WI vs IND T20: वेस्टइंडीज को 59 रन से रौंदकर भारत ने सीरीज पर किया कब्जा, आखिरी मुकाबला आज
Published by : Prabhat Khabar Digital Desk Updated At : 07 Aug 2022 6:25 AM
भारत ने वेस्टइंडीज को अमेरिका की धरती पर भी हरा दिया है. चौथे टी-20 में 59 रनों से जीत के साथ भारत ने टी-20 सीरीज पर कब्जा कर लिया है. रोहित शर्मा की सेना ने वेस्टइंडीज पर 3-1 की अजेय बढ़त ले ली है. रविवार को फ्लोरिडा में ही आखिरी टी-20 मुकाबला खेला जायेगा.
फ्लोरिडा : अक्षर पटेल के हरफनमौला खेल के अलावा बल्लेबाजी और गेंदबाजी में दबदबे वाले प्रदर्शन से भारतीय टीम ने पांच मैचों की श्रृंखला के चौथे टी-20 अंतरराष्ट्रीय में शनिवार को यहां वेस्टइंडीज को 59 रन से शिकस्त देकर 3-1 की अजेय बढ़त कायम कर ली. अक्षर ने आठ गेंद में दो छक्के और एक चौका की मदद से नाबाद 20 रन बनाने के अलावा अपनी स्पिन गेंदबाजी पर चार ओवर में 48 रन देकर दो विकेट झटके. बारिश के कारण देर से शुरू हुए मैच में भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए पांच विकेट पर 191 रन बनाने के बाद अर्शदीप सिंह के 12 रन पर तीन विकेट की मदद से वेस्टइंडीज की पारी को 19.1 ओवर में 132 रन पर समेट दिया.
भारत के लिए कप्तान रोहित शर्मा (33) और सूर्यकुमार यादव (24) की ताबड़तोड़ शुरुआत की जबकि बीच के ओवरों में ऋषभ पंत ने 31 गेंद में सबसे ज्यादा 44 रन का योगदान देकर रन गति को तेज रखा. संजू सैमसन 23 गेंद में 30 रन पर नाबाद रहे. अक्षर और अर्शदीप के अलावा भारत के लिए आवेश खान और रवि बिश्नोई ने दो-दो विकेट लिये. लक्ष्य का पीछा करने उतरी वेस्टइंडीज की टीम कभी भी लय हासिल नहीं कर सकी.
Also Read: CWG 2022: रोहित शर्मा के क्लब में शामिल हुईं स्मृति मंधाना, ऐसा करने वाली बनीं दूसरी भारतीय खिलाड़ी
आवेश खान ने शुरुआती ओवरों में ब्रैंडन किंग (13) और डेवन थॉमस (एक) को चलता कर भारत को शानदार शुरुआत दिलायी. कप्तान निकोलस पूरन और रोवमैन पॉवेल ने इसके बाद तेजी से रन बनाये लेकिन बड़ी नहीं खेल सके. आठ गेंद में तीन छक्के की मदद से 24 रन बनाने वाले पूरन रन आउट हुए तो वही 16 गेंद में 24 रन बनाने वाले पॉवेल अक्षर का दूसरा शिकार बने. इन दोनों के बीच कायल मेयर्स 14 रन बनाकर अक्षर पटेल का शिकार बने. नौवें ओवर में आधी टीम के पवेलियन लौटने के बाद वेस्टइंडीज को जेसन होल्डर (13) और शिमरोन हेटमायर (19) से उम्मीदे थी लेकिन दोनों ने एक बार फिर निराश किया.
इन दोनों के पवेलियन लौटने के बाद भारतीय गेंदबाजों ने पुछल्ले बल्लेबाजों को आउट करने की औपचारिकता पूरी की. इससे पहले रोहित और सूर्यकुमार यादव ने 53 रन की साझेदारी कर टीम को शानदार शुरुआत दिलायी. रोहित ने शुरुआती दो ओवर में चौका जड़ने के बाद तीसरे ओवर में ओबेद मैकॉय (66 रन पर दो विकेट) खिलाफ दो छक्के लगाये. इस ओवर में सूर्यकुमार ने भी एक छक्का और एक चौका लगाया. भारतीय टीम ने इस ओवर से 25 रन बटोरे. रोहित ने पांचवें ओवर में अकील हुसैन (28 रन पर एक विकेट) के खिलाफ एक और छक्का जड़कर टीम के स्कोर को 50 के पार पहुंचाया लेकिन इस गेंदबाज ने अगली गेंद पर उन्हें बोल्ड कर 16 गेंद की उनकी पारी को खत्म किया.
Also Read: WI vs IND: राहुल द्रविड़ के गंभीर भाषण के बाद शिखर धवन ने ड्रेसिंग रूम में किया धमाल, देखें VIDEO
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar Digital Desk
यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










