कतर की टीम में शामिल हुआ केरल का यह खिलाड़ी, विश्व कप में गूंजेगा भारत का नाम

Author Ritu Raj
Updated:
विज्ञापन
Tahsin Jamshid

तहसीन जमशेद

Tahsin Jamshid: केरल के 19 साल के युवा फुटबॉलर तहसीन जमशेद फीफा वर्ल्ड कप 2026 में इतिहास रचने के लिए तैयार हैं. वह इस मेगा इवेंट में खेलने वाले पहले भारतीय पासपोर्ट धारक खिलाड़ी बनेंगे.

विज्ञापन

Tahsin Jamshid: भले ही भारतीय फुटबॉल टीम का वर्ल्ड कप खेलने का सपना अभी अधूरा हो, लेकिन फीफा वर्ल्ड कप 2026 में हर भारतीय फैंस का सीना गर्व से चौड़ा होने वाला है. इस बार अमेरिका, कनाडा और मैक्सिको की धरती पर पहली बार एक भारतीय पासपोर्ट धारक खिलाड़ी मैदान पर उतरने जा रहा है. केरल के 19 वर्षीय सनसनी तहसीन जमशेद को कतर की 26 सदस्यीय मुख्य टीम में शामिल किया गया है. यह पहला मौका होगा जब फुटबॉल के इस सबसे बड़े महाकुंभ में कोई भारतीय पासपोर्ट धारक खिलाड़ी एक्शन में नजर आएगा.

तहसीन जमशेद कौन हैं

दोहा में 16 जून, 2006 को जन्मे तहसीन जमशेद आज फुटबॉल की दुनिया का एक जाना-माना नाम बनते जा रहे हैं. मैदान पर बतौर विंगर अपनी रफ्तार से डिफेंडर्स को छकाने वाले तहसीन के इस सफर की नींव उनके घर में ही पड़ी थी. थलास्सेरी (केरल) के रहने वाले उनके पिता जमशेद खुद कालीकट यूनिवर्सिटी के बेहतरीन खिलाड़ी रह चुके थे. कतर की प्रतिष्ठित एस्पायर फुटबॉल एकेडमी से निकले तहसीन ने मार्च 2024 में उस समय सुर्खियां बटोरीं, जब अल दुहैल क्लब की ओर से खेलते हुए वे कतर स्टार्स लीग में उतरने वाले पहले भारतीय मूल के खिलाड़ी बने. कतर की जूनियर नेशनल टीमों (Under-16 और Under-17) में अपना लोहा मनवाने के बाद अब वे फीफा वर्ल्ड कप में चमकने को तैयार हैं.

तहसीन को कैसे मिली कतर से खेलने की अनुमति

फीफा के नियमों के अनुसार, किसी भी खिलाड़ी के लिए उस देश का पासपोर्ट या नागरिकता होना अनिवार्य है जिसका वह प्रतिनिधित्व कर रहा है. ऐसे में भारतीय पासपोर्ट धारक तहसीन जमशेद का कतर की टीम में चुना जाना एक विशेष नियम के तहत संभव हुआ है. दरअसल, तहसीन के पास कतर का एक ‘विशेष मिशन पासपोर्ट’ है. यह कतर सरकार द्वारा विदेशी एथलीटों को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का प्रतिनिधित्व करने के लिए जारी किया जाने वाला एक खास दस्तावेज है. यह पासपोर्ट अस्थायी तौर पर एक तरह की दोहरी नागरिकता की सुविधा तो देता है, लेकिन इसके तहत मिलने वाले नागरिक अधिकार काफी सीमित होते हैं.

चयन और प्रतिक्रिया

कतर टीम के मुख्य कोच जुलेन लोपेटेगुई ने 2 जून को जिस 26 सदस्यीय टीम का एलान किया, उसमें तहसीन का नाम भी शामिल था. अपनी इस ऐतिहासिक सफलता पर गर्व जताते हुए तहसीन ने कहा, “मैं पहले भी कतर की U-17 और U-19 टीमों का हिस्सा रह चुका हूं, इसलिए इस चयन से हैरान नहीं हूं. मैं कतर को अपना ही देश मानता हूं.”

14 जून को इतिहास रचेंगे तहसीन जमशेद

फीफा वर्ल्ड कप 2026 में कतर की टीम को ग्रुप-बी में जगह मिली है। कतर अपने वर्ल्ड कप अभियान की शुरुआत रविवार, 14 जून को स्विट्जरलैंड के खिलाफ करने जा रहा है. यह हाई-वोल्टेज मुकाबला कैलिफोर्निया (अमेरिका) के सैन फ्रांसिस्को स्थित लेवीस स्टेडियम में खेला जाएगा. दुनिया भर के फुटबॉल प्रेमियों के साथ-साथ करोड़ों भारतीय फैंस भी टीवी स्क्रीन पर नजरें गड़ाए होंगे. ताकि वे तहसीन जमशेद को फुटबॉल के इस महाकुंभ में इतिहास रचते हुए देख सकें.

यह भी पढ़े- फीफा विश्व कप 2026: ग्रुप-K में पुर्तगाल और कोलंबिया पर रहेंगी निगाहें, कांगो-उज्बेकिस्तान भी कर सकते हैं उलटफेर

विज्ञापन
ऋतु राज

लेखक के बारे में

By ऋतु राज

ऋतुराज प्रभात खबर डिजिटल में स्पोर्ट्स कंटेंट राइटर हैं. लीची की नगरी मुजफ्फरपुर (बिहार) से ताल्लुक रखने वाले ऋतुराज के पास डिजिटल खेल पत्रकारिता में 1 साल का गहरा अनुभव है. उन्होंने एशिया के प्रतिष्ठित माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय (MCU) से साल 2025 में मीडिया रिसर्च में मास्टर्स की डिग्री हासिल की है. खेल की हर छोटी-बड़ी और वायरल होती खबरों पर पैनी नजर रखना उनकी खासियत है. उनका मुख्य लक्ष्य प्रभात खबर के पाठकों तक खेल जगत की हर सटीक और विश्लेषण से भरी खबर सबसे पहले पहुंचाना है. पढ़ने और क्रिकेट खेलने के शौकीन ऋतुराज खेल को सिर्फ कवर नहीं करते, बल्कि उसकी बारीकियों को जीते हैं.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola