आईपीएल को आज अलविदा कहेंगे माही? संन्यास पर वायरल हुआ पुराना वीडियो 

Author Ritu Raj
Updated:
विज्ञापन

एम.एस. धोनी

MS Dhoni: हर कोई आईपीएल 2026 में एमएस धोनी को बैटिंग करते देखने का इंतजार कर रहा है, लेकिन यह इंतजार एक भावुक मोड़ पर आ खड़ा हुआ है. अपने रिटायरमेंट के बेहद करीब पहुंच चुके सीएसके के पूर्व कप्तान के लिए सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ होने वाला मुकाबला आखिरी साबित हो सकता है. उनके पुराने बयानों से साफ इशारा कर रहा है कि वह अब इस लीग से विदा लेने की तैयारी कर चुके हैं.

विज्ञापन

MS Dhoni: आईपीएल 2026 का 63वां मैच चेन्नई सुपर किंग्स और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच चेन्नई के चेपॉक स्टेडियम में खेला जाएगा. चेन्नई की टीम के लिए यह मुकाबला बहुत भावुक और महत्वपूर्ण होने वाला है. प्लेऑफ की रेस में बने रहने के लिए चेन्नई सुपर किंग्स को यह मैच हर हाल में जीतना होगा. माना जा रहा है कि महान कप्तान महेंद्र सिंह धोनी का यह आखिरी आईपीएल मैच हो सकता है. धोनी ने पहले ही कहा था कि वह अपना आखिरी मैच चेन्नई के घरेलू मैदान (चेपॉक) पर ही खेलेंगे. चेन्नई में जिस तरह की हलचल है, उसे देखकर लग रहा है कि धोनी आज अपने फैंस के सामने क्रिकेट को अलविदा कह सकते हैं.

विज्ञापन

2021 का पुराना बयान वायरल

हैदराबाद के होने वाले मुकाबले से पहले महेंद्र सिंह धोनी का 2021 में दिया गया एक पुराना बयान फैंस के बीच चर्चा में है. बयान में धोनी ने कहा था कि “मैंने हमेशा अपने क्रिकेट की प्लानिंग की है. मेरा आखिरी टी20 मैच चेन्नई में ही होगा. अब चाहे वह अगले साल हो या पांच साल बाद, मुझे नहीं पता.” संयोग से अब ठीक पांच साल बाद (2026 में) प्रशंसकों को लग रहा है कि वह पल आ गया है और ‘थाला’ अपने उसी वादे के मुताबिक चेन्नई के मैदान पर अपना आखिरी मैच खेल सकते हैं.

क्यों लग रहा है यह धोनी का आखिरी मैच

दरअसल, धोनी इस पूरे सीजन में चोट की वजह से एक भी मैच नहीं खेल पाए हैं. इसके अलावा, आने वाली 7 जुलाई को वह 45 साल के हो जाएंगे. इस उम्र और फिटनेस को देखते हुए अगले सीजन में उनका खेलना नामुमकिन लग रहा है. इस सीजन में चेन्नई के चेपॉक स्टेडियम में 18 मई,2026 के बाद आईपीएल का कोई और मैच नहीं होना है. धोनी ने साल 2021 में चेन्नई के मैदान पर ही विदा लेने की बात कही थी.

चेन्नई में कैसा है माहौल

रविवार (17 मई) की शाम ठीक 6:30 बजे, धोनी पैड पहनकर एमए चिदंबरम स्टेडियम के ड्रेसिंग रूम से बाहर आए. इसके बाद सबसे पहले उन्होंने बिना किसी ट्रेनर के इंडोर एरिना में वार्म-अप और कुछ स्ट्रेचिंग एक्सरसाइज की. फिर वे अपनी बल्लेबाजी की बारी के लिए करीब 15 मिनट तक रुके रहे. उसके बाद उन्होंने प्रशांत वीर के साथ नेट पर पूरे 30 मिनट तक बल्लेबाजी का अभ्यास किया. इस दौरान उन्होंने थ्रोडाउन स्पेशलिस्ट और स्पिनर गेंदबाजों की गेंदों का सामना किया. अभ्यास खत्म करने के बाद, रात को ठीक 7:30 बजे वे वापस ड्रेसिंग रूम में लौट गए.

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola