क्या मुंबई इंडियंस के कप्तान बने रहेंगे हार्दिक पांड्या? ट्रेड की अटकलों के बीच MI ने किया पोस्ट

Updated:
विज्ञापन

हार्दिक पांड्या (फोटो—एक्स)

आईपीएल 2027 से पहले हार्दिक पांड्या के मुंबई इंडियंस से अलग होने की खबरों ने क्रिकेट जगत में हलचल बढ़ा दी है. मुंबई इंडियंस के एक रहस्यमयी पोस्ट ने इस चर्चा को और हवा दे दी है. क्या MI में ही रहेंगे हार्दिक?

विज्ञापन

Hardik Pandya: आईपीएल 2027 से पहले हार्दिक पांड्या के मुंबई इंडियंस से अलग होने की खबरों ने क्रिकेट जगत में हलचल बढ़ा दी है. मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया जा रहा है कि कई फ्रेंचाइजी हार्दिक को ट्रेड करने में दिलचस्पी दिखा रही हैं. चेन्नई सुपर किंग्स और कोलकाता नाइट राइडर्स जैसी टीमों का नाम भी चर्चा में है. हालांकि, अभी तक हार्दिक के ट्रेड को लेकर मुंबई इंडियंस या किसी दूसरी फ्रेंचाइजी की ओर से कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है. इन अटकलों के बीच मुंबई इंडियंस ने हार्दिक पांड्या की तस्वीरें सोशल मीडिया पर शेयर कर इस चर्चा को और हवा दे दी है.

विज्ञापन

हार्दिक को लेकर MI का रहस्यमयी पोस्ट

मुंबई इंडियंस ने सोशल मीडिया पर हार्दिक पांड्या की तीन तस्वीरें साझा की हैं. पोस्ट का कैप्शन भी ऐसा है, जिसने फैंस को सोचने पर मजबूर कर दिया. फ्रेंचाइजी ने हार्दिक के भविष्य को लेकर सीधे तौर पर कुछ नहीं कहा, लेकिन पोस्ट सामने आते ही कमेंट सेक्शन में उनके ट्रेड को लेकर तरह-तरह की अटकलें शुरू हो गईं.

क्या MI में ही रहेंगे हार्दिक?

हार्दिक पांड्या को लेकर सबसे बड़ा सवाल उनकी ट्रेडिंग और कप्तानी को लेकर है. क्या वह आईपीएल 2027 में मुंबई इंडियंस के कप्तान बने रहेंगे या किसी दूसरी टीम का हिस्सा होंगे, इस पर अभी तस्वीर साफ नहीं है. हार्दिक ने 2024 में मुंबई इंडियंस में वापसी के बाद टीम की कप्तानी संभाली थी. हालांकि, उनका कप्तानी कार्यकाल उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा. आईपीएल 2024 में मुंबई की टीम अंक तालिका में सबसे नीचे रही थी. इसके बाद 2025 में टीम ने क्वालीफायर-2 तक का सफर तय किया, लेकिन आईपीएल 2026 में एक बार फिर उसका प्रदर्शन निराशाजनक रहा और टीम नौवें स्थान पर रही.

गुजरात को चैंपियन बना चुके हैं हार्दिक

हार्दिक पांड्या का मुंबई इंडियंस से पुराना रिश्ता रहा है. उन्होंने अपने आईपीएल करियर की शुरुआत 2015 में मुंबई के साथ की थी. इसके बाद 2022 सीजन से पहले वह गुजरात टाइटंस से जुड़ गए और टीम की कप्तानी संभाली. हार्दिक ने गुजरात को उसके पहले ही आईपीएल सीजन में चैंपियन बना दिया था. अगले सीजन में भी उन्होंने टीम की कप्तानी की. इसके बाद 2024 में ट्रेड के जरिए उनकी मुंबई इंडियंस में वापसी हुई और उन्हें टीम की कप्तानी सौंप दी गई.

Also Read: DPL Viral Girl Video: मेधावी बिधूड़ी का ‘6-7’ सेलिब्रेशन हुआ वायरल, विकेट के साथ जीता फैंस का दिल

162 मैचों में 2955 रन और 82 विकेट

हार्दिक ने अब तक आईपीएल में मुंबई इंडियंस और गुजरात टाइटंस, इन दो टीमों के लिए ही खेला है. उनके नाम 162 आईपीएल मैचों में 2955 रन और 82 विकेट हैं. आईपीएल 2026 में हार्दिक का प्रदर्शन भी बहुत प्रभावी नहीं रहा. उन्होंने बल्ले से 206 रन बनाए, जबकि गेंदबाजी में सिर्फ चार विकेट हासिल किए. ऐसे में उनके ट्रेड को लेकर चल रही चर्चाओं ने फैंस की दिलचस्पी और बढ़ा दी है.

फिलहाल आधिकारिक ऐलान का इंतजार

हार्दिक के ट्रेड को लेकर चर्चाएं जरूर तेज हैं, लेकिन फिलहाल किसी भी तरह का आधिकारिक फैसला सामने नहीं आया है. मुंबई इंडियंस का रहस्यमयी सोशल मीडिया पोस्ट इन अटकलों को और बढ़ा रहा है, लेकिन सिर्फ पोस्ट के आधार पर हार्दिक के भविष्य को लेकर कोई निष्कर्ष निकालना जल्दबाजी होगी.

Also Read: Joe Root बने टेस्ट क्रिकेट में सबसे ज्यादा कैच लेने वाले फील्डर, जानिए किस खिलाड़ी को छोड़ा पीछे


विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola