वैभव सूर्यवंशी की तूफानी पारी ने जीता शशि थरूर का दिल, जानिए क्यों वायरल हो रहा सांसद का पोस्ट

कांग्रेस सांसद शशि थरूर और वैभव सूर्यवंशी (एक्स)
Shashi Tharoor on Vaibhav Suryavanshi: भारतीय क्रिकेट के उभरते सितारे वैभव सूर्यवंशी ने जिम्बाब्वे के खिलाफ टी20 मैच में 15 साल की उम्र में 18 गेंदों पर अर्धशतक लगाकर नया कीर्तिमान स्थापित किया है. उनकी इस तूफानी पारी ने क्रिकेट जगत का ध्यान खींचा है, और कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने भी उनकी सराहना की है.
Shashi Tharoor on Vaibhav Suryavanshi: भारतीय क्रिकेट के उभरते सितारे वैभव सूर्यवंशी ने एक बार फिर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा दिया है. जिम्बाब्वे के खिलाफ पहले टी20 मुकाबले में इस युवा बल्लेबाज ने ऐसी तूफानी पारी खेली, जिसने क्रिकेट जगत का ध्यान अपनी ओर खींच लिया. महज 15 साल 118 दिन की उम्र में वैभव ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सबसे कम उम्र में अर्धशतक लगाने का रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया. हरारे में खेले गए मुकाबले में वैभव ने सिर्फ 18 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया और अपनी आक्रामक बल्लेबाजी से भारत को लक्ष्य तक बेहद आसानी से पहुंचा दिया. उनकी इस पारी ने न सिर्फ टीम इंडिया को जीत दिलाई, बल्कि रिकॉर्ड बुक में भी उनका नाम दर्ज करा दिया.
शशि थरूर ने की वैभव की जमकर तारीफ
वैभव सूर्यवंशी की इस ऐतिहासिक पारी से कांग्रेस सांसद और क्रिकेट प्रेमी शशि थरूर भी काफी प्रभावित हुए. उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर युवा बल्लेबाज की तारीफ करते हुए लिखा.
"वैभव! भारत के लिए पहला अर्धशतक, वो भी सिर्फ 18 गेंदों में. What a phenomenon! आज के लिए इतना काफी है, लेकिन मुझे उनसे आगे भी कई बड़ी पारियों की उम्मीद है."
थरूर की यह पोस्ट सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गई. क्रिकेट प्रशंसकों ने भी वैभव की जमकर सराहना की और उन्हें भारतीय क्रिकेट का भविष्य बताया.
सबसे कम उम्र में T20I फिफ्टी लगाने वाले बल्लेबाज
- 15 साल 118 दिन – वैभव सूर्यवंशी (भारत) बनाम जिम्बाब्वे, हरारे, 2026
- 16 साल 56 दिन – लुई ब्रूस (जिब्राल्टर) बनाम माल्टा, अल्बेरिया, 2021
- 16 साल 76 दिन – काविन चड्ढा (इंडोनेशिया) बनाम स्वीडन, बाली, 2026
- 16 साल 89 दिन – अलुसीन तुरे (सिएरा लियोन) बनाम घाना, बेनानी, 2023
- 16 साल 118 दिन – तेनजिन राबगे (भूटान) बनाम चीन, कुआलालंपुर, 2023
फुल मेंबर टीमों में भी सबसे आगे निकले वैभव
फुल मेंबर टीमों की बात करें तो वैभव सूर्यवंशी ने अफगानिस्तान के रहमानुल्लाह गुरबाज का रिकॉर्ड भी तोड़ दिया. गुरबाज ने 2019 में जिम्बाब्वे के खिलाफ चटगांव में 17 साल 296 दिन की उम्र में अपना पहला T20I अर्धशतक लगाया था.
18 गेंदों में अर्धशतक, बल्ले से बरपा कहर
जिम्बाब्वे ने भारत के सामने जीत के लिए 126 रनों का लक्ष्य रखा था. लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम को वैभव सूर्यवंशी ने शुरुआत से ही तेज गति प्रदान की. उन्होंने मैदान के चारों ओर शानदार शॉट लगाए और जिम्बाब्वे के गेंदबाजों पर दबाव बना दिया. वैभव ने अपनी पारी में 18 गेंदों पर 50 रन बनाए. इस दौरान उनके बल्ले से चार चौके और चार गगनचुंबी छक्के निकले. उनका स्ट्राइक रेट 263.16 रहा. उनकी विस्फोटक बल्लेबाजी की बदौलत भारत ने महज 13.2 ओवर में सात विकेट से मुकाबला अपने नाम कर लिया.
इंग्लैंड सीरीज की आलोचना का दिया जवाब
जिम्बाब्वे के खिलाफ इस शानदार प्रदर्शन से पहले इंग्लैंड के खिलाफ टी20 सीरीज में वैभव का प्रदर्शन अपेक्षा के अनुरूप नहीं रहा था. शुरुआती तीन पारियों में वह केवल 14, 13 और 15 रन ही बना सके थे. इसके बाद उनके चयन और अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के लिए उनकी तैयारी को लेकर सवाल उठने लगे थे. लेकिन वैभव ने आलोचनाओं का जवाब अपने बल्ले से दिया. जिम्बाब्वे के खिलाफ उनकी आक्रामक पारी ने दिखा दिया कि बड़े मंच पर प्रदर्शन करने की क्षमता उनमें मौजूद है.
इसे भी पढ़े- जब मैदान पर उतरे एक ही जन्मदिन वाले दो भारतीय गेंदबाज, भारत-जिम्बाब्वे मैच में बना क्रिकेट का दुर्लभ संयोग
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By ऋतु राज
ऋतुराज प्रभात खबर डिजिटल में स्पोर्ट्स कंटेंट राइटर हैं. लीची की नगरी मुजफ्फरपुर (बिहार) से ताल्लुक रखने वाले ऋतुराज के पास डिजिटल खेल पत्रकारिता में 1 साल का गहरा अनुभव है. उन्होंने एशिया के प्रतिष्ठित माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय (MCU) से साल 2025 में मीडिया रिसर्च में मास्टर्स की डिग्री हासिल की है. खेल की हर छोटी-बड़ी और वायरल होती खबरों पर पैनी नजर रखना उनकी खासियत है. उनका मुख्य लक्ष्य प्रभात खबर के पाठकों तक खेल जगत की हर सटीक और विश्लेषण से भरी खबर सबसे पहले पहुंचाना है. पढ़ने और क्रिकेट खेलने के शौकीन ऋतुराज खेल को सिर्फ कवर नहीं करते, बल्कि उसकी बारीकियों को जीते हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










