ePaper

जब भी हारते हैं… ब्रूक को लेकर सलमान आगा का बड़ा बयान

Updated at : 25 Feb 2026 8:30 AM (IST)
विज्ञापन
Salman Agha on Harry Brook

सलमान आगा और हैरी ब्रूक

Salman Agha on Harry Brook: टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सुपर 8 मैच में इंग्लैंड ने पाकिस्तान को 2 विकेट से हरा दिया है. इस हार के साथ पाकिस्तान टूर्नामेंट से बाहर हो गया है. पाकिस्तानी कप्तान सलमान अली आगा ने हार के बाद बयान दिया है. उन्होंने हैरी ब्रूक के शतक को हार की वजह बताया है.

विज्ञापन

Salman Agha on Harry Brook: टी20 वर्ल्ड कप 2026 (T20 World Cup 2026) के सुपर 8 मैच में इंग्लैंड ने पाकिस्तान (PAK vs ENG) को 2 विकेट से हरा दिया है. इस हार के साथ ही पाकिस्तान का सफर खत्म हो गया है और इंग्लैंड सेमीफाइनल में पहुंचने वाली पहली टीम बन गई है. पल्लेकेले में खेले गए इस मैच के बाद पाकिस्तान के कप्तान सलमान आगा (Salman Agha) ने हार के कारणों पर बात की. उन्होंने इंग्लैंड के कप्तान हैरी ब्रूक (Harry Brook) के शानदार शतक की तारीफ की और बताया कि मैच उनके हाथ से कैसे फिसल गया.

हैरी ब्रूक ने छीना मैच 

पाकिस्तानी कप्तान सलमान आगा ने हैरी ब्रूक की तारीफ की. उन्होंने कहा कि ब्रूक ने 51 गेंदों में 100 रन बनाकर मैच का रुख पलट दिया. सलमान ने कहा कि हम इंग्लैंड के खिलाफ जब भी हारते हैं, तो उसमे ब्रूक का बड़ा हाथ होता है. ब्रूक मैदान के चारो तरफ शॉट खेल सकते हैं, जिससे उन्हें रोकना बहुत मुश्किल हो जाता है. हमने ब्रूक को आउट करने की हर संभव कोशिश की, लेकिन वह हमसे मैच छीन ले गए.

बल्लेबाजी में रन कम पड़ गए 

अपनी टीम की बल्लेबाजी पर बात करते हुए सलमान आगा ने कहा कि हमने शुरुआत तो अच्छी की थी, लेकिन हम पारी को सही से खत्म नहीं कर पाए. हमें जितने रन बनाने चाहिए थे, हम उससे थोड़े पीछे रह गए. हालांकि सलमान ने साहिबजादा फरहान की जमकर तारीफ की. फरहान ने 45 गेंदों में 63 रन बनाए. कप्तान ने कहा कि फरहान ने पूरे वर्ल्ड कप में बहुत अच्छी बल्लेबाजी की है. कुछ बल्लेबाजों से जैसी उम्मीद थी, वैसा प्रदर्शन नहीं हुआ, लेकिन बड़े टूर्नामेंट में ऐसा होता रहता है.

गेंदबाजों ने किया अच्छा प्रदर्शन 

इंग्लैंड के सामने 165 रनों का लक्ष्य था, जिसे हासिल करने में उनके पसीने छूट गए. सलमान आगा ने अपने गेंदबाजों की तारीफ की. उन्होंने कहा कि शाहीन अफरीदी ने बहुत अच्छी गेंदबाजी की. वह शुरुआत में विकेट लेने के लिए जाने जाते हैं और उन्होंने आज भी वही किया. शाहीन ने 30 रन देकर 4 विकेट लिए. सलमान ने कहा कि इंग्लैंड के बल्लेबाजों ने तारिक को संभलकर खेला, फिर भी तारिक ने दो विकेट लिए. मोहम्मद नवाज ने 19वें ओवर में जिस तरह से गेंदबाजी की, उससे हमें लगा कि मैच में 1 प्रतिशत उम्मीद अब भी बाकी है.

ब्रूक का शानदार शतक 

इंग्लैंड की शुरुआत बेहद खराब रही थी. 58 रन पर ही उनके 4 विकेट गिर गए थे. लेकिन हैरी ब्रूक ने अपनी टीम को संभाल लिया. ब्रूक ने सिर्फ 50 गेंदों में अपना शतक पूरा किया. यह टी20 वर्ल्ड कप के इतिहास में किसी भी कप्तान द्वारा लगाया गया पहला शतक है. ब्रूक की इस पारी के दम पर इंग्लैंड ने 19.1 ओवर में 8 विकेट खोकर 166 रन बनाए. अंत में जोफ्रा आर्चर ने चौका लगाकर टीम को जीत दिलाई.

सेमीफाइनल में इंग्लैंड, पाकिस्तान बाहर 

इस मैच में इंग्लैंड के गेंदबाजों ने भी अच्छा काम किया था. लियाम डॉसन ने 24 रन देकर 3 विकेट लिए और पाकिस्तान को 164 रनों पर रोक दिया था. लगातार दो सुपर 8 मैच जीतकर इंग्लैंड ने सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली है. वहीं पाकिस्तान को एक मैच में बारिश और अब इस मैच में हार का नुकसान उठाना पड़ा, जिसके चलते टीम अब सेमीफाइनल की रेस से बाहर हो गई है.

ये भी पढ़ें-

सेमीफाइनल में इंग्लैंड की एंट्री, पाकिस्तान पर बाहर होने का खतरा

हैरी ब्रूक का पावर शो, सुपर 8 में इंग्लैंड ने पाकिस्तान को 2 विकेट से हराया

22 साल बाद स्टीव बकनर का कबूलनामा, तेंदुलकर को गलत आउट दिया

विज्ञापन
Aditya Kumar Varshney

लेखक के बारे में

By Aditya Kumar Varshney

आदित्य वार्ष्णेय एक अनुभवी खेल पत्रकार हैं, जो वर्तमान में कंटेंट राइटर के रूप में प्रभात खबर के साथ जुड़े हुए हैं. वह पिछले 5 सालों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और स्पोर्ट्स बीट में गहरी पकड़ रखते हैं. आप क्रिकेट, फुटबॉल हॉकी, टेनिस और चेस जैसे खेलों पर लिखना पसंद करते हैं. आप मैच रिपोर्ट, विश्लेषणात्मक लेख, फीचर स्टोरी और एक्सप्लेनर आधारित कंटेंट तैयार करते हैं. आपने प्रभात खबर से पहले भारत समाचार में असिस्टेंट प्रोड्यूसर (आउटपुट विभाग) के रूप में काम किया है, वहीं स्टार स्पोर्ट्स में असिस्टेंट प्रोड्यूसर (क्रिकेट, हिंदी फीड) के तौर पर भी काम कर चुके हैं. आपके पास ब्रॉडकास्ट और डिजिटल दोनों प्लेटफॉर्म का मजबूत अनुभव है.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola