ePaper

शुभमन गिल बने अब इस टीम के कप्तान, इंग्लैंड टेस्ट सीरीज में 754 रन का मिला इनाम

Updated at : 07 Aug 2025 8:38 PM (IST)
विज्ञापन
Shubman Gill

Shubman Gill

Shubman Gill: टीम इंडिया के युवा कप्तान शुभमन गिल की अगुवाई में भारत ने इंग्लैंड में बेहतर प्रदर्शन किया और पांच मैचों की टेस्ट सीरीज को 2-2 से ड्रॉ कराने में कामयाब रहा. इसके बाद से गिल की खूब तारीफ हो रही है. सीरीज के बाद भारतीय खिलाड़ी अब दलीप ट्रॉफी की तैयारियों में जुट गए हैं. 28 अगस्त से शुरू होने वाले इस टूर्नामेंट में गिल को उत्तर क्षेत्र टीम का कप्तान बनाया गया है. हालांकि, उनके एशिया कप 2025 में खेलने की पूरी संभावना है.

विज्ञापन

Shubman Gill: इंग्लैंड में भारत को 2-2 से टेस्ट सीरीज ड्रॉ कराने वाले युवा कप्तान शुभमन गिल को एक और जिम्मेदारी दी गई है. 28 अगस्त से बेंगलुरु में शुरू हो रही दलीप ट्रॉफी के लिए गिल को उत्तर क्षेत्र टीम का कप्तान नियुक्त किया गया है. इंग्लैंड में पांच टेस्ट मैचों में 754 रन बनाने वाले और भारत के प्लेयर ऑफ द सीरीज बने गिल के अलावा, बाएं हाथ के तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह, तेज गेंदबाज अंशुल कंबोज और तेज गेंदबाज ऑलराउंडर हर्षित राणा 15 सदस्यीय टीम में अन्य बड़े नाम हैं. कंबोज ने इंग्लैंड के खिलाफ मैनचेस्टर में चौथे मैच में अपना टेस्ट डेब्यू किया था, जबकि राणा इंग्लैंड लायंस के खिलाफ भारत ‘ए’ के मैचों में खेले थे और अर्शदीप को टेस्ट सीरीज में खेलने का मौका नहीं मिला था.

गिल का बैकअप भी तैयार

गुरुवार को नई दिल्ली में हुई बैठक में टीम का चयन करने वाली क्षेत्रीय चयन समिति ने यह भी घोषणा की कि यदि शुभमन गिल, अर्शदीप और राणा में से किसी को भी दलीप ट्रॉफी के साथ होने वाले भारतीय टीम के आगामी मैचों के लिए टीम में शामिल किया जाता है तो सर्विसेज के शुभम रोहिल्ला, पंजाब के गुरनूर बरार और हरियाणा के अनुज ठकराल को मुख्य टीम में शामिल किया जाएगा. भारत का अगला टूर्नामेंट पुरुष टी20 एशिया कप है, जो 9 से 28 सितंबर तक यूएई में खेला जाएगा. उत्तर क्षेत्र की टीम के अन्य प्रमुख सदस्यों में दिल्ली के ऑलराउंडर आयुष बदोनी और बल्लेबाज यश ढुल शामिल हैं, जिन्होंने 2022 अंडर-19 पुरुष क्रिकेट विश्व कप में भारत की कप्तानी की थी.

जम्मू-कश्मीर के भी चार खिलाड़ी टीम में

पिछले रणजी ट्रॉफी सत्र के क्वार्टर फाइनल में जगह बनाने वाली जम्मू और कश्मीर की टीम में उत्तर क्षेत्र की टीम में चार खिलाड़ी शामिल हैं. इनके नाम शुभम खजूरिया, साहिल लोत्रा, युद्धवीर सिंह चरक और औकीब नबी है, जबकि आबिद मुश्ताक को स्टैंड-बाय सूची में रखा गया है. दलीप ट्रॉफी छह टीमों के पुराने क्षेत्रीय प्रारूप में आयोजित की जाएगी और 2025/26 घरेलू क्रिकेट सत्र की शुरुआत का प्रतीक है. उत्तर क्षेत्र अपने अभियान की शुरुआत बीसीसीआई सेंटर ऑफ एक्सीलेंस ग्राउंड पर ईशान किशन की अगुवाई वाले पूर्वी क्षेत्र के खिलाफ क्वार्टर फाइनल मुकाबले से करेगा और इस मैच की विजेता टीम सेमीफाइनल में दक्षिण क्षेत्र से भिड़ेगी.

उत्तर क्षेत्र टीम

शुभमन गिल (कप्तान), शुभम खजूरिया, अंकित कुमार (उपकप्तान), आयुष बडोनी, यश ढुल, अंकित कलसी, निशांत सिंधु, साहिल लोत्रा, मयंक डागर, युद्धवीर सिंह चरक, अर्शदीप सिंह, हर्षित राणा, अंशुल कंबोज, औकिब नबी और कन्हैया वधावन (विकेटकीपर).
स्टैंडबाय : शुभम अरोड़ा (विकेटकीपर), जसकरनवीर सिंह पॉल, रवि चौहान, आबिद मुश्ताक, निशंक बिड़ला, उमर नजीर और दिवेश शर्मा.

एशिया कप में खेलेंगे गिल

उत्तरी क्षेत्र का दलीप ट्रॉफी अभियान 28 अगस्त को पूर्वी क्षेत्र के खिलाफ शुरू होगा, जिसका फाइनल 11 सितंबर को होगा. यह समय-सीमा भारत के एशिया कप अभियान से मेल खाती है, जो 10 सितंबर को यूएई के खिलाफ शुरू होगा. हालांकि, बीसीसीआई ने गिल के साथ-साथ अर्शदीप सिंह और हर्षित राणा के लिए भी एशिया कप में चयन का रास्ता खुला रखा है. चयनकर्ताओं ने शुभमन रोहिल्ला (एसएससीबी), गुरनूर बरार और अनुल ठकराल को बैकअप के तौर पर चुनकर इसके संकेत दे दिए हैं. इससे पहले, पीटीआई ने बताया था कि गिल, यशस्वी जायसवाल और साई सुदर्शन के साथ, भारत की एशिया कप टीम में जगह बनाने की दौड़ में हैं. चयन समिति कथित तौर पर अपने विकल्पों पर सावधानीपूर्वक विचार कर रही है, खासकर एशिया कप के तुरंत बाद वेस्टइंडीज के खिलाफ घरेलू टेस्ट सीरीज को देखते हुए.

ये भी पढ़ें…

इंग्लैंड में हो रहा ‘द हंड्रेड’ अंग्रेजों को ही नहीं आ रहा पसंद, जानें टी-20 से कैसे है अलग

ओवैसी की ‘पूरा खोल दिए पाशा’ वाली तारीफ पर ये क्या बोल गए मोहम्मद सिराज

विज्ञापन
AmleshNandan Sinha

लेखक के बारे में

By AmleshNandan Sinha

अमलेश नंदन सिन्हा प्रभात खबर डिजिटल में वरिष्ठ पत्रकार के रूप में कार्यरत हैं. इनके पास हिंदी पत्रकारिता में 20 से अधिक वर्षों का अनुभव है. रांची विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई करने के बाद से इन्होंने कई समाचार पत्रों के साथ काम किया. इन्होंने पत्रकारिता की शुरुआत रांची एक्सप्रेस से की, जो अपने समय में झारखंड के विश्वसनीय अखबारों में से एक था. एक दशक से ज्यादा समय से ये डिजिटल के लिए काम कर रहे हैं. झारखंड की खबरों के अलावा, समसामयिक विषयों के बारे में भी लिखने में रुचि रखते हैं. विज्ञान और आधुनिक चिकित्सा के बारे में देखना, पढ़ना और नई जानकारियां प्राप्त करना इन्हें पसंद है.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola