शाई होप की चेतावनी, पिछला मैच बीत गया, अब अगली जंग की तैयारी

शाई होप
Shai Hope Statement: जिम्बाब्वे को 107 रन से हराने के बाद वेस्टइंडीज के कप्तान शाई होप ने टीम के प्रदर्शन की तारीफ की. उन्होंने कहा कि 254 रन बनाना बड़ी उपलब्धि है, लेकिन टीम का असली लक्ष्य वर्ल्ड कप जीतना है. अब उनकी नजरें दक्षिण अफ्रीका और भारत के खिलाफ होने वाले बड़े मुकाबलों पर टिकी हैं.
Highlights
Shai Hope Statement: वेस्टइंडीज की टीम ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 (T20 World Cup 2026) में जिम्बाब्वे को 107 रन से हराकर तहलका मचा दिया है. इस जीत के साथ ही वेस्टइंडीज सेमीफाइनल की रेस में सबसे आगे खड़ी है. टीम के कप्तान शाई होप (Shai Hope) ने इस बड़ी जीत के बाद साफ कर दिया है कि उनकी नजर अब साउथ अफ्रीका और भारत के खिलाफ होने वाले मुकाबलों पर है.
वेस्टइंडीज का अब तक का सबसे बड़ा स्कोर
जिम्बाब्वे के खिलाफ मैच में वेस्टइंडीज के बल्लेबाजों ने मैदान के हर कोने में शॉट लगाए. टीम ने 20 ओवर में 6 विकेट खोकर 254 रन बनाए. यह टी20 वर्ल्ड कप के इतिहास में वेस्टइंडीज का अब तक का सबसे बड़ा स्कोर है. हालांकि, वे श्रीलंका के 260 रन के वर्ल्ड रिकॉर्ड को तोड़ने से सिर्फ 7 रन पीछे रह गए. शिमरोन हेटमायर ने तूफानी बल्लेबाजी करते हुए सिर्फ 19 गेंद में अपनी फिफ्टी पूरी की और कुल 85 रन बनाए.
जिम्बाब्वे के खिलाफ जीत पर बोले शाई होप
मैच के बाद कप्तान शाई होप ने कहा कि जब आपकी टीम टी20 मैच में 250 से ज्यादा रन बनाती है, तो एक कप्तान के तौर पर आपको खुशी होती है. उन्होंने बताया कि बल्लेबाजी के बाद हमारे गेंदबाजों ने भी अपना काम बखूबी किया. पावरप्ले और बीच के ओवरों में स्पिनरों ने जिम्बाब्वे के बल्लेबाजों को हाथ खोलने का मौका नहीं दिया. होप ने इस प्रदर्शन को अपनी टीम के लिए एक ‘कम्पलीट गेम’ बताया.
रिकॉर्ड से ज्यादा जीत पर है ध्यान
शाई होप ने साफ किया कि टीम का मकसद रिकॉर्ड बनाना नहीं बल्कि मैच जीतना है. उन्होंने कहा कि हम मैदान पर यह सोचकर नहीं उतरते कि हमें 275 या 300 रन बनाने हैं. हमारा लक्ष्य बस इतना होता है कि बोर्ड पर ज्यादा से ज्यादा रन जोड़ें ताकि विपक्षी टीम दबाव में आ जाए. उन्होंने खिलाड़ियों को सलाह दी कि वे रिकॉर्ड्स के बारे में टूर्नामेंट खत्म होने के बाद बात करें, अभी सारा ध्यान सिर्फ खेल पर होना चाहिए.
साउथ अफ्रीका और भारत से कड़ी चुनौती
वेस्टइंडीज का अगला मुकाबला अब साउथ अफ्रीका से अहमदाबाद में होना है. यह मैच तय करेगा कि ग्रुप 1 में कौन सी टीम टॉप पर रहेगी. इसके बाद उन्हें भारत का सामना भी करना है. होप ने कहा कि पिछला मैच अब बीत चुका है, हमें आने वाले बड़े मैचों के लिए खुद को तैयार रखना होगा. अगर हमें वर्ल्ड कप जीतना है तो हमें लगातार अपना बेस्ट क्रिकेट खेलना होगा.
दो बार की चैंपियन टीम का बढ़ा भरोसा
वेस्टइंडीज पहले भी दो बार टी20 वर्ल्ड कप का खिताब जीत चुकी है. कप्तान ने कहा कि जिस तरह से टीम अभी खेल रही है, उससे खिलाड़ियों का भरोसा काफी बढ़ा है. सेमीफाइनल में जगह पक्की करने के लिए टीम को बस एक और जीत की जरूरत है. होप ने जोर देकर कहा कि टीम को हर दिन बेहतर होने की जरूरत है ताकि वे तीसरी बार ट्रॉफी उठा सकें.
ये भी पढ़ें-
ईडन गार्डन्स को झटका? पाक-श्रीलंका पर टिका सेमीफाइनल का शेड्यूल
पाकिस्तान और इंग्लैंड की भिड़त, पाक हारा तो कैसे पहुंचेगा सेमीफाइनल में?
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Aditya Kumar Varshney
आदित्य वार्ष्णेय एक अनुभवी खेल पत्रकार हैं, जो वर्तमान में कंटेंट राइटर के रूप में प्रभात खबर के साथ जुड़े हुए हैं. वह पिछले 5 सालों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और स्पोर्ट्स बीट में गहरी पकड़ रखते हैं. आप क्रिकेट, फुटबॉल हॉकी, टेनिस और चेस जैसे खेलों पर लिखना पसंद करते हैं. आप मैच रिपोर्ट, विश्लेषणात्मक लेख, फीचर स्टोरी और एक्सप्लेनर आधारित कंटेंट तैयार करते हैं. आपने प्रभात खबर से पहले भारत समाचार में असिस्टेंट प्रोड्यूसर (आउटपुट विभाग) के रूप में काम किया है, वहीं स्टार स्पोर्ट्स में असिस्टेंट प्रोड्यूसर (क्रिकेट, हिंदी फीड) के तौर पर भी काम कर चुके हैं. आपके पास ब्रॉडकास्ट और डिजिटल दोनों प्लेटफॉर्म का मजबूत अनुभव है.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




