अहमदाबाद में रनों की बारिश होगी या गिरेंगे विकेट, जानिए पिच और टीम का हाल

नरेंद्र मोदी स्टेडियम
IND vs NED: टी20 वर्ल्ड कप 2026 में आज भारत और नीदरलैंड्स अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में भिड़ेंगे. टीम इंडिया लगातार चौथी जीत की तलाश में है वहीं नीदरलैंड्स के लिए यह करो या मरो का मैच है. पिच रिपोर्ट के मुताबिक यहां रनों की बारिश हो सकती है.
Highlights
IND vs NED: टी20 वर्ल्ड कप 2026 (T20 World Cup 2026) में आज भारत और नीदरलैंड्स (India vs Netherlands) की टीम आमने-सामने होंगी. चार साल बाद T20 इंटरनेशनल क्रिकेट में दोनों टीमें एक-दूसरे से भिड़ रही हैं. अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में होने वाले इस मुकाबले पर सबकी नजर टिकी है. टीम इंडिया ग्रुप A में टॉप पर है और लगातार चौथी जीत दर्ज करके सुपर 8 में शानदार एंट्री करना चाहेगी. वहीं दूसरी तरफ नीदरलैंड्स के लिए यह मैच करो या मरो जैसा है. पिछले मैच में USA से मिली 93 रन की बड़ी हार के बाद उन्हें सुपर 8 की उम्मीदों को जिंदा रखने के लिए भारत के खिलाफ एक बड़ी जीत की जरूरत है.
अहमदाबाद में बल्लेबाजों को मिलेगी मदद
अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम की पिच हमेशा से बल्लेबाजों के लिए फायदेमंद रही है. इस टूर्नामेंट में अब तक यहां खेले गए तीन मैचों में पहले बल्लेबाजी करने वाली टीमों ने 213, 187 और 175 रन बनाए हैं. पिच बिल्कुल सपाट है और गेंद बल्ले पर आसानी से आ रही है. यही वो मैदान है जहां साउथ अफ्रीका और अफगानिस्तान के बीच पहला डबल सुपर ओवर मैच खेला गया था. अगर भारतीय टीम पहले बल्लेबाजी करती है तो दर्शकों को एक बार फिर 200 से ज्यादा का स्कोर देखने को मिल सकता है. यहां लक्ष्य का पीछा करना आसान नहीं रहा है, इसलिए टॉस जीतने वाली टीम पहले बल्लेबाजी करना पसंद करेगी.
टीम इंडिया का पलड़ा भारी
भारतीय टीम अपने पिछले मैच में पाकिस्तान को 61 रन से हराकर यहां पहुंची है. टीम का मनोबल सातवें आसमान पर है. कप्तान सूर्यकुमार यादव और बाकी खिलाड़ी शानदार फॉर्म में हैं. हालांकि, ओपनर अभिषेक शर्मा के लिए यह टूर्नामेंट अब तक कुछ खास नहीं रहा है. वह अपने दोनों मैचों में बिना खाता खोले आउट हुए हैं. आज के मैच में उन पर सबकी निगाहें होंगी कि वो कैसी वापसी करते हैं. घरेलू मैदान और दर्शकों का समर्थन टीम इंडिया के लिए एक्स्ट्रा पावर का काम करेगा.
नीदरलैंड्स के लिए कठिन चुनौती
नीदरलैंड्स की टीम को अगर सुपर 8 की रेस में बने रहना है तो उन्हें आज हर हाल में जीतना होगा. USA के खिलाफ मिली करारी हार ने उनके नेट रन रेट को काफी नुकसान पहुंचाया है. भारतीय टीम के गेंदबाजों के सामने नीदरलैंड्स के बल्लेबाजों को संभल कर खेलना होगा. T20 क्रिकेट में कब क्या हो जाए, यह कहना मुश्किल होता है, लेकिन नीदरलैंड्स को भारत जैसी मजबूत टीम को हराने के लिए अपनी पूरी ताकत लगानी होगी.
अहमदाबाद में T20 का रिकॉर्ड
इस मैदान पर अब तक कुल 14 T20 मैच खेले गए हैं. इनमें से पहले बल्लेबाजी करने वाली टीम ने 9 बार जीत दर्ज की है, जबकि बाद में बल्लेबाजी करने वाली टीम को सिर्फ 5 बार जीत मिली है. पहली पारी का औसत स्कोर यहां 172 रन है, जो दिखाता है कि यह हाई स्कोरिंग ग्राउंड है. यहां का हाईएस्ट स्कोर 234 रन है जो भारत ने न्यूजीलैंड के खिलाफ बनाया था. इन आंकड़ों से साफ है कि जो टीम पहले रन बनाएगी, वह मैच में आगे रहेगी.
दोनों टीम की संभावित प्लेइंग इलेवन
भारत: ईशान किशन (विकेटकीपर), अभिषेक शर्मा, तिलक वर्मा, सूर्यकुमार यादव (कप्तान), रिंकू सिंह, हार्दिक पांड्या, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, अर्शदीप सिंह, कुलदीप यादव, मोहम्मद सिराज.
नीदरलैंड्स: माइकल लेविट, मैक्स ओ’डॉउड, बास डी लीडे, कॉलिन एकरमैन, स्कॉट एडवर्ड्स (कप्तान और विकेटकीपर), जैक लायन-कैचेट, लोगान वैन बीक, आर्यन दत्त, रूलोफ वैन डेर मर्व, काइल क्लेन, फ्रेड क्लासेन.
ये भी पढ़ें-
क्या मौसम बनेगा विलेन? बिना मैच खेले भी सुपर 8 में पहुंच सकता है पाकिस्तान, जानें समीकरण
सुपर 8 में भारत का सामना साउथ अफ्रीका, जिम्बाब्वे और वेस्टइंडीज से, देखें पूरा शेड्यूल
क्या पस्त हो चुके हैं कंगारू! ऑस्ट्रेलिया के बर्बाद होने की पूरी कहानी

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी
लेखक के बारे में
By Aditya Kumar Varshney
आदित्य वार्ष्णेय एक अनुभवी खेल पत्रकार हैं, जो वर्तमान में कंटेंट राइटर के रूप में प्रभात खबर के साथ जुड़े हुए हैं. वह पिछले 5 सालों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और स्पोर्ट्स बीट में गहरी पकड़ रखते हैं. आप क्रिकेट, फुटबॉल हॉकी, टेनिस और चेस जैसे खेलों पर लिखना पसंद करते हैं. आप मैच रिपोर्ट, विश्लेषणात्मक लेख, फीचर स्टोरी और एक्सप्लेनर आधारित कंटेंट तैयार करते हैं. आपने प्रभात खबर से पहले भारत समाचार में असिस्टेंट प्रोड्यूसर (आउटपुट विभाग) के रूप में काम किया है, वहीं स्टार स्पोर्ट्स में असिस्टेंट प्रोड्यूसर (क्रिकेट, हिंदी फीड) के तौर पर भी काम कर चुके हैं. आपके पास ब्रॉडकास्ट और डिजिटल दोनों प्लेटफॉर्म का मजबूत अनुभव है.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




