ePaper

भारत ने जीता लगातार दूसरा मैच, ऑलराउंडर अमनजोत के कहर से पस्त हुआ इंग्लैंड

Updated at : 02 Jul 2025 10:55 AM (IST)
विज्ञापन
Indian Women Cricket Team.

Indian Women Cricket Team. Image: BCCI/X

IND W vs ENG W 2nd T20I: भारत ने ब्रिस्टल में खेले गए दूसरे टी20 मुकाबले में इंग्लैंड को 24 रनों से हराकर सीरीज में 2-0 की बढ़त बना ली. जेमिमा रोड्रिग्स और अमनजोत कौर की अर्धशतकीय पारियों से भारत ने 181/4 का स्कोर खड़ा किया. ऑलराउंडर अमनजोत के शानदार प्रदर्शन से इंग्लैंड 157/7 तक ही पहुंच सका और भारत ने लगातार दूसरी जीत दर्ज की.

विज्ञापन

IND W vs ENG W 2nd T20I: ब्रिस्टल के काउंटी ग्राउंड में मंगलवार, 1 जुलाई 2025 को खेले गए पांच मैचों की टी20 सीरीज के दूसरे मुकाबले में भारतीय महिला टीम ने इंग्लैंड को 24 रनों से हराकर अपनी जीत की लय को बरकरार रखा. इस जीत के साथ भारत ने सीरीज में 2-0 की अहम बढ़त बना ली है.  दूसरे टी20 मुकाबले में भारतीय महिला टीम ने जेमिमा रोड्रिग्स और अमनजोत कौर की बेहतरीन पारियों की बदौलत निर्धारित 20 ओवरों में 4 विकेट खोकर 181 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया. जवाब में इंग्लैंड की टीम पूरे 20 ओवर खेलने के बावजूद 7 विकेट पर 157 रन ही बना सकी. अमनजोत ने ऑलराउंड प्रदर्शन किया, जिसकी बदौलत भारत ने लगातार दूसरा मुकाबला जीता.

इंग्लैंड की कप्तान नैट साइवर ब्रंट ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला लिया और शुरुआत में उनका यह निर्णय असरदार भी साबित हुआ. भारत की शुरुआत लड़खड़ाती रही और टीम ने महज 31 रन के स्कोर पर अपने तीन प्रमुख विकेट गंवा दिए. हालांकि इसके बाद असली कमाल मिडिल ऑर्डर ने किया. जेमिमा रोड्रिग्स और अमनजोत कौर ने पारी को संभालते हुए एक शानदार साझेदारी की, जिससे भारतीय टीम मजबूत स्थिति में पहुंच गई.

जेमिमा ने 41 गेंदों की अपनी पारी में 9 चौके और 1 छक्का लगाते हुए 63 रन बनाए, वहीं अमनजोत ने भी उतनी ही गेंदों में 9 चौकों की मदद से नाबाद 63 रन की पारी खेली. अंत में विकेटकीपर ऋचा घोष ने भी तेज 32 रन (20 गेंद, 6 चौके) बनाकर स्कोरबोर्ड को गति दी. भारत ने निर्धारित 20 ओवर में 4 विकेट पर 181 रन बनाए. गेंदबाजी की बात करें तो इंग्लैंड की ओर से लॉरेन बेल ने सबसे प्रभावशाली प्रदर्शन किया, उन्होंने दो विकेट झटके. लॉरेन फिलर और एम अर्लॉट को एक-एक सफलता मिली.

टैमी ब्यूमोंट की पारी नहीं आई काम

182 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी इंग्लिश टीम की पारी दबाव में नजर आई. हालांकि चौथे क्रम पर बल्लेबाजी करने आई टैमी ब्यूमोंट ने एक छोर संभालते हुए 54 रन (35 गेंद, 8 चौके, 1 छक्का) की तेज पारी खेली, मगर उन्हें दूसरे छोर से भरपूर समर्थन नहीं मिला. टीम 20 ओवर में 157/7 तक ही पहुंच सकी और 24 रनों से मैच गंवा बैठी.

भारत के लिए गेंदबाजी में श्री चरणी ने सबसे ज्यादा प्रभावित किया. उन्होंने चार ओवर में 28 रन देकर दो महत्वपूर्ण विकेट चटकाए. दीप्ति शर्मा और अमनजोत कौर को एक-एक सफलता मिली. जबकि अरुंधति रेड्डी, राधा यादव और स्नेह राणा ने बिना विकेट लिए किफायती गेंदबाजी की.

सीरीज जीतने के करीब भारत

ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए अमनजोत कौर को ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ चुना गया. अब दोनों टीमों के बीच तीसरा टी20 मुकाबला शुक्रवार, 4 जुलाई को खेला जाएगा, जिसमें भारत जीत की हैट्रिक लगाने उतरेगा, जबकि इंग्लैंड वापसी की कोशिश करेगा.

कॉर्बिन बॉश ने रचा इतिहास, जैक्स कैलिस की बराबरी कर मचाया तहलका, इस मामले में बने केवल चौथे प्रोटियाज क्रिकेटर

राजस्थान रॉयल्स करेगा 6 खिलाड़ियों का ट्रेड ऑफ, रेस में CSK इस खिलाड़ी के लिए सबसे ज्यादा डिमांड

ईशान और तिलक ने फिर मचाया तहलका, खलील और युजवेंद्र रहे फ्लॉप, इंग्लैंड में ऐसा रहा चारों का प्रदर्शन

विज्ञापन
Anant Narayan Shukla

लेखक के बारे में

By Anant Narayan Shukla

इलाहाबाद विश्वविद्यालय से पोस्ट ग्रेजुएट. करियर की शुरुआत प्रभात खबर के लिए खेल पत्रकारिता से की और एक साल तक कवर किया. इतिहास, राजनीति और विज्ञान में गहरी रुचि ने इंटरनेशनल घटनाक्रम में दिलचस्पी जगाई. अब हर पल बदलते ग्लोबल जियोपोलिटिक्स की खबरों के लिए प्रभात खबर के लिए अपनी सेवाएं दे रहे हैं.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola