ब्राजील को लगा बड़ा झटका, पहले मैच से बाहर हुए नेमार
Published by : Swayam Rishi Updated At : 13 Jun 2026 9:46 AM
नेमार ( फोटो : सोशल मीडिया )
FIFA World Cup 2026: फीफा विश्व कप 2026 की शुरुआत हो चुकी है. पांच बार की चैंपियन ब्राजील को पहले मैच से पहले बड़ा झटका लगा है. स्टार फॉरवर्ड नेमार काफ स्ट्रेन की वजह से पहले मैच से बाहर हो गए है.
FIFA World Cup 2026: फीफा विश्व कप 2026 में अपने अभियान की शुरुआत करने जा रही पांच बार की चैंपियन ब्राजील की टीम को टूर्नामेंट शुरू होने से ठीक पहले एक बहुत बड़ा झटका लगा है. टीम के सबसे अनुभवी खिलाड़ी और फॉरवर्ड नेमार जूनियर चोट के कारण मोरक्को के खिलाफ होने वाले ब्राजील के पहले ग्रुप-सी मैच से बाहर हो गए हैं. इस खबर के सामने आने के बाद दुनिया भर के फुटबॉल फैंस काफी निराश हैं.
क्यों बाहर हुए नेमार?
34 वर्षीय स्टार खिलाड़ी नेयमार इस समय दाहिनी काफ की समस्या से जूझ रहे हैं. उन्हें यह ‘ग्रेड 2 काफ स्ट्रेन’ मई के मध्य में एक क्लब मैच के दौरान लगा था. हालांकि ब्राजील के मुख्य कोच कार्लो एंसेलोटी ने उन्हें फिट होने की उम्मीद में अपनी 26 सदस्यीय टीम में शामिल किया था, लेकिन मोरक्को के खिलाफ होने वाला पहला मुकाबला उनके पूरी तरह रिकवर होने के लिए बहुत जल्दी आ गया.
कोच कार्लो एंसेलोटी का बड़ा बयान
मैच से पहले प्रेस कॉन्फ्रेंस में ब्राजील के दिग्गज मुख्य कोच कार्लो एंसेलोटी ने नेमार की स्थिति साफ करते हुए कहा: “नेयमार जल्दी ठीक होने के लिए कड़ी मेहनत कर रहे हैं. हमने उन्हें केवल उनकी फुटबॉल क्षमता के लिए ही टीम में नहीं चुना है, बल्कि इसलिए भी चुना है क्योंकि उनका अनुभव और मार्गदर्शन टीम के युवा खिलाड़ियों के लिए बेहद जरूरी है”. एंसेलोटी ने संकेत दिए कि नेयमार की रिकवरी सही दिशा में चल रही है और वह अगले हफ्ते से टीम के साथ ट्रेनिंग शुरू कर सकते हैं.
पहले मैच में मोरक्को से कड़ी टक्कर
साल 2002 के बाद से अपने पहले विश्व कप खिताब की तलाश में जुटी ब्राजील की टीम के लिए यह मुकाबला आसान नहीं होने वाला है. नेमार की गैरमौजूदगी में विनीसियस जूनियर और राफिन्या जैसे युवा सितारों पर आक्रमण की पूरी जिम्मेदारी होगी. वहीं दूसरी ओर मोरक्को की टीम है, जिसने 2022 के पिछले विश्व कप में सेमीफाइनल तक का सफर तय कर कई बड़े उलटफेर किए थे. ऐसे में बिना नेमार के न्यू जर्सी के मैदान पर उतरना ब्राजील के लिए एक बड़ी परीक्षा होगी.
कब होगी मैदान पर नेमार की वापसी?
फैंस के लिए अच्छी खबर यह है कि नेमार का सफर अभी खत्म नहीं हुआ है। मेडिकल टीम और कोच के अनुसार नेयमार 19 जून को हैती के खिलाफ होने वाले ब्राजील के दूसरे ग्रुप मैच के जरिए मैदान पर वापसी कर सकते हैं. इसके बाद ब्राजील को अपना आखिरी ग्रुप मैच 24 जून को स्कॉटलैंड के खिलाफ खेलना है. फुटबॉल प्रेमियों को उम्मीद है कि नॉकआउट स्टेज से पहले नेयमार पूरी तरह फिट होकर मैदान पर अपना जादू बिखेरते नजर आएंगे.
ये भी पढ़े : मेजबान कनाडा की धीमी शुरुआत, बोस्निया ने ड्रॉ पर रोका
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










