IPL 2022: युजवेंद्र चहल के खुलासे के बाद रवि शास्त्री ने की दोषी पर आजीवन प्रतिबंध लगाने की मांग

युजवेंद्र चहल ने एक चौंकाने वाला खुलासा करते हुए कहा कि आईपीएल के शुरुआती दिनों में एक खिलाड़ी ने उन्हें 15वें फ्लोर की बालकनी से लटका दिया था. इस खुलासे के बाद टीम इंडिया के पूर्व कोच रवि शास्त्री ने दोषी खिलाड़ी पर आजीवन प्रतिबंध लगाने का मांग की है.
युजवेंद्र चहल के साथ इंडियन प्रीमियर लीग के शुरुआती दिनों में हुए शारीरिक उत्पीड़न के खुलासे के बाद टीम इंडिया के पूर्व कोच रवि शास्त्री ने दोषी पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है. उन्होंने दोषी क्रिकेटर पर आजीवन प्रतिबंध लगाने की वकालत की है. उन्होंने कहा कि दोषी खिलाड़ी को कभी क्रिकेट के मैदान के समीप आने की स्वीकृति नहीं दी जानी चाहिए.
स्तब्ध कर देने वाले खुलासे में युजवेंद्र चहल ने कहा था कि 2013 में आईपीएल मुकाबले के बाद वह बाल बाल बच गये थे. नशे में धुत्त एक खिलाड़ी ने बेंगलुरू में होटल के 15वें माले की बालकनी से उन्हें लटका दिया था. इस पर प्रतिक्रिया देते हुए शास्त्री ने कहा कि यह कोई हंसी-मजाक का मामला नहीं है. शास्त्री ने ईएसपीएनक्रिकइंफो से कहा कि मुझे नहीं पता कि इससे जुड़ा व्यक्ति कौन है, वह उस समय होश में नहीं था.
Also Read: जब युजवेंद्र चहल को एक खिलाड़ी ने 15वीं मंजिल की बालकनी से लटका दिया था, खुद ही किया चौंकाने वाला खुलासा
शास्त्री ने कहा कि यह बड़ी चिंता की बात है. किसी का जीवन खतरे में था, कुछ लोगों को यह मजाकिया लग सकता है लेकिन यह बिलकुल भी मजाकिया नहीं है. उन्होंने कहा कि इससे पता चला है कि जिसने भी ऐसा करने का प्रयास किया वह उचित स्थिति में नहीं था. जब आप ऐसी स्थिति में होते हो और कुछ ऐसा करने का प्रयास करते हो तो गलती होने की संभावना और अधिक हो जाती है. यह बिलकुल भी स्वीकार्य नहीं है.
देश के शीर्ष लेग स्पिनरों में शामिल 31 साल के चहल ने रविचंद्रन अश्विन के साथ बातचीत के दौरान यह खुलासा किया था. इस बातचीत का वीडियो उनकी नयी आईपीएल फ्रेंचाइजी राजस्थान रॉयल्स ने जारी किया. चहल शास्त्री के मार्गदर्शन में भारतीय टीम की ओर से खेले हैं. शास्त्री ने कहा कि मैं पहली बार इस तरह की चीज सुन रहा हूं. यह बिलकुल भी मजाकिया नहीं है. अगर यह घटना आज होती है तो दोषी पर आजीवन प्रतिबंध लगना चाहिए और उस व्यक्ति को जितना जल्दी संभव हो पुनर्वास केंद्र में भेजा जाना चाहिए.
Also Read: IPL 2022: राजस्थान रॉयल्स ने जिस खिलाड़ी पर लगाया 2 करोड़ का दांव, इस कारण आईपीएल से हुए बाहर
उन्होंने कहा कि आजीवन प्रतिबंध, बेहतर है कि वह क्रिकेट के मैदान के समीप नहीं आए, तभी उसे पता चलेगा कि यह मजाकिया है या नहीं. चहल ने कहा था कि काफी लोगों को इस घटना की जानकारी नहीं थी क्योंकि उन्होंने इसे अपने तक रखा था. पूर्व भारतीय ऑलराउंडर शास्त्री ने कहा कि यह महत्वपूर्ण हे कि खिलाड़ी जल्द से जल्द इस तरह की घटनाओं की जानकारी दें और कोई त्रासदी होने का इंतजार नहीं करें.
प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar Digital Desk
यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




