भारतीय टीम से बाहर होने के बाद सूर्या का धमाका, 200 के स्ट्राइक रेट से ठोके 72 रन
सूर्यकुमार यादव अर्धशतक बनाने के बाद (फोटो-सोशल मीडिया)
मुंबई टी20 लीग 2026 में सूर्यकुमार यादव ने शानदार फॉर्म का परिचय देते हुए 36 गेंदों में नाबाद 72 रन बनाए. 200 के स्ट्राइक रेट से खेली गई इस पारी में उन्होंने 13 चौके और 1 छक्का लगाया, जिससे ट्रायंफ नाइट्स मुंबई नॉर्थ ईस्ट ने 6 विकेट से जीत दर्ज की.
Suryakumar Yadav: भारतीय टी20 टीम की कप्तानी गंवाने के बाद सूर्यकुमार यादव ने बल्ले से जोरदार जवाब दिया है. मुंबई टी20 लीग 2026 में ट्रायंफ नाइट्स मुंबई नॉर्थ ईस्ट की ओर से खेलते हुए उन्होंने शानदार अर्धशतक जड़ा और अपनी टीम को जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई.
एमएससी मराठा रॉयल्स के खिलाफ खेले गए मुकाबले में सूर्यकुमार यादव ने 36 गेंदों पर नाबाद 72 रन बनाए. उनकी पारी की सबसे खास बात यह रही कि उन्होंने केवल एक छक्का लगाया, जबकि 13 चौकों की मदद से रन बटोरे. इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट 200 का रहा. उनकी इस विस्फोटक बल्लेबाजी के दम पर ट्रायंफ नाइट्स ने लक्ष्य को आसानी से हासिल कर लिया.
चौथे मैच में दिखा सूर्या का असली रंग
मुंबई टी20 लीग के शुरुआती मुकाबलों में सूर्यकुमार यादव बड़ी पारी नहीं खेल पाए थे. पहले मैच में उन्होंने 19 रन बनाए, दूसरे मैच में सस्ते में आउट हो गए, जबकि तीसरे मुकाबले में 48 रन की पारी खेली थी. अब चौथे मैच में उन्होंने 72 रन बनाकर शानदार लय हासिल करने के संकेत दिए हैं.
16 ओवर में दिलाई जीत
मुकाबले में ट्रायंफ नाइट्स मुंबई नॉर्थ ईस्ट के कप्तान सूर्यकुमार यादव ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी चुनी. एमएससी मराठा रॉयल्स की टीम 19.5 ओवर में 152 रन बनाकर ऑलआउट हो गई. 153 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी ट्रायंफ नाइट्स की शुरुआत अच्छी नहीं रही और टीम ने शुरुआती दो विकेट जल्दी गंवा दिए.
इसके बाद सूर्यकुमार यादव ने मोर्चा संभाला और आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए मैच का रुख अपनी टीम की ओर मोड़ दिया. उनकी नाबाद 72 रन की पारी की बदौलत टीम ने 16 ओवर में ही लक्ष्य हासिल कर लिया और 6 विकेट से जीत दर्ज की. सूर्यकुमार के शानदार प्रदर्शन के लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया.
आईपीएल के बाद दिखी नई लय
आईपीएल 2026 में उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर पाने वाले सूर्यकुमार यादव अब मुंबई टी20 लीग में धीरे-धीरे अपनी लय हासिल करते नजर आ रहे हैं. लगातार बेहतर होती पारियां यह संकेत दे रही हैं कि भारत के इस स्टार बल्लेबाज ने फॉर्म में वापसी की राह पकड़ ली है.
यह भी पढ़ें: भारत की रिकॉर्ड जीत के हीरो मानव सुथार, डेब्यू टेस्ट में किसे दिया अपनी सफलता का श्रेय?
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए