टी20 वर्ल्ड कप: उस्मान तारिक के बॉलिंग एक्शन पर बवाल, भड़के फैंस, अश्विन ने दिया जवाब

Updated at : 11 Feb 2026 11:16 AM (IST)
विज्ञापन
Usman Tariq Bowling Action

उस्मान तारिक का बॉलिंग एक्शन

Usman Tariq Bowling Action: पाकिस्तान ने अमेरिका को टी20 वर्ल्ड कप में 32 रनों से हरा दिया. मैच में डेब्यू करने वाले उस्मान तारिक अपने 'रुक-रुक कर' गेंद फेंकने वाले एक्शन को लेकर वायरल हो गए. जहां फैंस ने सवाल उठाए, वहीं आर अश्विन और अंपायर अनिल चौधरी ने इसे नियमों के तहत सही बताया है.

विज्ञापन

Usman Tariq Bowling Action: पाकिस्तान और अमेरिका (PAK vs USA) के बीच टी20 वर्ल्ड कप 2026 (T20 World Cup 2026) का 12वां मुकाबला खेला गया. इस मैच में पाकिस्तान की टीम ने अमेरिका को 32 रनों से हरा दिया. इस मुकाबले में पाकिस्तान की टीम ने हर एक सेक्टर में कमाल का प्रदर्शन किया. गेंदबाजी में पाकिस्तान की ओर से सबसे सफल गेंदबाज उस्मान तारिक (Usman Tariq) रहे. यह उनका वर्ल्ड कप में डेब्यू मैच था. उनके दमदार प्रदर्शन के बीच एक और चीज सबसे ज्यादा चर्चा में रही है तो वह उनका एक्शन है. वह अपने अजीब एक्शन के कारण काफी ज्यादा चर्चा में बने हुए हैं.

उस्मान का अनोखा एक्शन

टी20 वर्ल्ड कप 2026 में अपने डेब्यू मैच में ही उस्मान तारिक ने अमेरिकी बल्लेबाजों की नाक में दम कर दिया. उन्होंने 4 ओवर में महज 27 रन देकर 3 विकेट झटके. हालांकि उनकी गेंदबाजी से ज्यादा उनके एक्शन ने सोशल मीडिया पर बहस छेड़ दी है. तारिक गेंद फेंकने से ठीक पहले कुछ पलों के लिए रुक जाते हैं. वह बल्लेबाज के पैर की मूवमेंट देखते हैं और फिर गेंद रिलीज करते हैं. इस स्टॉप-एंड-गो एक्शन के कारण बल्लेबाजों के लिए उनकी टाइमिंग को पकड़ना नामुमकिन हो रहा है. जिसके कारण फैंस उन्हें सोशल मीडिया पर जमकर ट्रोल कर रहे हैं. इसी बीच उन्हें भारतीय दिग्गज स्पिनर आर अश्विन का समर्थन मिला है.

फैंस ने फुटबॉल के नियम से की तुलना

USA के खिलाफ खेले गए मुकाबले के बाद एक फैन ने उस्मान के वीडियो पर नाराजगी जाहिर की. फैन ने X पर लिखा कि अब तो फुटबॉल में भी पेनल्टी रन-अप के दौरान रुकने की अनुमति नहीं है. फिर क्रिकेट में यह कैसे सही है? फैन का मानना था कि एक्शन ठीक है लेकिन डिलीवरी लोड करते समय यह ठहराव कतई स्वीकार्य नहीं होना चाहिए. इस फैन का यह वीडियो और उसका पोस्ट काफी तेजी से वायरल हो गया. इसके बाद आर अश्विन ने इस फैन को करारा जवाब दिया.

आर अश्विन ने आलोचकों को दिया जवाब

भारत के पूर्व क्रिकेटर आर अश्विन जो हमेशा क्रिकेट के नियमों पर मुखर रहते हैं, उस्मान तारिक के समर्थन में उतर आए. अश्विन ने सोशल मीडिया पर इस आलोचना का करारा जवाब देते हुए लिखा कि सहमत हूं कि फुटबॉल इसकी इजाजत नहीं देता. लेकिन जब बल्लेबाज को बिना अंपायर या गेंदबाज को बताए स्विच हिट या रिवर्स स्वीप खेलने की अनुमति है तो पाबंदियां सिर्फ गेंदबाज पर ही क्यों? 

हकीकत तो यह है कि गेंदबाज को अंपायर को बताए बिना गेंदबाजी का हाथ तक बदलने की इजाजत नहीं है. पहले उस नियम को बदलना चाहिए. अश्विन का यह तर्क वायरल हो रहा है जिसमें उन्होंने साफ किया कि क्रिकेट का झुकाव बल्लेबाजों की तरफ ज्यादा है और गेंदबाजों को भी अपनी कला दिखाने की उतनी ही आजादी मिलनी चाहिए.

अनिल चौधरी ने एक्शन को बताया सही

उस्मान तारिक का बॉलिंग एक्शन वैध है या अवैध इसको लेकर भारत के अनुभवी अंपायर अनिल चौधरी ने अपनी राय दी. दरअसल अनिल चौधरी ने इसे वैध बताया है. पूर्व इंटरनेशनल अंपायर अनिल चौधरी ने उस्मान तारिक के एक्शन को पूरी तरह सही बताया है. 

अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर शेयर किए गए एक वीडियो में अनिल चौधरी ने समझाया कि तारिक का एक्शन साइड से है और वह सभी गेंदें एक ही तरीके से डालते हैं इसलिए उनका एक्शन ICC के नियमों के अंदर आता है. अनिल चौधरी ने वीडियो में कहा कि मुझे उस्मान तारिक की गेंदबाजी एक्शन का वीडियो मिला है. अगर आप देखें तो उनका एक्शन थोड़ा साइड वाला और अलग है और गेंद डालते समय वह हल्का सा रुकते भी हैं. लेकिन वह हर गेंद उसी तरीके से डालते हैं. 

नियमों के हिसाब से उनके हाथ में कोई गलत मोड़ या सीधा होना नहीं दिखता. इसलिए उनका एक्शन बिल्कुल ठीक है. उनका तरीका अलग जरूर है और बीच में हल्का सा रुककर गेंद फेंकते हैं लेकिन गेंदबाजी पूरी तरह सही और नियमों के अनुसार है. मेरे हिसाब से यह एक फेयर डिलीवरी है.

पाकिस्तान की शानदार वापसी और बदला

मैच की बात करें तो पाकिस्तान ने हर विभाग में अमेरिका को पछाड़ा. पिछले साल मिली सुपर ओवर की हार का बदला लेते हुए पाकिस्तान ने न केवल शानदार बल्लेबाजी की बल्कि गेंदबाजी में उस्मान तारिक और शादाब खान की स्पिन ने अमेरिका को 32 रनों से पीछे छोड़ दिया. इस जीत ने पाकिस्तान को ग्रुप में मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया है. यह उनकी टीम का लगातार दूसरी जीत थी. 

अब प्वाइंट्स टेबल में पाकिस्तान की टीम पहले स्थान पर पहुंच गई हैं. इससे पहले भी जब पाकिस्तान और ऑस्ट्रेलिया के बीच टी20 सीरीज खेली जा रही थी उस वक्त दूसरे टी20 मैच में उस्मान की गेंद पर आउट होने के बाद ऑस्ट्रेलियाई ऑलराउंडर कैमरन ग्रीन ने उनके एक्शन पर आपत्ति जताई थी. डगआउट में जाते समय ग्रीन के जेस्चर ने यह दिखा कि वो उस्मान के बॉलिंग एक्शन से खुश नहीं हैं.

ये भी पढ़ें-

टीम इंडिया को लगा झटका, अभिषेक शर्मा अस्पताल में भर्ती, नामीबिया के खिलाफ खेलना मुश्किल

टी20 वर्ल्ड कप 2026: पाकिस्तान ने USA को 32 रन से हराया, प्वाइंट्स टेबल में उलटफेर

विज्ञापन
Aditya Kumar Varshney

लेखक के बारे में

By Aditya Kumar Varshney

आदित्य वार्ष्णेय एक अनुभवी खेल पत्रकार हैं, जो वर्तमान में कंटेंट राइटर के रूप में प्रभात खबर के साथ जुड़े हुए हैं. वह पिछले 5 सालों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और स्पोर्ट्स बीट में गहरी पकड़ रखते हैं. आप क्रिकेट, फुटबॉल हॉकी, टेनिस और चेस जैसे खेलों पर लिखना पसंद करते हैं. आप मैच रिपोर्ट, विश्लेषणात्मक लेख, फीचर स्टोरी और एक्सप्लेनर आधारित कंटेंट तैयार करते हैं. आपने प्रभात खबर से पहले भारत समाचार में असिस्टेंट प्रोड्यूसर (आउटपुट विभाग) के रूप में काम किया है, वहीं स्टार स्पोर्ट्स में असिस्टेंट प्रोड्यूसर (क्रिकेट, हिंदी फीड) के तौर पर भी काम कर चुके हैं. आपके पास ब्रॉडकास्ट और डिजिटल दोनों प्लेटफॉर्म का मजबूत अनुभव है.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola