ePaper

IND vs WI: सूर्यकुमार यादव के 83 रनों की बदौलत भारत ने वेस्टइंडीज को रौंदा, सीरीज गंवाने से बच गयी टीम इंडिया

Updated at : 09 Aug 2023 12:45 AM (IST)
विज्ञापन
IND vs WI: सूर्यकुमार यादव के 83 रनों की बदौलत भारत ने वेस्टइंडीज को रौंदा, सीरीज गंवाने से बच गयी टीम इंडिया

टीम इंडिया ने मंगलवार को अपने अनुरूप प्रदर्शन किया और वेस्टइंडीज को तीसरे टी20 मुकाबले में सात विकेट से रौंद दिया. भारत के लिए मैच के हीरो सूर्यकुमार यादव थे. जिन्होंने 44 गेंद पर 83 रनों की पारी खेली. तिलक वर्मा 49 रनों के साथ नाबाद रहे और जीत में अहम योगदान दिया.

विज्ञापन
undefined

सूर्यकुमार यादव की 44 गेंद में 83 रन की ताबड़तोड़ पारी के दम पर भारत ने वेस्टइंडीज के खिलाफ पांच मैचों की श्रृंखला के तीसरे टी20 अंतरराष्ट्रीय को सात विकेट से जीतकर श्रृंखला को जीवंत बनाये रखा.

undefined

सूर्यकुमार ने 44 गेंद की पारी में 10 चौके और चार छक्के जड़ने के अलावा तिलक वर्मा के साथ तीसरे विकेट के लिए 51 गेंद में 87 रन की आक्रामक साझेदारी कर मैच में टीम की वापसी करा दी. तिलक हालांकि अर्धशतक से चूक गए. उन्होंने 37 गेंद की नाबाद पारी में चार चौके और एक छक्का की मदद से 49 रन बनाए.

undefined

कप्तान हार्दिक पंड्या 15 गेंद में एक चौका और एक छक्का लगाकर 20 रन पर नाबाद रहे. तिलक और पंड्या ने चौथे विकेट के लिए 31 गेंद में 43 रन की साझेदारी की. श्रृंखला के शुरुआती दोनों मैचों को गंवाने वाली भारतीय टीम ने वेस्टइंडीज को पांच विकेट पर 159 रन पर रोकने के बाद 17.5 ओवर में तीन विकेट के नुकसान पर लक्ष्य हासिल कर लिया.

undefined

वेस्टइंडीज अब भी श्रृंखला में 2-1 से आगे है. श्रृंखला के आखिरी दो मैच अमेरिका के लॉडरहिल में खेले जायेंगे. भारत ने पांचवें ओवर तक दोनों सलामी बल्लेबाजों का विकेट गंवा दिया था लेकिन इसके बाद सूर्यकुमार और तिलक की बेखौफ बल्लेबाजी से मैच का रूख पलट गया.

undefined

सूर्यकुमार ने इस दौरान मैदान के चारों ओर चौके और छक्के लगाकर वेस्टइंडीज के गेंदबाजों को पस्त कर दिया. वेस्टइंडीज के लिए अल्जारी जोसेफ ने 25 रन देकर दो विकेट लिए जबकि ओबेद मैकोय को एक सफलता मिली. इससे पहले कप्तान रोवमैन पोवेल की 19 गेंद में नाबाद 40 रन की आतिशी पारी के दम पर वेस्टइंडीज ने बीच के ओवर में लगातार अंतराल पर गिरे विकेटों से उबरते हुए पांच विकेट पर 159 रन का प्रतिस्पर्धी स्कोर खड़ा किया.

undefined

सलामी बल्लेबाजी ब्रेंडन किंग (42) और काइल मायर्स (25) ने 46 गेंद में 55 रन की साझेदारी कर वेस्टइंडीज को अच्छी शुरुआत दिलाई लेकिन कुलदीप यादव (28 रन पर तीन विकेट) की अगुवाई में गेंदबाजों के शानदार प्रदर्शन से भारत में मैच में वापसी की.

undefined

पोवेल ने आखिरी दो ओवरों में तीन छक्के जड़कर टीम को बड़े स्कोर तक पहुंचा दिया। उन्होंने 19 गेंद की पारी में एक चौका और तीन छक्के लगाए. किंग ने 42 गेंद की पारी में पांच चौका और एक छक्का लगाया जबकि मायर्स ने 20 गेंद की पारी में तीन चौका और एक छक्का जड़ा.

undefined

भारत के लिए कुलदीप के अलावा अक्षर पटेल (24 रन पर एक विकेट) और मुकेश कुमार (19 रन पर एक विकेट) विकेट लेने में सफल रहें. लक्ष्य का पीछा करते हुए भारत की शुरुआत खराब रही. पदार्पण कर रहे यशस्वी जायसवाल पहले ओवर में ही एक रन बनाकर मैकोय का शिकार बन गए.

undefined

सूर्यकुमार ने क्रीज पर कदम रखते ही चौके से खाता खोला और फिर छक्का जड़ दिया. उन्होंने दूसरे और चौथे ओवर में अकील हुसैन के खिलाफ चौके लगाए. अगले ओवर में जोसेफ ने शुभमन गिल की 11 गेंद में छह रन की पारी को खत्म किया. शानदार लय में चल रहे तिलक वर्मा ने क्रीज पर आते ही लगातार गेंदों पर चौके लगाए.

undefined

सूर्यकुमार ने अगले ओवर में मैकोय के खिलाफ चौका और छक्का लगाया जिससे पावर प्ले में टीम ने दो विकेट के नुकसान पर 60 रन बना लिए. सूर्यकुमार ने आठवें ओवर में रोमारियो शेफर्ड का स्वागत लगातार दो चौके से किया. इस गेंदबाज के अगले ओवर में उन्होंने लगातार गेंदों पर छक्का और चौका लगाया जिससे 10 ओवर के बाद टीम का स्कोर 97 रन हो गया.

undefined

उन्होंने 13वें ओवर में जोसेफ के खिलाफ छक्का जड़ा लेकिन एक और बड़ा शॉट खेलने की कोशिश में किंग को कैच दे बैठे. सूर्यकुमार के आउट होने के बाद तिलक ने हुसैन के खिलाफ चौका और 16वें ओवर की पहली गेंद पर शेफर्ड के खिलाफ छक्का लगाकर मैच पर भारत का दबदबा कम नहीं होने दिया.

विज्ञापन
AmleshNandan Sinha

लेखक के बारे में

By AmleshNandan Sinha

अमलेश नंदन सिन्हा प्रभात खबर डिजिटल में वरिष्ठ पत्रकार के रूप में कार्यरत हैं. इनके पास हिंदी पत्रकारिता में 20 से अधिक वर्षों का अनुभव है. रांची विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई करने के बाद से इन्होंने कई समाचार पत्रों के साथ काम किया. इन्होंने पत्रकारिता की शुरुआत रांची एक्सप्रेस से की, जो अपने समय में झारखंड के विश्वसनीय अखबारों में से एक था. एक दशक से ज्यादा समय से ये डिजिटल के लिए काम कर रहे हैं. झारखंड की खबरों के अलावा, समसामयिक विषयों के बारे में भी लिखने में रुचि रखते हैं. विज्ञान और आधुनिक चिकित्सा के बारे में देखना, पढ़ना और नई जानकारियां प्राप्त करना इन्हें पसंद है.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola