Harmanpreet Kaur: हरमनप्रीत ने रचा इतिहास, 150 T20I में कप्तानी करने वाली पहली क्रिकेटर बनीं कौर
भारतीय कप्तान हरमनप्रीत कौर, एक्स
भारतीय महिला क्रिकेट टीम की कप्तान हरमनप्रीत कौर ने पाकिस्तान के खिलाफ मैच में 150 T20 इंटरनेशनल मैचों में कप्तानी का ऐतिहासिक रिकॉर्ड अपने नाम किया. वह पुरुष और महिला क्रिकेट में ऐसा करने वाली पहली खिलाड़ी हैं.
Harmanpreet Kaur New Record: भारतीय महिला क्रिकेट टीम की कप्तान हरमनप्रीत कौर ने शनिवार को पाकिस्तान के खिलाफ मैदान पर उतरते ही एक ऐसा रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया, जो इससे पहले दुनिया के किसी कप्तान के नाम नहीं था. हरमनप्रीत 150 टी20 इंटरनेशनल मैचों में किसी राष्ट्रीय टीम की कप्तानी करने वाली पहली क्रिकेटर बन गई हैं.
दुबई में खेले जा रहे महिला एशिया कप 2026 के मुकाबले में पाकिस्तान के खिलाफ टॉस के लिए उतरते ही हरमनप्रीत ने यह बड़ी उपलब्धि हासिल की. पुरुष और महिला क्रिकेट को मिलाकर अब तक कोई भी खिलाड़ी 150 टी20 इंटरनेशनल मैचों में अपनी राष्ट्रीय टीम की कप्तानी नहीं कर पाया था.
2009 में शुरू हुआ था टी20 सफर
हरमनप्रीत कौर ने 2009 में अपना टी20 इंटरनेशनल डेब्यू किया था. इसके बाद उन्होंने भारतीय टीम के साथ एक लंबा सफर तय किया और टी20 फॉर्मेट में कप्तानी का नया रिकॉर्ड बना दिया. महिला क्रिकेट में उनसे पहले सबसे ज्यादा टी20 इंटरनेशनल मैचों में कप्तानी करने वाली खिलाड़ी श्रीलंका की चमारी अटापट्टू थीं. उन्होंने 121 मुकाबलों में श्रीलंकाई टीम की अगुआई की है.
पाकिस्तान के खिलाफ इस मुकाबले से पहले हरमनप्रीत ने 149 टी20 इंटरनेशनल मैचों में भारत की कप्तानी की थी. इनमें टीम ने 86 मुकाबले जीते, 57 में हार मिली, एक मैच टाई रहा, जबकि पांच मुकाबलों का कोई नतीजा नहीं निकला.
टॉस में फिर नहीं मिला हाथ मिलाने का नजारा
दुबई में भारत और पाकिस्तान के बीच मुकाबले से पहले एक बार फिर टॉस के दौरान दोनों कप्तानों के हाथ नहीं मिले. पाकिस्तान की कप्तान फातिमा सना ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया. भारत और पाकिस्तान के बीच पिछले कुछ समय से टॉस के दौरान हैंडशेक को लेकर चर्चा होती रही है. इस मुकाबले में भी हरमनप्रीत कौर और फातिमा सना ने हाथ नहीं मिलाया.
ये भी पढ़ें: Cricket Brothers: मैदान पर धमाल मचा रही हैं भाइयों की ये जोड़ियां, जानिए कौन-कौन हैं शामिल
एशिया कप में भारत की मजबूत स्थिति
भारतीय टीम इस मुकाबले में आत्मविश्वास के साथ उतरी. टीम ने टूर्नामेंट में अपने शुरुआती दोनों मैच जीत लिए थे और इसके साथ ही नॉकआउट चरण में अपनी जगह भी पक्की कर ली थी. पाकिस्तान ने भी अपने अभियान की शुरुआत थाईलैंड के खिलाफ जीत के साथ की थी. हालांकि, इस मैच के नतीजे का उसकी स्थिति पर असर पड़ने के बावजूद टीम के पास हांगकांग के खिलाफ एक और मुकाबला खेलने का मौका है.
पाकिस्तान के खिलाफ भारत का रिकॉर्ड शानदार
पाकिस्तान के खिलाफ महिला टी20 इंटरनेशनल में भारत का रिकॉर्ड शानदार रहा है. भारत ने अपने पिछले 10 मुकाबलों में से नौ में पाकिस्तान को हराया है. इस दौरान पाकिस्तान को एकमात्र जीत 2022 एशिया कप में मिली थी.
भारत और पाकिस्तान की प्लेइंग XI
भारत महिला टीम : स्मृति मंधाना, शेफाली वर्मा, प्रतिका रावल, हरमनप्रीत कौर (कप्तान), भारती फुलमाली, ऋचा घोष (विकेटकीपर), दीप्ति शर्मा, प्रेमा रावत, नंदनी शर्मा, श्री चरणी, क्रांति गौड़.
पाकिस्तान महिला टीम: मुनीबा अली (विकेटकीपर), शावाल जुल्फिकार, गुल फिरोजा, आयशा जफर, सदफ शमास, फातिमा सना (कप्तान), उम्म-ए-हानी, ईमान फातिमा, तुबा हसन, नशरा संधू, सादिया इकबाल.
ये भी पढ़ें: Imran Khan: इमरान खान के समर्थन में आए ब्रायन लारा, बोले- ‘यह राजनीति नहीं, इंसानियत का सवाल’
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए