CWG 2026: खेल मंत्री मनसुख मांडविया ने भारत की जीत पर जताई खुशी, खिलाड़ियों को दी शुभकामनाएं

Updated:
विज्ञापन
केंद्रीय युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्री मनसुख मांडविया खेल का लुत्फ उठाते हुए (एक्स)

केंद्रीय युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्री मनसुख मांडविया खेल का लुत्फ उठाते हुए (एक्स)

Mansukh Mandaviya: ग्लासगो में कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में भारतीय खिलाड़ियों ने बॉल्स मुकाबलों में शानदार प्रदर्शन के साथ शुरुआत की है. महिला जोड़ी ने आखिरी गेंद पर जीत दर्ज की, वहीं पुतुल सोनोवाल ने वर्ल्ड चैंपियन को हराकर बड़ा उलटफेर किया.

विज्ञापन

Mansukh Mandaviya: ग्लासगो में आयोजित कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 के बॉल्स मुकाबलों में भारत ने दमदार शुरुआत करते हुए पहले ही दिन शानदार प्रदर्शन किया. भारतीय महिला जोड़ी पिंकी सिंह और रूपा रानी तिर्की ने महिला पेयर्स प्रतियोगिता में माल्टा को रोमांचक मुकाबले में हराया, जबकि पुरुष एकल वर्ग (Men's Singles) में मौजूदा एशियाई चैंपियन पुतुल सोनोवाल ने वर्ल्ड चैंपियन कनाडा के रयान बेस्टर को शिकस्त देकर प्रतियोगिता का सबसे बड़ा उलटफेर कर दिया. इन दोनों जीतों के बाद केंद्रीय युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्री मनसुख मांडविया ने भारतीय खिलाड़ियों की सराहना करते हुए उनके प्रदर्शन को देश के लिए गर्व का क्षण बताया.

महिला जोड़ी में आखिरी गेंद पर मिली जीत

महिला जोड़ी के सेक्शनल ग्रुप मुकाबले में भारत की पिंकी सिंह और रूपा रानी तिर्की की जोड़ी ने माल्टा की रेबेका लुईस रिक्सन और कॉनी-ली रिक्सन का सामना किया. मुकाबले की शुरुआत भारतीय जोड़ी ने शानदार अंदाज में की. रूपा रानी तिर्की ने शुरुआती एंड्स में बेहतरीन नियंत्रण दिखाया, जबकि पिंकी सिंह की सटीक डिलीवरी के दम पर भारत ने 2-0 की बढ़त बना ली. हालांकि माल्टा की जोड़ी ने वापसी करते हुए मुकाबले को बराबरी पर ला दिया, जिसके बाद विजेता का फैसला टाईब्रेक से हुआ. टाईब्रेक में पिंकी सिंह की निर्णायक और सटीक गेंद जैक के सबसे करीब जाकर रुकी, जिससे भारत ने यादगार जीत दर्ज की. यह मुकाबला दर्शकों के लिए बेहद रोमांचक रहा और आखिरी गेंद तक परिणाम अनिश्चित बना रहा.

मनसुख मांडविया ने की खिलाड़ियों की तारीफ

भारतीय खिलाड़ियों की इस शानदार शुरुआत पर केंद्रीय खेल मंत्री मनसुख मांडविया ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर खुशी जताई.

उन्होंने लिखा कि ग्लासगो 2026 में भारत की शुरुआत बेहद रोमांचक रही. उन्होंने कहा कि महिला पेयर्स मुकाबले में भारतीय खिलाड़ियों ने आखिरी गेंद पर शानदार जीत हासिल कर सभी को रोमांचित कर दिया. मांडविया ने खिलाड़ियों के जज्बे, धैर्य और बेहतरीन प्रदर्शन की सराहना करते हुए उन्हें आगामी मुकाबलों के लिए शुभकामनाएं भी दीं.

कॉमनवेल्थ गेम्स में पहली बार 'बॉल्स' का इंडोर प्रारूप

इस बार कॉमनवेल्थ गेम्स में पारंपरिक लॉन बॉल्स की जगह पहली बार आधिकारिक तौर पर इंडोर प्रारूप 'बॉल्स' में मुकाबले आयोजित किए जा रहे हैं. नए प्रारूप में खिलाड़ियों की तकनीक, सटीकता और रणनीति की अहम भूमिका है और भारतीय खिलाड़ियों ने पहले ही दिन अपने प्रदर्शन से मजबूत दावेदारी पेश कर दी है.

पुतुल सोनवाल ने किया सबसे बड़ा उलटफेर

पुरुष एकल वर्ग में भारत के एशियाई चैंपियन पुतुल सोनोवाल ने प्रतियोगिता का सबसे बड़ा उलटफेर करते हुए कनाडा के मौजूदा वर्ल्ड चैंपियन और वर्ल्ड बॉल्स हॉल ऑफ फेम में शामिल रयान बेस्टर को हराया. कॉमनवेल्थ गेम्स में पदार्पण कर रहे सोनवाल ने पूरे मुकाबले में बेहतरीन संयम दिखाया. निर्धारित खेल के बाद दोनों खिलाड़ी 1-1 की बराबरी पर रहे, जिसके चलते मुकाबला टाईब्रेक में पहुंचा. टाईब्रेक में सोनवाल की पहली ही गेंद जैक के सबसे करीब जाकर रुकी और वही निर्णायक साबित हुई. इस शानदार जीत के साथ उन्होंने अपने अभियान की बेहतरीन शुरुआत की.

अगला मुकाबला फॉकलैंड द्वीप के खिलाड़ी से

इस जीत के बाद पुतुल सोनवाल अब सेक्शन-डी के अपने अगले मुकाबले में शुक्रवार को फॉकलैंड द्वीप के सेसिल अलेक्जेंडर का सामना करेंगे. भारतीय प्रशंसकों को उनसे आगे भी इसी तरह के दमदार प्रदर्शन की उम्मीद रहेगी.

इसे भी पढ़े- वैभव सूर्यवंशी की तूफानी पारी ने जीता शशि थरूर का दिल, जानिए क्यों वायरल हो रहा सांसद का पोस्ट


विज्ञापन
ऋतु राज

लेखक के बारे में

By ऋतु राज

ऋतुराज प्रभात खबर डिजिटल में स्पोर्ट्स कंटेंट राइटर हैं. लीची की नगरी मुजफ्फरपुर (बिहार) से ताल्लुक रखने वाले ऋतुराज के पास डिजिटल खेल पत्रकारिता में 1 साल का गहरा अनुभव है. उन्होंने एशिया के प्रतिष्ठित माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय (MCU) से साल 2025 में मीडिया रिसर्च में मास्टर्स की डिग्री हासिल की है. खेल की हर छोटी-बड़ी और वायरल होती खबरों पर पैनी नजर रखना उनकी खासियत है. उनका मुख्य लक्ष्य प्रभात खबर के पाठकों तक खेल जगत की हर सटीक और विश्लेषण से भरी खबर सबसे पहले पहुंचाना है. पढ़ने और क्रिकेट खेलने के शौकीन ऋतुराज खेल को सिर्फ कवर नहीं करते, बल्कि उसकी बारीकियों को जीते हैं.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola