ePaper

IPL 2024: DC vs PBKS, 14 माह बाद मैदान पर वापसी करेंगे ऋषभ पंत, प्रदर्शन पर होगी सबकी निगाहें

Updated at : 22 Mar 2024 6:13 PM (IST)
विज्ञापन
Rishabh Pant

Rishabh Pant

IPL 2024: करीब 14 महीने बाद ऋषभ पंत एक बार फिर क्रिकेट के मैदान पर जलवा बिखेरते नजर आएंगे. वह दिल्ली कैपिटल्स की कप्तानी भी करेंगे. पहला मुकाबला पंजाब के खिलाफ है. इस मुकाबले में सबकी नजरें कप्तान पंत पर ही होंगी.

विज्ञापन

IPL 2024: इंडियन प्रीमियर लीग के पिछले सीजन के खराब प्रदर्शन को भुलाकर दिल्ली कैपिटल्स और पंजाब किंग्स नये सीजन में शनिवार को जब आमने सामने होंगे तो सभी की नजरें महीनों बाद मैदान पर लौट रहे दिल्ली के कप्तान ऋषभ पंत पर टिकी होंगी. दिसंबर 2022 में भयावह कार दुर्घटना में बाल-बाल बचे पंत ने क्रिकेट के लिए अपने जुनून के दम पर समय से पहले रिकवरी कर ली है. उन्हें बतौर विकेटकीपर बल्लेबाज खेलने की अनुमति मिल गई है और वह कप्तानी का दारोमदार भी संभालेंगे. उन्होंने डेविड वॉर्नर से कमान संभाली है जिनकी कप्तानी में दिल्ली पिछले साल 10 टीमों में नौवें स्थान पर रही थी. दिल्ली के कोच रिकी पोंटिंग ने मैच से पूर्व कहा, ‘पंत ने इस बार आईपीएल से पहले जितना बल्लेबाजी अभ्यास किया है, उतना शायद कभी नहीं किया होगा. वह अपने शरीर को फिर पहले सी लय में देखना चाहता है.’

IPL 2024: पंत में दिखा खेल का जुनून

ऋषभ पंत ने 15 महीने कड़ी मेहनत, जुझारूपन और हिम्मत के साथ रिकवरी को दिये हैं. उनके लौटने से दिल्ली टीम में एक नयी उमंग का संचार हुआ है. अभी यह तय नहीं है कि वह पहले ही मैच से विकेटकीपिंग करेंगे या नहीं. अगर नहीं करते हैं तो वेस्टइंडीज के शाइ होप या दक्षिण अफ्रीका के ट्रिस्टन स्टब्स यह जिम्मेदारी संभाल सकते हैं. दिल्ली के पास अच्छे तेज गेंदबाज और आक्रामक बल्लेबाज हैं. टेस्ट क्रिकेट को अलविदा कह चुके वॉर्नर अच्छा प्रदर्शन करके टी20 विश्व कप के लिए ऑस्ट्रेलियाई टीम में जगह बनाना चाहेंगे.

IPL 2024: कुलदीप और अक्षर पटेल पर भी होगी निगाहें

पृथ्वी साव, मिचेल मार्श, पंत और स्टब्स जैसे आक्रामक बल्लेबाज दिल्ली के पास हैं, जबकि गेंदबाजी की अगुवाई एनरिच नॉर्किया, ईशांत शर्मा, मुकेश कुमार करेंगे. स्पिन का जिम्मा कुलदीप यादव और अक्षर पटेल संभालेंगे. पंजाब की टीम भी दिल्ली की तरह अभी तक खिताब नहीं जीत सकी है. वह एक ही बार फाइनल में पहुंची है जब 2014 में उसे कोलकाता नाइट राइडर्स ने हराया था. इसके बाद 2019 से 2022 तक टीम लगातार चार सत्र में छठे स्थान पर रही और 2023 में आठवें स्थान पर खिसक गई.

IPL 2024: शिखर धवन हैं पंजाब के कप्तान

शिखर धवन के रूप में पंजाब के पास ऐसा कप्तान है जो राष्ट्रीय टीम से बाहर रहने के बाद अपनी उपयोगिता साबित करने को बेताब है. हरफनमौला सिकंदर रजा, सैम कुरेन, लियाम लिविंगस्टोन और ऋषि धवन का फॉर्म अहम होगा. गेंदबाजी में कैगिसो रबाडा, अर्शदीप सिंह, हर्षल पटेल और नाथन एलिस जिम्मा संभालेंगे.

IPL 2024: टीमें इस प्रकार हैं

दिल्ली कैपिटल्स : ऋषभ पंत (कप्तान), डेविड वॉर्नर, पृथ्वी साव, स्वस्तिक चिकारा, यश ढुल, एनरिच नॉर्किया, ईशांत शर्मा, झाय रिचर्डसन, खलील अहमद, कुलदीप यादव, मुकेश कुमार, प्रवीण दुबे, रसिक डार, विकी ओस्तवाल, अक्षर पटेल, जैक फ्रेजर गुर्क, ललित यादव, मिचेल मार्श, सुमित कुमार, अभिषेक पोरेल, कुमार कुशाग्र, रिकी भुई, शाइ होप, ट्रिस्टन स्टब्स.
पंजाब किंग्स : शिखर धवन (कप्तान), जितेश शर्मा, जॉनी बेयरस्टो, प्रभसिमरन सिंह, लियाम लिविंगस्टोन, हरप्रीत भाटिया, रिली रोसोयू, शशांक सिंह, क्रिस वोक्स, विश्वनाथ प्रताप सिंह, आशुतोष शर्मा, तनय त्यागराजन, अथर्व तायडे, ऋषि धवन, सैम कुरेन, सिकंदर रजा, शिवम सिंह, प्रिंस चौधरी, हरप्रीत बरार, अर्शदीप सिंह, कैगिसो रबाडा, नाथन एलिस, राहुत चहार, विद्वत कावेरप्पा, हर्षल पटेल.
मैच का समय : दोपहर 3.30 से.

विज्ञापन
Agency

लेखक के बारे में

By Agency

Agency is a contributor at Prabhat Khabar.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola