Pak vs Ban: बांग्लादेश ने पाकिस्तान को 10 विकेट से रौंदा, पारी घोषित करने के बाद पाक की चौथी सबसे बड़ी हार
Published by : ArbindKumar Mishra Updated At : 25 Aug 2024 9:08 PM
Pakistan vs Bangladesh
Pak vs Ban: बांग्लादेश ने पाकिस्तान को पहले टेस्ट मैच में 10 विकेट से रौंद डाला है. रावलपिंडी क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए मैच में बांग्लादेश ने पाकिस्तान को उसी के घर में घुसकर मात दी है.
Pak vs Ban: बांग्लादेश ने अपने देश में राजनीतिक अशांति के बीच रविवार को पाकिस्तान को पहले टेस्ट क्रिकेट मैच में 10 विकेट से करारी शिकस्त देकर इतिहास रच डाला. पाकिस्तान की टीम अपनी दूसरी पारी में 146 रन पर ढेर हो गई और इस तरह से उसने बांग्लादेश के सामने 30 रन का लक्ष्य रखा. बांग्लादेश ने पांचवें दिन चाय के विश्राम से पहले ही केवल 6.3 ओवर में बिना किसी नुकसान के लक्ष्य हासिल करके पाकिस्तान के खिलाफ अपनी पहली जीत दर्ज की. सलामी बल्लेबाज जाकिर हसन 15 और शादमान इस्लाम नौ बनाकर नाबाद रहे.
विदेशी धरती पर बांग्लादेश की सातवीं जीत
बांग्लादेश के तेज गेंदबाजों ने पाकिस्तान के शीर्ष क्रम को थर्राया जबकि ऑफ स्पिनर मेहदी हसन मिराज (21 रन देकर चार विकेट) और बाएं हाथ के स्पिनर शाकिब अल हसन (44 रन देकर तीन विकेट) ने मिलकर सात विकेट हासिल किए. बांग्लादेश ने पाकिस्तान के खिलाफ 14 टेस्ट मैच में अपनी पहली जीत हासिल की. यह विदेशी धरती पर उसकी केवल सातवीं जीत है. न्यूजीलैंड को 2022 में उसकी धरती पर हराने के बाद बांग्लादेश की यह विदेशी धरती पर पहली जीत है.
पारी घोषित करने के बाद पाकिस्तान की चौथी सबसे बड़ी हार
पाकिस्तान ने अपनी पहली पारी छह विकेट पर 448 रन बनाकर समाप्त घोषित कर दी थी. बांग्लादेश ने इसके जवाब में 565 रन बनाकर 117 रन की बढ़त हासिल की थी. पाकिस्तान ने सुबह अपनी दूसरी पारी एक विकेट पर 23 रन से आगे बढ़ाई लेकिन उसने नियमित अंतराल में विकेट गवाएं. पहली पारी में 171 रन बनाने वाले मोहम्मद रिजवान ने दूसरी पारी में भी सर्वाधिक 51 रन बनाए लेकिन दूसरे छोर से उन्हें कोई मदद नहीं मिली. पारी घोषित करने के बाद पाकिस्तान की यह चौथी सबसे बड़ी हार है. इससे पहले इंग्लैंड के खिलाफ 1961 में लाहौर में हार मिली थी. जबकि 1972 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पाकिस्तान को हार का सामना करना पड़ा था. 2016 में पाकिस्तान को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पारी की घोषणा करने के बाद हार का सामना करना पड़ा था.
दूसरी पारी में पाकिस्तान के केवल चार बल्लेबाज दोहरे अंक तक पहुंचे
दूसरी पारी में पाकिस्तान के केवल चार बल्लेबाज दोहरे अंक में पहुंचे. रिजवान के अलावा सलामी बल्लेबाज अब्दुल्ला शफीक (37), पूर्व कप्तान बाबर आजम (22) और मौजूदा कप्तान शान मसूद (14) शामिल हैं. बांग्लादेश की तरफ से मेहदी और शाकिब के अलावा तीन तेज गेंदबाजों शोरफुल इस्लाम, हसन महमूद और नाहिद राणा ने एक-एक विकेट लिया.
पाकिस्तान 2021 के बाद अपनी धरती में एक भी टेस्ट नहीं जीता
पाकिस्तान ने दक्षिण अफ्रीका को 2021 में रावलपिंडी में हराने के बाद अपनी धरती पर कोई टेस्ट मैच नहीं जीता है. इस बीच उसे पांच मैच में हार का सामना करना पड़ा जबकि चार मैच ड्रॉ समाप्त हुए.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By ArbindKumar Mishra
अरबिंद कुमार मिश्रा वर्तमान में प्रभात खबर डिजिटल में एक अनुभवी पत्रकार के रूप में कार्यरत हैं. अप्रैल 2011 से संस्थान का हिस्सा रहे अरबिंद के पास पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर और डेस्क एडिटर 15 वर्षों से अधिक का अनुभव है. वर्तमान में वह नेशनल और इंटरनेशनल डेस्क की जिम्मेदारी संभालने के साथ-साथ एक पूरी शिफ्ट का नेतृत्व (Shift Lead) भी कर रहे हैं. विशेषज्ञता और अनुभव अरबिंद की लेखनी में खबरों की गहराई और स्पष्टता है. उनकी मुख्य विशेषज्ञता इन क्षेत्रों में है. राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय मामले: वैश्विक राजनीति और देश की बड़ी घटनाओं पर पैनी नजर. खेल पत्रकारिता: झारखंड में आयोजित 34वें नेशनल गेम्स से लेकर JSCA स्टेडियम में हुए कई अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैचों की ग्राउंड रिपोर्टिंग का अनुभव. झारखंड की संस्कृति: राज्य की कला, संस्कृति और जनजातीय समुदायों की समस्याओं और उनकी जीवनशैली पर विशेष स्टोरीज. पंचायतनामा: ग्रामीण विकास और जमीनी मुद्दों पर 'पंचायतनामा' के लिए विशेष ग्राउंड रिपोर्टिंग. करियर का सफर प्रभात खबर डिजिटल से अपने करियर की शुरुआत करने वाले अरबिंद ने पत्रकारिता के हर आयाम को बखूबी जिया है. डिजिटल मीडिया की बारीकियों को समझने से पहले उन्होंने आकाशवाणी (All India Radio) और दूरदर्शन जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में एंकरिंग के जरिए अपनी आवाज और व्यक्तित्व की छाप छोड़ी है. शिक्षा और योग्यता UGC NET: अरबिंद मिश्रा ने यूजीसी नेट (UGC NET) उत्तीर्ण की है. मास्टर्स (MA): रांची यूनिवर्सिटी के जनजातीय एवं क्षेत्रीय भाषा विभाग से एमए की डिग्री. ग्रेजुएशन: रांची यूनिवर्सिटी से ही मास कम्युनिकेशन एंड जर्नलिज्म में स्नातक.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










