ePaper

हमको 100 मेडल जीतने हैं, जय शाह ने 2036 ओलंपिक को लेकर भारत के सामने रखा बड़ा लक्ष्य

Updated at : 04 Jan 2026 1:26 PM (IST)
विज्ञापन
Jay Shah on 2036 Olympics

2036 ओलंपिक में भारत के लक्ष्य पर बोले जय शाह, फोटो- सोशल मीडिया/X

Jay Shah about 2036 Olympics: सूरत में आयोजित गर्ल चाइल्ड हाफ मैराथन के दौरान आईसीसी चेयरमैन जय शाह ने 2036 ओलंपिक को लेकर बड़ा बयान दिया. उन्होंने कहा कि भारत को सिर्फ मेजबानी नहीं बल्कि 100 पदक जीतने का लक्ष्य रखना चाहिए. 2030 कॉमनवेल्थ खेलों के बाद देश में खेल इंफ्रा तेजी से मजबूत किया जा रहा है.

विज्ञापन

Jay Shah about 2036 Olympics: गुजरात के सूरत में आयोजित गर्ल चाइल्ड हाफ मैराथन 2.0 के दौरान भारतीय खेल जगत से जुड़ा एक बड़ा बयान सामने आया. आईसीसी चेयरमैन जय शाह (Jay Shah) ने 2030 कॉमनवेल्थ खेलों (2030 Commonwealth Games) और 2036 ओलंपिक (2036 Olympics) को लेकर भारत के बड़े सपने को दुनिया के सामने रखा. उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि भारत को अब सिर्फ मेजबानी तक सीमित नहीं रहना चाहिए बल्कि पदक तालिका में भी नई ऊंचाई छूनी होगी. जय शाह के मुताबिक 2036 ओलंपिक में भारत का लक्ष्य सिर्फ आठ या दस नहीं बल्कि 100 पदक होना चाहिए. उनका यह बयान भारत के खेल भविष्य की दिशा तय करने वाला माना जा रहा है.

2036 ओलंपिक को लेकर जय शाह का बड़ा विजन

सूरत में हाफ मैराथन को हरी झंडी दिखाने के बाद जय शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत को 2030 कॉमनवेल्थ खेलों की मेजबानी मिली है. यह देश के लिए गर्व की बात है लेकिन हमें यहीं नहीं रुकना चाहिए. उन्होंने कहा कि भारत को 2036 ओलंपिक की मेजबानी भी करनी चाहिए और उसमें इतिहास रचना चाहिए. जय शाह के अनुसार 2024 ओलंपिक में भारत ने आठ पदक जीते थे लेकिन 2036 में यह संख्या काफी नहीं होगी. भारत को 100 पदक का लक्ष्य लेकर चलना होगा और इसके लिए अभी से तैयारी जरूरी है.

गुजरात में खेल इंफ्रा पर जोर

2030 कॉमनवेल्थ खेलों की मेजबानी मिलने के बाद गुजरात सरकार ने खेल ढांचे को मजबूत करने की दिशा में तेजी से काम शुरू कर दिया है. अहमदाबाद में सरदार पटेल स्पोर्ट्स कॉम्पलेक्स का निर्माण किया जा रहा है जिसमें नरेंद्र मोदी स्टेडियम भी शामिल होगा. यह कॉम्पलेक्स दुनिया के सबसे बड़े खेल परिसरों में गिना जाएगा. इसके अलावा गांधीनगर और वडोदरा जैसे शहरों में नए स्टेडियम और ट्रेनिंग सेंटर बनाए जा रहे हैं. सरकार का फोकस अंतरराष्ट्रीय स्तर की सुविधाएं तैयार करने पर है ताकि खिलाड़ियों को बेहतर माहौल मिल सके.

सिर्फ तीन साल में बड़ी तैयारी की चुनौती

गुजरात सरकार के पास 2030 कॉमनवेल्थ खेलों की तैयारी के लिए लगभग तीन साल का समय है. यह एक बड़ी चुनौती भी है और अवसर भी. इतने कम समय में स्टेडियम ट्रेनिंग सेंटर रोड कनेक्टिविटी और रहने की सुविधाओं को विश्व स्तर का बनाना आसान नहीं है. लेकिन सरकार और खेल संगठनों का मानना है कि सही योजना और तेज काम से यह लक्ष्य हासिल किया जा सकता है. यही तैयारी आगे चलकर 2036 ओलंपिक की दावेदारी को भी मजबूत करेगी.

ओलंपिक में क्रिकेट की वापसी

2028 ओलंपिक खेलों से 128 साल बाद क्रिकेट की वापसी हो रही है. यह भारत के लिए बड़ी खुशखबरी है. अगर भारत को 2036 ओलंपिक की मेजबानी मिलती है तो नरेंद्र मोदी स्टेडियम में ओलंपिक के दौरान क्रिकेट मैच खेले जाने की पूरी संभावना है. इससे भारत को पदक तालिका में फायदा मिल सकता है. जय शाह का मानना है कि क्रिकेट समेत कई खेलों में मजबूत तैयारी के साथ भारत 2036 ओलंपिक में 100 पदक जीतने का सपना साकार कर सकता है. यह सपना अब सिर्फ बयान नहीं बल्कि देश का लक्ष्य बनता जा रहा है.

ये भी पढ़ें-

उसके माइंडसेट के ऊपर कौन ध्यान रखेगा? न्यूजीलैंड के खिलाफ रुतुराज का सेलेक्शन नहीं होने पर भड़के अश्विन

AUS vs ENG: जो रूट ने बनाया एक और रिकॉर्ड, इस मामले में सचिन तेंदुलकर से सिर्फ एक कदम पीछे

Ashes: पहले दिन बारिश ने डाला खलल, रूट और ब्रूक के बीच साझेदारी, स्कोर 211/3

विज्ञापन
Aditya Kumar Varshney

लेखक के बारे में

By Aditya Kumar Varshney

आदित्य वार्ष्णेय एक अनुभवी खेल पत्रकार हैं, जो वर्तमान में कंटेंट राइटर के रूप में प्रभात खबर के साथ जुड़े हुए हैं. वह पिछले 5 सालों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और स्पोर्ट्स बीट में गहरी पकड़ रखते हैं. आप क्रिकेट, फुटबॉल हॉकी, टेनिस और चेस जैसे खेलों पर लिखना पसंद करते हैं. आप मैच रिपोर्ट, विश्लेषणात्मक लेख, फीचर स्टोरी और एक्सप्लेनर आधारित कंटेंट तैयार करते हैं. आपने प्रभात खबर से पहले भारत समाचार में असिस्टेंट प्रोड्यूसर (आउटपुट विभाग) के रूप में काम किया है, वहीं स्टार स्पोर्ट्स में असिस्टेंट प्रोड्यूसर (क्रिकेट, हिंदी फीड) के तौर पर भी काम कर चुके हैं. आपके पास ब्रॉडकास्ट और डिजिटल दोनों प्लेटफॉर्म का मजबूत अनुभव है.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola