बेथेल और ब्रूक ने लगाई नेपाल की क्लास, इंग्लैंड ने दिया 185 रन का टारगेट

Updated at : 08 Feb 2026 4:46 PM (IST)
विज्ञापन
ENG vs NEP: England Innings

जैकब बेथेल और हैरी ब्रूक

ENG vs NEP: टी20 वर्ल्ड कप 2026 में इंग्लैंड ने नेपाल को 185 रनों का लक्ष्य दिया है. टॉस जीतकर पहले बैटिंग करते हुए इंग्लैंड ने हैरी ब्रूक (53) और जैकब बेथेल (55) के अर्धशतकों की मदद से 184 रन बनाए. अंत में विल जैक्स ने 18 गेंदों में तूफानी 39 रन जोड़कर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया.

विज्ञापन

ENG vs NEP: मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में टी20 वर्ल्ड कप 2026 (T20 World Cup 2026) का एक बेहद रोमांचक मुकाबला इंग्लैंड और नेपाल (England vs Nepal) के बीच खेला जा रहा है. टॉस जीतकर पहले बैटिंग करने उतरी इंग्लैंड की टीम ने 20 ओवरों में 7 विकेट खोकर 184 रनों का मजबूत स्कोर खड़ा किया. नेपाल की कसी हुई गेंदबाजी के सामने एक समय इंग्लैंड संघर्ष करता दिख रहा था, लेकिन कप्तान हैरी ब्रूक (Harry Brook) और अंत में विल जैक्स की तूफानी पारी ने मैच का पासा पलट दिया. अब नेपाल के सामने जीत के लिए 185 रनों का चुनौतीपूर्ण लक्ष्य है.

शुरुआती झटकों से लड़खड़ाई इंग्लैंड की पारी

इंग्लैंड की शुरुआत उम्मीद के मुताबिक नहीं रही. कप्तान हैरी ब्रूक का टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला उस वक्त गलत साबित होता दिखा, जब टीम का स्कोर महज 5 रन था और सलामी बल्लेबाज फिल साल्ट पवेलियन लौट गए. स्टार खिलाड़ी जोस बटलर से बड़ी पारी की उम्मीद थी, लेकिन वह भी क्रीज पर ज्यादा देर नहीं टिक सके. बटलर ने कुछ अच्छे शॉट जरूर लगाए, पर 26 रन के निजी स्कोर पर नंदन यादव की गेंद का शिकार बन गए. शुरुआती दो बड़े विकेट गिरने से इंग्लैंड की रन गति पर ब्रेक लग गया था.

जैकब बेथेल और हैरी ब्रूक की शानदार फिफ्टी

मुश्किल वक्त में जैकब बेथेल ने मोर्चा संभाला और नेपाली गेंदबाजों की जमकर खबर ली. बेथेल ने आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए मात्र 28 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया. उन्होंने अपनी 55 रनों की पारी में 35 गेंदों का सामना किया, जिसमें 4 शानदार चौके और 4 गगनचुंबी छक्के शामिल रहे. बेथेल के आउट होने के बाद कप्तान हैरी ब्रूक ने जिम्मेदारी उठाई. ब्रूक ने कप्तानी पारी खेलते हुए 31 गेंदों में अपनी फिफ्टी पूरी की. उन्होंने अपनी 53 रनों की पारी में 4 चौके और 3 छक्के जड़कर टीम को 150 के पार पहुंचाया.

विल जैक्स का आखिरी ओवर्स में धमाका

एक समय लग रहा था कि इंग्लैंड की टीम 160-170 के बीच सिमट जाएगी, क्योंकि 157 रन के स्कोर पर कप्तान ब्रूक के रूप में छठा झटका लगा था. लेकिन मैदान पर आए विल जैक्स के इरादे कुछ और ही थे. जैक्स ने नेपाली गेंदबाजों पर हमला बोलते हुए महज 18 गेंदों में नाबाद 39 रन ठोक दिए. उनकी इस छोटी लेकिन बेहद असरदार पारी में 4 छक्के और 1 चौका शामिल रहा. इसी आतिशबाजी की बदौलत इंग्लैंड ने 20 ओवरों में 184 रनों का सम्मानजनक स्कोर खड़ा किया.

नेपाल के सामने 185 रनों की बड़ी चुनौती

नेपाल की टीम के लिए यह मुकाबला ऐतिहासिक है, लेकिन जीत की राह आसान नहीं होगी. वानखेड़े की पिच पर 185 रनों का लक्ष्य पीछा करना किसी भी टीम के लिए चुनौतीपूर्ण होता है. नेपाल के गेंदबाजों ने बीच के ओवर्स में अच्छी वापसी की थी, खासकर नंदन यादव ने बटलर का बड़ा विकेट लेकर दबाव बनाया था. हालांकि, अंतिम ओवर्स में रन लुटाना उन्हें भारी पड़ा. अब पूरी जिम्मेदारी नेपाल के बल्लेबाजों पर है कि वे वर्ल्ड कप के इस बड़े मंच पर इंग्लैंड के विश्व स्तरीय गेंदबाजी आक्रमण का सामना कैसे करते हैं.

ये भी पढ़ें-

टिम सीफर्ट की फिफ्टी, न्यूजीलैंड का जीत के साथ टी20 वर्ल्ड कप में आगाज, अफगानिस्तान को 5 विकेट से हराया

वीडियो: चेपॉक में टला बड़ा खतरा, कैच के चक्कर में आपस में भिड़ गए दो कीवी खिलाड़ी

विज्ञापन
Aditya Kumar Varshney

लेखक के बारे में

By Aditya Kumar Varshney

आदित्य वार्ष्णेय एक अनुभवी खेल पत्रकार हैं, जो वर्तमान में कंटेंट राइटर के रूप में प्रभात खबर के साथ जुड़े हुए हैं. वह पिछले 5 सालों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और स्पोर्ट्स बीट में गहरी पकड़ रखते हैं. आप क्रिकेट, फुटबॉल हॉकी, टेनिस और चेस जैसे खेलों पर लिखना पसंद करते हैं. आप मैच रिपोर्ट, विश्लेषणात्मक लेख, फीचर स्टोरी और एक्सप्लेनर आधारित कंटेंट तैयार करते हैं. आपने प्रभात खबर से पहले भारत समाचार में असिस्टेंट प्रोड्यूसर (आउटपुट विभाग) के रूप में काम किया है, वहीं स्टार स्पोर्ट्स में असिस्टेंट प्रोड्यूसर (क्रिकेट, हिंदी फीड) के तौर पर भी काम कर चुके हैं. आपके पास ब्रॉडकास्ट और डिजिटल दोनों प्लेटफॉर्म का मजबूत अनुभव है.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola