रियल मैड्रिड का मैच छोड़ टीम इंडिया के लिए बने मैच विनर, सिराज की वापसी ने यूएसए को किया पस्त

मोहम्मद सिराज
Mohammed Siraj Comeback: मोहम्मद सिराज 18 महीने बाद टी20 टीम में लौटे और अमेरिका के खिलाफ प्लेयर ऑफ द मैच बने. स्पेन की छुट्टियों का प्लान छोड़कर सिराज अचानक वानखेड़े कैसे पहुँचे और कप्तान सूर्या के एक फोन ने कैसे उनकी तकदीर बदल दी.
Highlights
Mohammed Siraj Comeback: मोहम्मद सिराज की कहानी किसी बॉलीवुड फिल्म की तरह है. कल तक जो खिलाड़ी स्पेन की फ्लाइट पकड़ने वाला था, आज उसने वानखेड़े में अपनी गेंदबाजी से महफिल लूट ली. टी20 वर्ल्ड कप 2026 (T20 World Cup 2026) के पहले ही मैच में अमेरिका (USA) के खिलाफ ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ बनकर सिराज ने साबित कर दिया कि किस्मत कब पलट जाए, कोई नहीं जानता. 18 महीने बाद टीम में वापसी और फिर सीधे मैदान पर गदर मचाना, यह मिया भाई के लिए किसी सपने से कम नहीं था.
छुट्टियों का प्लान और अचानक आया वो फोन
रणजी ट्रॉफी खत्म होने के बाद सिराज क्रिकेट से दूर पूरी तरह आराम के मूड में थे. उन्होंने 15 फरवरी को स्पेन जाने का टिकट भी बुक करा लिया था ताकि अपने पसंदीदा फुटबॉल क्लब रियल मैड्रिड का मैच देख सकें. उन्होंने तो अपने कोच तक को कह दिया था कि उन्हें परेशान न किया जाए. लेकिन शुक्रवार की सुबह जब कप्तान सूर्यकुमार यादव का फोन आया, तो सिराज के होश उड़ गए. सूर्या ने उनसे तुरंत बैग पैक कर मुंबई पहुंचने को कहा.
जब सेलेक्टर ने दूर किया सिराज का शक
शुरुआत में सिराज को लगा कि कप्तान उनके साथ मजाक कर रहे हैं. उन्हें यकीन ही नहीं हुआ कि अचानक वर्ल्ड कप टीम में उनकी जगह बन सकती है. लेकिन कुछ ही देर बाद जब नेशनल सेलेक्टर प्रज्ञान ओझा का फोन आया, तब उन्हें एहसास हुआ कि मामला गंभीर है. दरअसल, हर्षित राणा के चोटिल होने की वजह से टीम को एक भरोसेमंद गेंदबाज की जरूरत थी और सेलेक्टर्स की नजर सिराज पर जाकर टिकी.
बुमराह की जगह प्लेइंग-11 में एंट्री
सिराज जब फ्लाइट में थे, तब भी उन्हें लग रहा था कि शायद वह सिर्फ बैकअप के तौर पर जा रहे हैं. लेकिन मुंबई पहुंचते ही उन्हें एक और बड़ा सरप्राइज मिला. जसप्रीत बुमराह को वायरल इंफेक्शन हो गया था और सिराज को सीधे अंतिम 11 में शामिल कर लिया गया. पिछले डेढ़ साल से टी20 टीम से बाहर चल रहे खिलाड़ी के लिए यह किसी लॉटरी से कम नहीं था.
मैदान पर सिराज का जलवा
सिराज ने इस मौके को दोनों हाथों से लपका. भारत ने पहले खेलते हुए 161 रन बनाए थे. जब गेंदबाजी की बारी आई, तो सिराज ने पावरप्ले में ही दो अहम विकेट लेकर अमेरिकी टीम की कमर तोड़ दी. उनकी गेंदों में वही पुरानी धार और रफ्तार नजर आई जिसके लिए वह जाने जाते हैं. मैच की आखिरी गेंद पर भी विकेट लेकर उन्होंने भारत की 29 रनों की जीत पक्की कर दी.
किस्मत और कड़ी मेहनत का मेल
सिराज ने मैच के बाद भावुक होकर कहा कि जो भगवान ने लिखा है, उसे कोई नहीं टाल सकता. वह रमजान की तैयारी और वेकेशन की सोच रहे थे, लेकिन किस्मत उन्हें वर्ल्ड कप के मंच पर ले आई. उनकी यह शानदार वापसी भारतीय टीम के लिए बड़ी राहत की खबर है, क्योंकि बुमराह की गैरमौजूदगी में अब टीम के पास एक ऐसा अनुभवी गेंदबाज है जो किसी भी मोड़ पर मैच पलट सकता है.
ये भी पढ़ें-
गंभीर ने सूर्या की पारी को बताया ‘मास्टरक्लास’, डिफेंडिंग चैंपियन का टी20 वर्ल्ड कप में जीत से आगाज
बेथेल और ब्रूक ने लगाई नेपाल की क्लास, इंग्लैंड ने दिया 185 रन का टारगेट
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Aditya Kumar Varshney
आदित्य वार्ष्णेय एक अनुभवी खेल पत्रकार हैं, जो वर्तमान में कंटेंट राइटर के रूप में प्रभात खबर के साथ जुड़े हुए हैं. वह पिछले 5 सालों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और स्पोर्ट्स बीट में गहरी पकड़ रखते हैं. आप क्रिकेट, फुटबॉल हॉकी, टेनिस और चेस जैसे खेलों पर लिखना पसंद करते हैं. आप मैच रिपोर्ट, विश्लेषणात्मक लेख, फीचर स्टोरी और एक्सप्लेनर आधारित कंटेंट तैयार करते हैं. आपने प्रभात खबर से पहले भारत समाचार में असिस्टेंट प्रोड्यूसर (आउटपुट विभाग) के रूप में काम किया है, वहीं स्टार स्पोर्ट्स में असिस्टेंट प्रोड्यूसर (क्रिकेट, हिंदी फीड) के तौर पर भी काम कर चुके हैं. आपके पास ब्रॉडकास्ट और डिजिटल दोनों प्लेटफॉर्म का मजबूत अनुभव है.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




