ePaper

IND vs PAK: पाकिस्तान पर भारत का दबदबा कायम, महिला वर्ल्ड कप में 88 रन से दी मात

Updated at : 05 Oct 2025 11:34 PM (IST)
विज्ञापन
Women's World Cup 2025: India beat Pakistan

भारतीय महिला टीम ने पाकिस्तान महिला टीम को दी मात

IND vs PAK: महिला वर्ल्ड कप 2025 में भारत ने पाकिस्तान को दी शिकस्त. टीम इंडिया ने 88 रन से पाक टीम को हराकर अपने विजयी रथ को कायम रखा है.

विज्ञापन

महिला वनडे विश्व कप 2025 (Women World Cup 2025) का छठा मुकाबला भारत और पाकिस्तान (IND vs PAK) के बीच कोलंबो के आर प्रेमदासा स्टेडियम में खेला गया, जहां भारतीय महिला टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पाकिस्तान को 88 रन से हराकर टूर्नामेंट में अपनी दूसरी जीत दर्ज की. कप्तान हरमनप्रीत कौर (Harmanpreet Kaur) की अगुवाई में टीम इंडिया ने टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 247 रन बनाए और फिर बेहतरीन गेंदबाजी के दम पर पाकिस्तान को 159 रन पर ढेर कर दिया. इस जीत के साथ भारत ने न केवल अंक तालिका में अपनी स्थिति मजबूत की बल्कि पाकिस्तान पर वर्ल्ड कप में अपनी जीत का सिलसिला भी बरकरार रखा.

एक भी फिफ्टी नहीं लगा सकी टीम इंडिया

भारत ने पाकिस्तान के खिलाफ वनडे विश्व कप मुकाबले में 247 रन बनाए, जिसमें हरलीन देओल और रिचा घोष का अहम योगदान रहा. सलामी बल्लेबाज प्रतिका रावल ने 31 रन बनाकर टीम को तेज शुरुआत दिलाई, लेकिन स्मृति मंधाना (23) एक बार फिर पावरप्ले में आउट हो गईं. पाकिस्तान की गेंदबाजों ने कसी हुई लाइन के साथ नियमित अंतराल पर विकेट झटके. हरलीन देओल ने संयम से खेलते हुए कप्तान हरमनप्रीत कौर (19) के साथ 39 और जेमिमा रोड्रिग्स (32) के साथ 45 रन की साझेदारी की. उनके आउट होने के बाद दीप्ति शर्मा (25) और स्नेह राणा (20) ने 42 रन जोड़कर पारी को स्थिरता दी. पाकिस्तान की ओर से डायना बेग ने 69 रन देकर चार और फातिमा सना ने 38 रन देकर दो विकेट लिए. अंतिम ओवरों में रिचा घोष ने धमाकेदार बल्लेबाजी करते हुए 20 गेंदों पर नाबाद 35 रन बनाए, जिसमें तीन चौके और दो छक्के शामिल थे. उनकी पारी की बदौलत भारत 46 ओवर तक संघर्ष करने के बाद 247 रन तक पहुंचा और पाकिस्तान के सामने चुनौतीपूर्ण लक्ष्य रखा.

सिदरा अमीन की जुझारू पारी बेकार

248 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी पाकिस्तान महिला टीम की शुरुआत बेहद खराब रही. उसके तीन विकेट सिर्फ 26 रन पर गिर गए. इसके बाद सिदरा अमीन और नतालिया परवेज ने चौथे विकेट के लिए 69 रन जोड़कर पारी को संभालने की कोशिश की, लेकिन नतालिया के आउट होते ही पूरी टीम लड़खड़ा गई. सिदरा अमीन ने 106 गेंदों में 9 चौकों और 1 छक्के की मदद से 81 रनों की शानदार पारी खेली, जबकि नतालिया परवेज ने 46 गेंदों में 33 रन बनाए. विकेटकीपर सिदरा नवाज ने 22 गेंदों पर 14 रन जोड़े, मगर बाकी बल्लेबाजों से कोई खास सहयोग नहीं मिला और टीम 159 रन पर सिमट गई.

क्रांति और दीप्ति की घातक गेंदबाजी

भारतीय गेंदबाजों ने इस मैच में जबरदस्त प्रदर्शन किया. तेज गेंदबाज क्रांति गौड़ ने अपनी शानदार लाइन-लेंथ से पाकिस्तान की बल्लेबाजी की रीढ़ तोड़ दी. उन्होंने 10 ओवर में 3 मेडन डालते हुए सिर्फ 20 रन देकर 3 विकेट झटके और ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ चुनी गईं. उनके अलावा दीप्ति शर्मा ने भी 3 विकेट अपने नाम किए, जबकि स्नेह राणा ने 2 विकेट हासिल किए. भारतीय गेंदबाजों की सटीक गेंदबाजी के आगे पाकिस्तान की टीम पूरी तरह बेबस नजर आई और भारत ने एकतरफा मुकाबले में शानदार जीत दर्ज की.

ये भी पढें-

सूर्यकुमार यादव के बयान से पाकिस्तान को फिर लगेगी मिर्ची! IND vs PAK राइवलरी को लेकर बोल दी बड़ी बात

बाज की तरह उड़ा कीवी खिलाड़ी, बिजली की तरह लपका शानदार कैच, 43 सेकंड का वीडियो देख रह जाएंगे हैरान

विज्ञापन
Aditya Kumar Varshney

लेखक के बारे में

By Aditya Kumar Varshney

आदित्य वार्ष्णेय एक अनुभवी खेल पत्रकार हैं, जो वर्तमान में कंटेंट राइटर के रूप में प्रभात खबर के साथ जुड़े हुए हैं. वह पिछले 5 सालों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और स्पोर्ट्स बीट में गहरी पकड़ रखते हैं. आप क्रिकेट, फुटबॉल हॉकी, टेनिस और चेस जैसे खेलों पर लिखना पसंद करते हैं. आप मैच रिपोर्ट, विश्लेषणात्मक लेख, फीचर स्टोरी और एक्सप्लेनर आधारित कंटेंट तैयार करते हैं. आपने प्रभात खबर से पहले भारत समाचार में असिस्टेंट प्रोड्यूसर (आउटपुट विभाग) के रूप में काम किया है, वहीं स्टार स्पोर्ट्स में असिस्टेंट प्रोड्यूसर (क्रिकेट, हिंदी फीड) के तौर पर भी काम कर चुके हैं. आपके पास ब्रॉडकास्ट और डिजिटल दोनों प्लेटफॉर्म का मजबूत अनुभव है.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola