उन्होंने अपने पोस्ट में किया लिखा?
कौन हैं आकृति अग्रवाल?
View on Instagram
आकृति अग्रवाल एक डिजिटल कंटेंट क्रिएटर, सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर और अभिनेत्री हैं. उनका जन्म 2 मई 2003 को उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में हुआ था. उनकी शुरुआती पढ़ाई भी लखनऊ में हुई. आगे की पढ़ाई के लिए उनका परिवार मुंबई शिफ्ट हो गया. आकृति ने मुंबई के निर्मला मेमोरियल फाउंडेशन कॉलेज से बैचलर ऑफ मैनेजमेंट स्टडीज (BMS) की पढ़ाई की. पढ़ाई के साथ ही सोशल मीडिया पर उनकी पहचान बननी शुरू हो गई.
लॉकडाउन में शुरू किया कंटेंट बनाना
आकृति ने कोविड-19 लॉकडाउन के दौरान सोशल मीडिया पर वीडियो बनाना शुरू किया था. शुरुआत में वह डांस और लिप-सिंक से जुड़े वीडियो पोस्ट करती थीं. धीरे-धीरे उनके वीडियो को लोगों का अच्छा रिस्पॉन्स मिलने लगा और उनकी सोशल मीडिया फॉलोइंग बढ़ती चली गई. आज आकृति की पहचान एक डिजिटल क्रिएटर के तौर पर है. इंस्टाग्राम पर उनके 31 लाख से ज्यादा फॉलोअर्स हैं, जबकि YouTube पर भी उनके हजारों सब्सक्राइबर हैं. सोशल मीडिया कंटेंट के अलावा उन्होंने एक्टिंग की दुनिया में भी कदम रखा है.
एक्टिंग में भी आजमा चुकी हैं हाथ
डिजिटल दुनिया में पहचान बनाने के बाद आकृति ने एक्टिंग की तरफ भी रुख किया. उन्होंने मनोवैज्ञानिक थ्रिलर फिल्म ‘त्रिमुखा’ के जरिए अभिनेत्री के तौर पर डेब्यू किया है.
कैसे शुरू हुई पृथ्वी शॉ और आकृति की कहानी?
आकृति और पृथ्वी शॉ के रिश्ते की चर्चा तब शुरू हुई, जब दोनों को एक साथ देखा जाने लगा. हालांकि, दोनों ने अपने रिश्ते को लेकर लंबे समय तक ज्यादा जानकारी सार्वजनिक नहीं की.
इसके बाद 8 मार्च 2026 को दोनों ने अपनी सगाई की खबर सार्वजनिक की. पृथ्वी शॉ ने इंस्टाग्राम पर रोमांटिक अंदाज में सगाई की घोषणा की थी. इसके बाद दोनों की तस्वीरें और सोशल मीडिया पोस्ट फैंस के बीच चर्चा में रहने लगीं. मई में पृथ्वी ने आकृति के जन्मदिन पर भी उनके लिए पोस्ट शेयर की थी. उस समय दोनों के रिश्ते को लेकर तस्वीर काफी अलग नजर आ रही थी और फैंस उनकी शादी की उम्मीद कर रहे थे.
क्या ‘चीटिंग’ वाली पोस्ट से जुड़ा है मामला?
जुलाई 2026 में आकृति की एक इंस्टाग्राम स्टोरी सोशल मीडिया पर चर्चा में आई थी. इसमें उन्होंने कथित तौर पर खुद के साथ धोखा होने की बात लिखी थी. बाद में इसका स्क्रीनशॉट सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर शेयर किया गया और इसे पृथ्वी शॉ से जोड़कर देखा गया. हालांकि, उस पोस्ट में पृथ्वी शॉ का नाम नहीं लिया गया था. इसलिए उस कथित पोस्ट को दोनों के रिश्ते के टूटने की निश्चित वजह के तौर पर पेश नहीं किया जा सकता.
अब आगे साथ नहीं चल सकते
View on Instagram
रिश्ता खत्म होने की जानकारी आकृति अग्रवाल ने गुरुवार, 17 सितंबर को सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए दी. अपने भावुक बयान में उन्होंने कहा कि दोनों ने भविष्य को लेकर अपने अलग-अलग लक्ष्यों और मौजूदा परिस्थितियों को देखते हुए आपसी सहमति से अलग होने का फैसला किया है.
आकृति ने यह भी साफ किया कि दोनों के बीच प्यार और परवाह अभी भी है, लेकिन उन्होंने स्वीकार किया है कि उनके रास्ते अब साथ चलने के लिए नहीं बने हैं. उन्होंने लोगों से इस मुश्किल वक्त में उनकी निजता का सम्मान करने और रिश्ते के पीछे की वजहों को लेकर अटकलें नहीं लगाने की अपील भी की.
पोस्ट में किसी को नहीं ठहराया आरोपी
सगाई टूटने की वजह को लेकर सोशल मीडिया पर कई तरह की चर्चाएं हैं, लेकिन आकृति ने अपने आधिकारिक बयान में किसी व्यक्ति पर आरोप नहीं लगाया और न ही किसी एक घटना को रिश्ता टूटने की वजह बताया.
उन्होंने कहा कि दोनों के भविष्य को लेकर लक्ष्य और परिस्थितियां अलग हैं. इन्हीं बातों को देखते हुए दोनों ने आपसी सहमति से अलग होने का फैसला किया है. आकृति ने अपने बयान में दोनों के बीच प्यार और परवाह होने की बात भी कही और लोगों से रिश्ते के पीछे की वजहों को लेकर अनुमान लगाने से बचने को कहा.
ये भी पढ़ें: Richest Cricket Board: आखिर कौन है दुनिया का सबसे अमीर क्रिकेट बोर्ड? देखें टॉप-10 की पूरी लिस्ट
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए