India vs Japan T20I: टी20 मैच पर टाइफून 'डुजुआन' का खतरा, क्या बिना टॉस के रद्द हो जाएगा भारत-जापान मुकाबला?
सानो अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट मैदान (फोटो—एक्स)
India vs Japan T20I: भारत और जापान के बीच होने वाले टी20 इंटरनेशनल मैच पर टाइफून 'डुजुआन' का साया है. जापान में खराब मौसम के चलते मैच रद्द होने की आशंका है, क्योंकि इससे पहले भी इस मैदान पर मैच धुल चुका है. जानें ताजा मौसम अपडेट और मुकाबले पर इसका असर.
India vs Japan T20I: भारत और जापान के बीच मंगलवार को होने वाले ऐतिहासिक टी20 इंटरनेशनल मुकाबले पर बारिश का खतरा मंडरा रहा है. जापान में आए टाइफून डुजुआन ने कई इलाकों में जनजीवन प्रभावित कर दिया है. खराब मौसम के कारण एशियन गेम्स के घुड़सवारी मुकाबले तक स्थगित करने पड़े हैं. वहीं, भारत और जापान की टीमों का प्रैक्टिस सेशन भी बारिश की वजह से रद्द कर दिया गया. ऐसे में सवाल है कि क्या मौसम इस बहुप्रतीक्षित मुकाबले में भी खलल डालेगा?
सुबह 9:30 बजे शुरू होना है मैच
भारत और जापान के बीच यह मुकाबला मंगलवार को सैनो इंटरनेशनल क्रिकेट ग्राउंड में खेला जाना है. मैच स्थानीय समयानुसार 22 सितंबर को दोपहर 1 बजे यानी भारतीय समय के अनुसार सुबह 9:30 बजे शुरू होगा. लेकिन मुकाबले से पहले मौसम ने दोनों टीमों की तैयारी जरूर प्रभावित कर दी है. सोमवार को सैनो में भारत का प्रैक्टिस सेशन बारिश के कारण रद्द करना पड़ा.
जापान में टाइफून ने बढ़ाई परेशानी
टाइफून डुजुआन की वजह से जापान के पूर्वी हिस्सों में पिछले दो दिनों से भारी बारिश और तेज हवाओं का दौर जारी है. जापान मौसम विज्ञान एजेंसी (JMA) ने कांटो क्षेत्र में भारी बारिश को लेकर चेतावनी जारी की है. कई इलाकों में शनिवार से अब तक 300 मिमी से ज्यादा बारिश दर्ज की जा चुकी है. मौसम विभाग ने सोमवार दोपहर के बाद बारिश और तेज होने की संभावना जताई थी.
टाइफून के टोक्यो महानगरीय क्षेत्र के करीब से गुजरने का अनुमान है. इसके चलते अचानक बाढ़ और बारिश से जुड़ी अन्य घटनाओं का खतरा भी बताया गया है.
एशियन गेम्स का घुड़सवारी इवेंट भी टला
खराब मौसम का असर एशियन गेम्स पर भी पड़ा है. आयोजकों ने सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सोमवार को होने वाले घुड़सवारी मुकाबलों को स्थगित कर मंगलवार के लिए टाल दिया. इसके अलावा जापान में 275 से ज्यादा उड़ानें रद्द की गईं. टोक्यो और आसपास के कुछ इलाकों में रेलवे सेवाएं भी प्रभावित हुईं. तेज हवाओं और बारिश के कारण दुनिया के प्रमुख गेमिंग आयोजनों में शामिल टोक्यो गेम शो के आखिरी दिन का कार्यक्रम भी रद्द कर दिया गया.
ये भी पढ़ें: Richest Cricket Board: आखिर कौन है दुनिया का सबसे अमीर क्रिकेट बोर्ड? देखें टॉप-10 की पूरी लिस्ट
क्या भारत-जापान मैच भी बारिश की भेंट चढ़ सकता है?
मौसम पूर्वानुमान के मुताबिक मैच के दिन आसमान में बादल छाए रहने की संभावना है. दिन के दौरान बारिश की संभावना करीब 25 से 35 प्रतिशत बताई गई है. हालांकि फिलहाल मैच के पूरे तरह धुलने की स्थिति साफ नहीं है, लेकिन लगातार बारिश के कारण मैदान गीला रहने की चिंता जरूर है. खासकर इसलिए क्योंकि इसी मैदान पर जापान और हांगकांग के बीच टी20 इंटरनेशनल मुकाबला एक भी गेंद फेंके बिना रद्द करना पड़ा था.
ऐसे में मैच शुरू होने से पहले अंपायरों को मैदान की स्थिति का जायजा लेना होगा. बारिश रुकने के बाद भी अगर आउटफील्ड पर्याप्त सूखा नहीं हुआ तो मुकाबले की शुरुआत में देरी हो सकती है.
अगर बारिश हुई तो क्या होगा?
भारत और जापान के बीच इस मुकाबले के लिए कोई रिजर्व डे नहीं रखा गया है. अगर बारिश के कारण ओवर कम होते हैं तो मैच को छोटे फॉर्मेट में कराया जा सकता है. ऐसी स्थिति में लक्ष्य तय करने के लिए डकवर्थ-लुईस-स्टर्न (DLS) नियम लागू होगा, बशर्ते मैच को आधिकारिक परिणाम के लिए जरूरी न्यूनतम ओवर मिल सकें.
अगर बारिश के कारण पर्याप्त ओवर भी नहीं हो पाते हैं, तो मुकाबले का नतीजा प्रभावित हो सकता है. भारत और जापान की टीमों को इस मुकाबले के बाद नागोया रवाना होना है, जहां एशियन गेम्स में क्रिकेट मुकाबले खेले जाएंगे.
इस प्रकार है दोनों टीमें
भारतीय टीम: संजू सैमसन (विकेटकीपर), अभिषेक शर्मा, तिलक वर्मा, श्रेयस अय्यर (कप्तान), शिवम दुबे, ईशान किशन, अक्षर पटेल, रवि बिश्नोई, यश ठाकुर, जसप्रीत बुमराह, अर्शदीप सिंह, वॉशिंगटन सुंदर, विप्रज निगम, वैभव सूर्यवंशी.
जापान की टीम: केंडल फ्लेमिंग (कप्तान), शिराई पैटमोर (विकेटकीपर), एलिस्टर फ्लेमिंग, बेंजामिन इटो डेविस, रियो सकुरानो थॉमस, कोहेई कुबोटा, वातारू मियाउची, डेक्लान सुजुकी, इब्राहिम ताकाहाशी, माकोटो तानियामा, लचलान यामामोटो-लेक, त्सुयोशी ताकादा, चार्ली हारा-हिंजे, शोमा स्लेटर, जेक कुसुडा-नैर्न.
ये भी पढ़ें: INDIA vs JAPAN: जापान की संस्कृति से प्रभावित हुए कप्तान श्रेयस अय्यर, मुकाबले से पहले साझा किया अनुभव; देखें वीडियो
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए