इंग्लैंड की स्टार तेज गेंदबाज केट क्रॉस ने लिया संन्यास का फैसला, इंग्लिश समर में आखिरी बार आएंगी नजर
केट क्रॉस (फोटो—एक्स)
इंग्लैंड की अनुभवी तेज गेंदबाज केट क्रॉस ने पेशेवर क्रिकेट से संन्यास लेने की घोषणा की है. 15 साल के लंबे अंतरराष्ट्रीय करियर का अंत करते हुए उन्होंने अपने फैसले की जानकारी सोशल मीडिया पर दी.
Kate Cross: इंग्लैंड महिला क्रिकेट टीम की अनुभवी तेज गेंदबाज केट क्रॉस ने पेशेवर क्रिकेट से संन्यास लेने का ऐलान कर दिया है. 34 वर्षीय क्रॉस ने बताया कि मौजूदा इंग्लिश समर उनका पेशेवर क्रिकेट में आखिरी सीजन होगा. इसके साथ ही करीब 15 साल लंबे अंतरराष्ट्रीय करियर का भी अंत हो जाएगा.
सोशल मीडिया पर किया पोस्ट
क्रॉस ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए अपने फैसले की जानकारी दी. उन्होंने कहा कि जिस खेल ने उनकी जिंदगी को आकार दिया, उसे अलविदा कहने की कल्पना करना बेहद मुश्किल है. हालांकि, उन्होंने अपने सफर को लेकर खुशी और क्रिकेट से जुड़े लोगों के प्रति आभार जताया.
अपने संन्यास की घोषणा करते हुए क्रॉस ने कहा कि उन्हें पेशेवर स्तर पर अपने पसंदीदा खेल को खेलने और उच्चतम स्तर पर इंग्लैंड का प्रतिनिधित्व करने का मौका मिला, इसके लिए वह खुद को बेहद भाग्यशाली मानती हैं.
तीनों फॉर्मेट में किया इंग्लैंड का प्रतिनिधित्व
केट क्रॉस ने 2013 में इंग्लैंड के लिए अंतरराष्ट्रीय डेब्यू किया था. उन्होंने राष्ट्रीय टीम की ओर से तीनों फॉर्मेट में खेलते हुए कुल 102 मुकाबले खेले और 140 विकेट अपने नाम किए. उनके नाम 76 वनडे में 101 विकेट हैं. टेस्ट क्रिकेट के आठ मुकाबलों में उन्होंने 25 विकेट हासिल किए, जबकि 18 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में उनके नाम 14 विकेट दर्ज हैं. क्रॉस ने अपने करियर के दौरान इंग्लैंड की गेंदबाजी को लंबे समय तक मजबूती दी और खासकर वनडे तथा टेस्ट क्रिकेट में अपनी जगह बनाई.
आयरलैंड के खिलाफ 6 विकेट लेकर मचाया था धमाल
क्रॉस के वनडे करियर के यादगार प्रदर्शनों में 2024 में आयरलैंड के खिलाफ किया गया प्रदर्शन शामिल है. उन्होंने उस मुकाबले में सिर्फ 30 रन देकर छह विकेट हासिल किए थे और अपनी घातक गेंदबाजी से इंग्लैंड को जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई थी. टेस्ट क्रिकेट में भी उन्होंने अपने डेब्यू पर ही प्रभाव छोड़ा था. 2014 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पर्थ टेस्ट में क्रॉस ने दोनों पारियों में तीन-तीन विकेट लिए थे. उनकी गेंदबाजी के दम पर इंग्लैंड ने ऑस्ट्रेलिया की धरती पर एशेज टेस्ट में जीत दर्ज की थी.
Also Read: Joe Root बने टेस्ट क्रिकेट में सबसे ज्यादा कैच लेने वाले फील्डर, जानिए किस खिलाड़ी को छोड़ा पीछे
13 साल की उम्र में शुरू हुआ सफर
क्रॉस का क्रिकेट से रिश्ता काफी पुराना रहा है. लंकाशायर में जन्मीं क्रॉस महज 13 साल की उम्र में काउंटी की जूनियर टीम से जुड़ गई थीं. दो साल बाद वह लंकाशायर अकादमी में जगह बनाने वाली पहली लड़की बनीं. उन्होंने 2005 में लंकाशायर की सीनियर टीम के लिए डेब्यू किया और अपने लंबे करियर के दौरान काउंटी टीम से जुड़ी रहीं. इंग्लैंड की टीम में उनका चयन 2011 की एशेज सीरीज के लिए हुआ था, हालांकि अंतरराष्ट्रीय डेब्यू के लिए उन्हें 2013 तक इंतजार करना पड़ा.
बिग बैश और द हंड्रेड में भी दिखाया दम
क्रॉस ने सिर्फ इंग्लैंड और लंकाशायर के लिए ही नहीं, बल्कि फ्रेंचाइजी क्रिकेट में भी अपनी पहचान बनाई. वह ऑस्ट्रेलिया की महिला बिग बैश लीग में ब्रिस्बेन हीट के लिए खेल चुकी हैं. इसके अलावा वह लंकाशायर थंडर की शुरुआती टीम का हिस्सा रही थीं. बाद में उन्होंने द हंड्रेड में मैनचेस्टर ओरिजिनल्स की कप्तानी भी की. हाल ही में वह सनराइजर्स लीड्स के लिए घरेलू क्रिकेट में वापस लौटी थीं और अब अपने करियर के अंतिम दौर में लंकाशायर के लिए खेलेंगी.
Also Read: क्या मुंबई इंडियंस के कप्तान बने रहेंगे हार्दिक पांड्या? ट्रेड की अटकलों के बीच MI ने किया पोस्ट
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए