वेस्टइंडीज दौरे पर श्रीलंका की जोरदार वापसी, दूसरे टी20 में मेजबान टीम को 37 रनों से रौंदा
Published by : Swayam Rishi Updated At : 14 Jun 2026 12:04 PM
श्रीलंकाई बल्लेबाज ( फोटो : सोशल मीडिया )
SL vs WI T20I: दुसरे टी20 में श्रीलंका ने शानदार वापसी करते हुए वेस्टइंडीज को 37 रनों से हरा दिया है. 3 मैचों की सीरीज अब 1-1 के बराबरी पर है.
SL vs WI T20I: श्रीलंका क्रिकेट टीम ने वेस्टइंडीज के खिलाफ दूसरे टी20 मुकाबले में शानदार खेल दिखाते हुए 37 रनों से धमाकेदार जीत दर्ज की है. सबीना पार्क में खेले गए इस मुकाबले में जीत के साथ ही श्रीलंका ने 3 मैचों की टी20 सीरीज में 1-1 की बराबरी कर ली है. पहले मैच में हार का सामना करने के बाद श्रीलंकाई खिलाड़ियों ने इस मैच में हर विभाग में वेस्टइंडीज को पूरी तरह पछाड़ दिया.
श्रीलंका ने बनाया विशाल स्कोर
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी श्रीलंकाई टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही और उसने महज 43 रन पर अपने 3 विकेट गंवा दिए थे. लेकिन इसके बाद कामिल मिशरा और अनुभवी दासुन शनाका ने मोर्चा संभाला. दोनों ने वेस्टइंडीज के गेंदबाजों की धज्जियां उड़ाते हुए छठे विकेट के लिए महज 39 गेंदों में 100 रनों की ताबड़तोड़ साझेदारी कर डाली.कामिल मिशरा ने 40 गेंदों में 4 चौकों और 3 छक्कों की मदद से नाबाद 61 रन बनाए. वहीं, दासुन शनाका ने मैदान के चारों तरफ शॉट खेलते हुए सिर्फ 24 गेंदों में 58 रनों की तूफानी पारी खेली, जिसमें 5 चौके और 4 गगनचुंबी छक्के शामिल थे. इन पारियों की बदौलत श्रीलंका ने निर्धारित 20 ओवरों में 6 विकेट खोकर 194 रनों का मजबूत स्कोर खड़ा किया. वेस्टइंडीज की ओर से शमर जोसेफ सबसे सफल गेंदबाज रहे, जिन्होंने 3 विकेट चटकाए.
बिखरा वेस्टइंडीज का मजबूत बैटिंग ऑर्डर
195 रनों के विशाल लक्ष्य का पीछा करने उतरी कैरेबियाई टीम की शुरुआत बेहद खराब रही। सलामी बल्लेबाज शाई होप (6) और ब्रैंडन किंग (0) सस्ते में पवेलियन लौट गए. इसके बाद शिमरॉन हेटमायर (36) और कप्तान रोवमैन पॉवेल (43) ने पारी को संभालने की कोशिश की और तेजी से रन बटोरे. एक समय वेस्टइंडीज का स्कोर 90 रन पर 2 विकेट था और वे मजबूत स्थिति में दिख रहे थे, लेकिन श्रीलंकाई गेंदबाजों ने मैच का पासा पलट दिया. हेटमायर के रन-आउट होते ही कैरेबियाई पारी ताश के पत्तों की तरह ढह गई। वेस्टइंडीज ने अपने आखिरी 8 विकेट सिर्फ 67 रनों के भीतर गंवा दिए और पूरी टीम 18.1 ओवरों में 157 रनों पर ढेर हो गई.
चमीरा और हसरंगा की शानदार गेंदबाजी
श्रीलंका की इस शानदार जीत के हीरो उनके गेंदबाज रहे. तेज गेंदबाज दुष्मंथा चमीरा ने धारदार गेंदबाजी करते हुए 3.1 ओवर में सिर्फ 9 रन देकर 3 महत्वपूर्ण विकेट हासिल किए. वहीं, स्टार स्पिनर वानिंदु हसरंगा ने भी कसी हुई गेंदबाजी करते हुए 3 विकेट अपने नाम किए. दुनिथ वेलालगे को भी 2 सफलताएं मिलीं. अब सीरीज का तीसरा और निर्णायक मुकाबला तय करेगा कि इस ट्रॉफी पर कौन कब्जा जमाता है.
ये भी पढ़े : कैंपबेल की एतिहासिक पारी, वेस्टइंडीज ने रोमांचक मुकाबले में चैंपियन न्यूजीलैंड को 7 विकेट से हराया
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










