EZ vs SZ Duleep Trophy Final Day 1: वैभव-ईश्वरन की अच्छी शुरुआत के बाद ईशान किशन ने जड़ा शतक, पहले दिन ईस्ट जोन 385/4
ईशान किशन (फोटो—एक्स)
दलीप ट्रॉफी फाइनल के पहले दिन ईस्ट जोन ने साउथ जोन के खिलाफ मजबूत शुरुआत की है. ईशान किशन के शानदार शतक की बदौलत टीम ने 4 विकेट पर 385 रन बनाए. देखें पहले दिन का पूरा हाल.
Duleep Trophy 2026: दलीप ट्रॉफी फाइनल के पहले दिन ईस्ट जोन ने साउथ जोन के खिलाफ शानदार बल्लेबाजी करते हुए 4 विकेट पर 385 रन बना लिए. वैभव सूर्यवंशी और अभिमन्यु ईश्वरन ने टीम को मजबूत शुरुआत दिलाई, जबकि बाद में ईशान किशन ने शतकीय पारी खेलकर मोर्चा संभाला. दिन का खेल खत्म होने तक ईशान किशन 111 रन और कुमार कुशाग्र 63 रन बनाकर नाबाद रहे.
वैभव और ईश्वरन ने दी शानदार शुरुआत
ईस्ट जोन ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया. पारी की शुरुआत वैभव सूर्यवंशी और अभिमन्यु ईश्वरन ने की. दोनों बल्लेबाजों ने शुरुआत से ही साउथ जोन के गेंदबाजों का डटकर सामना किया और पहले विकेट के लिए 100 रनों की साझेदारी कर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया.
10 ओवर के बाद ईस्ट जोन का स्कोर बिना किसी नुकसान के 70 रन था. उस समय वैभव 38 और ईश्वरन 32 रन बनाकर खेल रहे थे. इसके बाद ईश्वरन ने अपनी पारी को आगे बढ़ाया और 46 गेंदों में अर्धशतक पूरा किया. हालांकि, अच्छी शुरुआत के बाद वैभव 44 रन बनाकर पवेलियन लौट गए. चामा मिलिंद ने उनका विकेट लेकर साउथ जोन को पहली सफलता दिलाई.
ये भी पढ़ें: Harmanpreet Kaur: हरमनप्रीत ने रचा इतिहास, 150 T20I में कप्तानी करने वाली पहली क्रिकेटर बनीं कौर
72 रन बनाकर आउट हुए अभिमन्यु ईश्वरन
वैभव के आउट होने के बाद भी ईस्ट जोन की पारी पर ज्यादा असर नहीं पड़ा. अभिमन्यु ईश्वरन ने शानदार बल्लेबाजी जारी रखी और 72 रन की पारी खेली. हालांकि, 133 के स्कोर पर ईस्ट जोन को दूसरा झटका लगा और तालमेल की कमी के कारण ईश्वरन रन आउट हो गए.
ईश्वरन के आउट होने के बाद सुदीप कुमार घरामी और शिखर मोहन ने पारी को संभालने की कोशिश की. हालांकि, सुदीप ज्यादा देर क्रीज पर नहीं टिक सके और 6 रन बनाकर आउट हो गए. त्रिपुराणा विजय की गेंद पर आगे बढ़कर बड़ा शॉट खेलने की कोशिश में उन्होंने अपना विकेट गंवा दिया.
शिखर मोहन ने संभाली पारी
147 रन पर तीसरा विकेट गिरने के बाद शिखर मोहन ने ईस्ट जोन की पारी को संभाला. उन्होंने धैर्य के साथ बल्लेबाजी करते हुए अपना अर्धशतक पूरा किया और टीम को 200 रन के पार पहुंचाया. 45 ओवर के बाद ईस्ट जोन का स्कोर 3 विकेट पर 202 रन था. शिखर मोहन 61 और ईशान किशन 17 रन बनाकर क्रीज पर मौजूद थे. शिखर ने इसके बाद भी अपनी पारी जारी रखी, लेकिन 85 रन के निजी स्कोर पर चामा मिलिंद ने उन्हें आउट कर दिया. 241 के स्कोर पर ईस्ट जोन को चौथा झटका लगा. यह मिलिंद का मैच में दूसरा विकेट था.
ईशान किशन ने संभाला मोर्चा
चार विकेट गिरने के बाद ईशान किशन ने मोर्चा संभाला और अपनी आक्रामक बल्लेबाजी से ईस्ट जोन को फिर से मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया. दूसरे सेशन के खत्म होने तक टीम का स्कोर 4 विकेट पर 246 रन था और ईशान के साथ कुमार कुशाग्र क्रीज पर मौजूद थे.
इसके बाद दोनों बल्लेबाजों ने साउथ जोन के गेंदबाजों पर दबाव बनाए रखा. 58 ओवर के बाद ईस्ट जोन का स्कोर 270 रन था. ईशान 43 और कुमार कुशाग्र 16 रन बनाकर खेल रहे थे. कुछ ही देर बाद ईशान ने अपना अर्धशतक पूरा कर लिया. 63 ओवर के बाद टीम का स्कोर 288 रन था और ईशान 56 रन पर बल्लेबाजी कर रहे थे.
ईशान किशन ने जड़ा शतक, कुशाग्र के साथ बड़ी साझेदारी
ईशान किशन ने अपनी शानदार लय को बरकरार रखा और शतक की ओर तेजी से बढ़े. उन्होंने कुमार कुशाग्र के साथ मिलकर पांचवें विकेट के लिए 100 से ज्यादा रनों की साझेदारी पूरी की. 345 रन के स्कोर तक पहुंचते-पहुंचते ईशान 86 और कुशाग्र 48 रन पर पहुंच चुके थे. इसके बाद ईशान ने 122 गेंदों में अपना शतक पूरा किया. ईशान ने अपनी शतकीय पारी के दौरान आक्रामकता के साथ संयम भी दिखाया और ईस्ट जोन को मजबूत स्थिति में पहुंचाया. वहीं, कुमार कुशाग्र ने भी फर्स्ट क्लास क्रिकेट में अपना सातवां अर्धशतक पूरा किया.
पहले दिन ईस्ट जोन का स्कोर 385/4
दिन का खेल खत्म होने तक ईस्ट जोन ने 79 ओवर में 4 विकेट के नुकसान पर 385 रन बना लिए. ईशान किशन 111 रन बनाकर नाबाद रहे, जबकि कुमार कुशाग्र 63 रन पर क्रीज पर मौजूद हैं.
दोनों के बीच अब तक 144 रनों की नाबाद साझेदारी हो चुकी है. इस साझेदारी ने ईस्ट जोन को फाइनल के पहले दिन मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया है. अब दूसरे दिन साउथ जोन के गेंदबाजों की नजरें ईशान किशन और कुमार कुशाग्र की साझेदारी को जल्द तोड़ने पर होंगी. वहीं, ईस्ट जोन की कोशिश इस मजबूत शुरुआत को बड़े स्कोर में बदलने की होगी.
ये भी पढ़ें: Video: दलीप ट्रॉफी के फाइनल में वैभव सूर्यवंशी ने सिराज की गेंद पर जड़े लगातार तीन बाउंड्री, एक ओवर में बटोरे 14 रन
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए