Sanju Samson: संजू सैमसन का बड़ा फैसला, केरल क्रिकेट लीग 2026 से खुद को किया अलग

Updated:
विज्ञापन

केरल क्रिकेट लीग की नीलामी में नहीं दिखेंगे संजू सैमसन

Sanju Samson: भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार विकेटकीपर-बल्लेबाज संजू सैमसन ने केरल क्रिकेट लीग (KCL) 2026 के तीसरे सीजन से खुद को अलग कर लिया है. 11 जुलाई को होने वाली खिलाड़ियों की नीलामी में उनका नाम शामिल नहीं होगा. इस फैसले के पीछे की वजह अभी सामने नहीं आई है.

विज्ञापन

Sanju Samson: अब 31 वर्षीय बल्लेबाज ने एक और चौंकाने वाला फैसला लिया है. मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, संजू सैमसन ने केरल क्रिकेट लीग (KCL) 2026 के तीसरे सीजन से खुद को अलग कर लिया है. वह 11 जुलाई को तिरुवनंतपुरम में होने वाली खिलाड़ियों की नीलामी का हिस्सा नहीं होंगे.

विज्ञापन

नीलामी में नहीं होगा संजू का नाम

केरल क्रिकेट लीग 2026 की नीलामी में कुल 156 खिलाड़ियों पर बोली लगाई जाएगी, लेकिन इस सूची में संजू सैमसन का नाम शामिल नहीं है. पिछले सीजन में संजू कोच्चि ब्लू टाइगर्स टीम का हिस्सा थे. हालांकि फ्रेंचाइजी ने उन्हें इस बार रिलीज कर दिया था. माना जा रहा था कि रिलीज होने के बाद वह दोबारा नीलामी में उतरेंगे, लेकिन उन्होंने ऐसा नहीं किया.

KCA को दी जानकारी

रिपोर्ट्स के अनुसार, संजू सैमसन ने केरल क्रिकेट एसोसिएशन (KCA) को पहले ही सूचित कर दिया है कि वह इस वर्ष केरल क्रिकेट लीग में हिस्सा नहीं लेंगे. हालांकि, उन्होंने टूर्नामेंट से हटने का फैसला क्यों लिया, इस बारे में अभी तक कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है. न तो संजू की ओर से और न ही KCA की ओर से इसके पीछे की वजह का खुलासा किया गया है.

लीग के लिए बड़ा झटका

संजू सैमसन के बाहर होने को केरल क्रिकेट लीग के लिए बड़ा नुकसान माना जा रहा है. संजू केवल केरल के सबसे बड़े क्रिकेट सितारे ही नहीं हैं, बल्कि भारतीय टीम के नियमित चेहरों में भी शामिल हैं. राज्य के साथ-साथ देश और विदेश में भी उनकी बड़ी फैन फॉलोइंग है. ऐसे में उनके नहीं खेलने से टूर्नामेंट की लोकप्रियता और दर्शकों की रुचि पर असर पड़ सकता है.

पिछली नीलामी में बने थे सबसे महंगे खिलाड़ी

पिछले KCL सीजन में संजू सैमसन सबसे महंगे खिलाड़ी साबित हुए थे. कोच्चि ब्लू टाइगर्स ने उन्हें 26.80 लाख रुपये की रिकॉर्ड बोली लगाकर अपनी टीम में शामिल किया था. यही वजह थी कि इस बार भी उनसे बड़ी बोली की उम्मीद की जा रही थी, लेकिन उन्होंने नीलामी में हिस्सा ही नहीं लेने का फैसला कर सबको हैरान कर दिया.

कब से शुरू होगा KCL 2026

केरल क्रिकेट लीग का तीसरा सीजन 20 अगस्त से 5 सितंबर 2026 तक खेला जाएगा. इसी दौरान भारतीय टीम श्रीलंका दौरे पर टेस्ट सीरीज खेलेगी. हालांकि संजू सैमसन टेस्ट टीम का हिस्सा नहीं हैं, इसलिए उनके KCL से हटने का कारण इस व्यस्त अंतरराष्ट्रीय कार्यक्रम को भी नहीं माना जा सकता.

फॉर्म को लेकर भी रहे चर्चा में

हाल के दिनों में संजू सैमसन का प्रदर्शन चर्चा का विषय रहा है. टी20 विश्व कप में शानदार प्रदर्शन के बाद उनसे लगातार बड़ी पारियों की उम्मीद थी, लेकिन आयरलैंड और इंग्लैंड के खिलाफ टी20 मुकाबलों में वे उम्मीदों पर खरे नहीं उतर सके. इसके बाद उन्हें प्लेइंग इलेवन से बाहर बैठना पड़ा और फिर जिम्बाब्वे दौरे के लिए भी चयनकर्ताओं ने उन्हें नजरअंदाज कर दिया.

आखिर क्यों हटे संजू?

फिलहाल सबसे बड़ा सवाल यही है कि आखिर संजू सैमसन ने केरल क्रिकेट लीग 2026 से दूरी बनाने का फैसला क्यों लिया. अब तक इसकी कोई आधिकारिक वजह सामने नहीं आई है. ऐसे में फैंस और क्रिकेट एक्सपर्ट लगातार इस फैसले के पीछे की असली वजह जानने का इंतजार कर रहे हैं. आने वाले दिनों में संजू या केरल क्रिकेट एसोसिएशन की ओर से इस संबंध में कोई बयान आता है या नहीं, इस पर सभी की नजरें रहेंगी.

इसे भी पढ़े- FIFA World Cup 2026: VAR सिस्टम में हुआ बड़ा बदलाव, अब स्टेडियम से ही लिए जाएंगे फैसले


विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola