ePaper

शाहिद अफरीदी का फूटा गुस्सा, भारत से हार के बाद दामाद समेत 3 दिग्गजों को टीम से बाहर करने की मांग

Updated at : 16 Feb 2026 12:25 PM (IST)
विज्ञापन
Shahid Afridi on India defeat Pakistan

पाकिस्तान टीम और शाहीद अफरीदी

Shahid Afridi on India defeat: टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत के हाथों मिली 61 रनों की करारी हार के बाद शाहिद अफरीदी का गुस्सा फूट पड़ा है. उन्होंने खराब प्रदर्शन के चलते अपने दामाद शाहीन अफरीदी, बाबर आजम और शादाब खान को टीम से बाहर करने की वकालत की है.

विज्ञापन

Shahid Afridi on India defeat: टी20 वर्ल्ड कप 2026 (T20 World Cup 2026) में भारत और पाकिस्तान (India vs Pakistan) के बीच कोलंबो के आर प्रेमदासा स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में भारतीय टीम ने शानदार जीत दर्ज की. टीम इंडिया ने सूर्यकुमार यादव (Suryakumar Yadav) की कप्तानी में पाकिस्तान को 61 रनों से हराकर मैच एकतरफा कर दिया. मैच से पहले जो पाकिस्तानी पूर्व खिलाड़ी अपनी टीम की तारीफ करते नहीं थक रहे थे, हार के बाद उनके सुर पूरी तरह बदल गए. 

पूर्व कप्तान शाहिद अफरीदी (Shahid Afridi) ने काफी कड़ा रुख अपनाया. भारत के खिलाफ मिली हार से नाराज अफरीदी ने अपने दामाद शाहीन अफरीदी (Shaheen Afridi), बाबर आजम (Babar Azam) और शादाब खान (Shadab Khan) को टीम से बाहर करने की बात कही है.

शाहिद अफरीदी का कड़ा बयान

पाकिस्तान के एक टीवी शो में बातचीत के दौरान शाहिद अफरीदी ने अपनी भड़ास निकाली. उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि टीम के हारने के बाद अब कड़े फैसले लेने का वक्त आ गया है. अफरीदी ने कहा कि अगर फैसला उनके हाथ में होता तो वह बाबर आजम, शाहीन अफरीदी और शादाब खान तीनों को टीम से बाहर कर देते. उनका मानना है कि ये तीनों सीनियर खिलाड़ी काफी लंबे समय से टीम के साथ जुड़े हैं, लेकिन इसके बावजूद टीम को वो परिणाम नहीं मिल रहे जिसकी उम्मीद की जाती है. इसलिए अब इन बड़े नामों को हटाने का सही समय आ गया है.

जूनियर खिलाड़ियों को मौका देने की वकालत

शाहिद अफरीदी ने सीनियर खिलाड़ियों को हटाकर नए और युवा खिलाड़ियों को मौका देने पर जोर दिया. उन्होंने कहा कि जब सीनियर खिलाड़ी उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर पा रहे हैं, तो बाहर बैठे जूनियर खिलाड़ियों को खिलाना चाहिए. इससे नए खिलाड़ियों को बड़े मंच का अनुभव मिलेगा और वे खुद को तैयार कर सकेंगे. अफरीदी ने कहा कि हम सब इतने अरसे से देख रहे हैं कि ये लोग खेले जा रहे हैं, लेकिन जब टीम को जरूरत होती है तो ये परफॉर्म नहीं कर पाते. अफरीदी ने सुझाव दिया कि नामीबिया के खिलाफ होने वाले अगले मैच से ही इन खिलाड़ियों को बाहर कर देना चाहिए.

शाहीन अफरीदी का खराब प्रदर्शन

शाहिद अफरीदी के अपने दामाद और तेज गेंदबाज शाहीन अफरीदी का प्रदर्शन इस टूर्नामेंट में काफी निराशाजनक रहा है. भारत के खिलाफ मैच में उन्होंने सिर्फ 2 ओवर गेंदबाजी की, जिसमें उन्होंने 31 रन लुटा दिए और उन्हें सिर्फ एक विकेट मिला. 2023 में शाहिद अफरीदी की बेटी अंशा से निकाह करने वाले शाहीन के लिए टी20 वर्ल्ड कप 2026 अब तक यादगार नहीं रहा है. उन्होंने अब तक खेले 3 मैचों में सिर्फ 3 विकेट लिए हैं. अमेरिका के खिलाफ उन्होंने 4 ओवर में 42 रन और नीदरलैंड्स के खिलाफ 3 ओवर में 28 रन देकर एक-एक विकेट लिया था.

बाबर और शादाब भी रहे फ्लॉप

सिर्फ शाहीन ही नहीं, बल्कि बाबर आजम और शादाब खान भी भारत के खिलाफ पूरी तरह विफल रहे. टीम की बल्लेबाजी की रीढ़ माने जाने वाले बाबर आजम, जिनसे इस बड़े मैच में काफी उम्मीदें थीं, वह सिर्फ 5 रन बनाकर आउट हो गए. वहीं, ऑलराउंडर शादाब खान ने गेंदबाजी में एक ओवर डाला जिसमें 17 रन दिए और बल्लेबाजी में भी सिर्फ 14 रन ही बना सके. इन सीनियर खिलाड़ियों के खराब खेल ने पाकिस्तान की मुश्किलें बढ़ा दी हैं और टीम को 61 रनों से हार का सामना करना पड़ा.

शोएब अख्तर का गुस्सा

मैच से पहले पाकिस्तान के कई पूर्व खिलाड़ी अपनी टीम की जीत के दावे कर रहे थे, लेकिन हार के बाद उन्होंने तुरंत यू-टर्न ले लिया है. अब वही खिलाड़ी टीम की आलोचना कर रहे हैं. शोएब अख्तर ने भी इस हार पर तीखी प्रतिक्रिया दी है. उन्होंने पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के चेयरमैन मोहसिन नकवी को खरी-खोटी सुनाई. पाकिस्तानी फैंस को भी यह हार काफी चुभी है और सोशल मीडिया पर उनका गुस्सा साफ देखने को मिल रहा है. ऐसा लग रहा था कि पाकिस्तान इस बार टक्कर देगा, लेकिन उन्होंने एक बार फिर भारत के सामने घुटने टेक दिए.

ये भी पढ़ें-

लव यू पापा, पाकिस्तान से मिली जीत पर सूर्यकुमार के लिए मिला स्पेशल मैसेज

न तो हैंडशेक और न ही कुछ बात, सूर्या ने पाक कप्तान आगा को फिर किया इग्नोर

IND vs PAK: कोलंबो में पस्त हुआ पाकिस्तान, बल्लेबाजी में दिखा ईशान का जलवा

विज्ञापन
Aditya Kumar Varshney

लेखक के बारे में

By Aditya Kumar Varshney

आदित्य वार्ष्णेय एक अनुभवी खेल पत्रकार हैं, जो वर्तमान में कंटेंट राइटर के रूप में प्रभात खबर के साथ जुड़े हुए हैं. वह पिछले 5 सालों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और स्पोर्ट्स बीट में गहरी पकड़ रखते हैं. आप क्रिकेट, फुटबॉल हॉकी, टेनिस और चेस जैसे खेलों पर लिखना पसंद करते हैं. आप मैच रिपोर्ट, विश्लेषणात्मक लेख, फीचर स्टोरी और एक्सप्लेनर आधारित कंटेंट तैयार करते हैं. आपने प्रभात खबर से पहले भारत समाचार में असिस्टेंट प्रोड्यूसर (आउटपुट विभाग) के रूप में काम किया है, वहीं स्टार स्पोर्ट्स में असिस्टेंट प्रोड्यूसर (क्रिकेट, हिंदी फीड) के तौर पर भी काम कर चुके हैं. आपके पास ब्रॉडकास्ट और डिजिटल दोनों प्लेटफॉर्म का मजबूत अनुभव है.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola