Ranji Trophy: जम्मू-कश्मीर ने रचा इतिहास, बंगाल को हराकर पहली बार फाइनल में बनाई जगह

आकिब नबी
Ranji Trophy: जम्मू-कश्मीर ने रणजी ट्रॉफी के सेमीफाइनल में बंगाल को हराकर इतिहास रच दिया है. टीम पहली बार टूर्नामेंट के फाइनल में पहुंची है. इस ऐतिहासिक जीत के हीरो आकिब नबी रहे, जिन्होंने मैच में 9 विकेट लिए. वहीं अब्दुल समद ने भी बल्ले से कमाल दिखाया.
Highlights
Ranji Trophy: जम्मू-कश्मीर (Jammu Kashmir) की टीम ने घरेलू क्रिकेट में एक नया इतिहास लिख दिया है. टीम ने पहली बार रणजी ट्रॉफी के फाइनल (Ranji Trophy Final) में जगह बना ली है. सेमीफाइनल मुकाबले में जम्मू-कश्मीर ने बंगाल जैसी मजबूत और स्टार खिलाड़ियों से भरी टीम को हराकर यह बड़ा मुकाम हासिल किया है. मैच की चौथी पारी में जीत के लिए 126 रन का लक्ष्य मिला था, जिसे जम्मू-कश्मीर ने 6 विकेट रहते आसानी से हासिल कर लिया. इस जीत के साथ ही टीम ने खिताबी मुकाबले के लिए अपना दावा ठोक दिया है.
आकिब नबी बने जीत के सबसे बड़े हीरो
इस ऐतिहासिक जीत में सबसे बड़ा रोल आकिब नबी (Auqib Nabi) का रहा. उन्हें लगातार दूसरे मैच में प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया. बंगाल के खिलाफ इस मैच में उन्होंने कुल 9 विकेट लिए. पहली पारी में उन्होंने पांच बल्लेबाजों को आउट किया था, जिससे बंगाल की टीम दबाव में आ गई थी. इसके बाद दूसरी पारी में भी उनकी धारदार गेंदबाजी जारी रही और उन्होंने चार विकेट चटकाए. नबी की गेंदबाजी के आगे बंगाल के बल्लेबाज टिक नहीं पाए और यही जम्मू-कश्मीर की जीत की सबसे बड़ी वजह बनी.
अब्दुल समद ने बल्ले से दिखाया दम
सिर्फ गेंदबाजी ही नहीं, बल्लेबाजी में भी जम्मू-कश्मीर ने कमाल दिखाया. अब्दुल समद ने टीम के लिए बहुत ही जिम्मेदारी वाली पारी खेली. पहली पारी में जब टीम को रनों की जरूरत थी, तब समद ने 82 रन बनाए. उनकी इस पारी ने टीम को बंगाल के स्कोर के करीब पहुंचने में मदद की. इसके बाद जब दूसरी पारी में टीम लक्ष्य का पीछा कर रही थी, तब भी समद ने नाबाद 30 रन बनाए और टीम को जीत दिलाकर ही वापस लौटे.
बंगाल की बल्लेबाजी दूसरी पारी में बिखरी
मैच में कई उतार-चढ़ाव देखने को मिले. बंगाल ने पहली पारी में अच्छा खेल दिखाया था. सुदीप कुमार घरामी ने शानदार 146 रन बनाए थे, जिसकी बदौलत बंगाल ने 328 रन का स्कोर खड़ा किया था. इसके जवाब में जम्मू-कश्मीर ने भी अच्छी बल्लेबाजी की और 300 के पार स्कोर पहुंचाया. बंगाल को पहली पारी के आधार पर 26 रन की बढ़त मिली थी. ऐसा लग रहा था कि मैच बंगाल की पकड़ में है, लेकिन दूसरी पारी में खेल पूरी तरह पलट गया. जम्मू-कश्मीर के गेंदबाजों ने कहर बरपाया और बंगाल की पूरी टीम को सिर्फ 99 रन पर ढेर कर दिया. इसमें आकिब नबी और सुनील कुमार ने चार-चार विकेट लिए.
पिछले मैच में भी चला था नबी का जादू
फाइनल में पहुंचने का सफर आकिब नबी के शानदार प्रदर्शन का गवाह रहा है. इससे पहले मध्य प्रदेश के खिलाफ हुए क्वार्टर फाइनल मैच में भी नबी ने अपनी गेंदबाजी से कोहराम मचाया था. उस मैच में उन्होंने कुल 12 विकेट लिए थे. पहली पारी में 40 रन देकर 7 विकेट और दूसरी पारी में 70 रन देकर 5 विकेट उनके नाम रहे थे. उनके उस प्रदर्शन के दम पर ही जम्मू-कश्मीर ने 56 रन से जीत दर्ज की थी और सेमीफाइनल में जगह बनाई थी.
अब फाइनल और खिताब पर होगी नजर
सेमीफाइनल में मिले 126 रन के लक्ष्य का पीछा करना इतना आसान नहीं था. बंगाल के गेंदबाजों ने पूरा जोर लगा दिया था, लेकिन जम्मू-कश्मीर के बल्लेबाजों ने संयम से काम लिया. अब टीम का अगला लक्ष्य रणजी ट्रॉफी का खिताब जीतना है. फाइनल में जम्मू-कश्मीर का मुकाबला कर्नाटक और उत्तराखंड के बीच चल रहे दूसरे सेमीफाइनल के विजेता से होगा. टीम जिस तरह के फॉर्म में है, उसे देखते हुए फैंस को उम्मीद है कि फाइनल में भी एक नया इतिहास रचा जाएगा.
ये भी पढ़ें-
कोहली से तुलना करना बेकार, बाबर आजम पर भड़के दिनेश कार्तिक
अहमदाबाद में रनों की बारिश होगी या गिरेंगे विकेट, जानिए पिच और टीम का हाल
क्या मौसम बनेगा विलेन? बिना मैच खेले भी सुपर 8 में पहुंच सकता है पाकिस्तान, जानें समीकरण

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी
लेखक के बारे में
By Aditya Kumar Varshney
आदित्य वार्ष्णेय एक अनुभवी खेल पत्रकार हैं, जो वर्तमान में कंटेंट राइटर के रूप में प्रभात खबर के साथ जुड़े हुए हैं. वह पिछले 5 सालों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और स्पोर्ट्स बीट में गहरी पकड़ रखते हैं. आप क्रिकेट, फुटबॉल हॉकी, टेनिस और चेस जैसे खेलों पर लिखना पसंद करते हैं. आप मैच रिपोर्ट, विश्लेषणात्मक लेख, फीचर स्टोरी और एक्सप्लेनर आधारित कंटेंट तैयार करते हैं. आपने प्रभात खबर से पहले भारत समाचार में असिस्टेंट प्रोड्यूसर (आउटपुट विभाग) के रूप में काम किया है, वहीं स्टार स्पोर्ट्स में असिस्टेंट प्रोड्यूसर (क्रिकेट, हिंदी फीड) के तौर पर भी काम कर चुके हैं. आपके पास ब्रॉडकास्ट और डिजिटल दोनों प्लेटफॉर्म का मजबूत अनुभव है.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




