ePaper

IND vs NZ: न्यूजीलैंड ने रचा इतिहास, इंदौर वनडे 41 रन से जीता, भारत में पहली बार सीरीज अपने नाम की

Updated at : 18 Jan 2026 9:37 PM (IST)
विज्ञापन
IND vs NZ: New Zealand Won ODI Series

न्यूजीलैंड ने जीती वनडे सीरीज, Pic- PTI

विराट कोहली की 124 रनों की पारी के बावजूद भारत, न्यूजीलैंड से हार गया. तीन मैचों की सीरीज के तीसरे और आखिरी मुकाबले में न्यूजीलैंड ने भारत को 41 रनों से हरा दिया और सीरीज पर 2-1 से कब्जा कर लिया. न्यूजीलैंड के 338 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए भारतीय टीम 46 ओवर में 296 रन पर ऑल आउट हो गई.

विज्ञापन

IND vs NZ: न्यूजीलैंड की क्रिकेट टीम ने भारत के दौरे पर बड़ा कमाल कर दिया है. इंदौर के होल्कर स्टेडियम में रविवार को खेले गए तीसरे और निर्णायक मैच में न्यूजीलैंड ने भारत को 41 रन से हरा दिया. इस जीत के साथ ही न्यूजीलैंड ने 3 मैचों की रोमांचक सीरीज 2-1 से अपने नाम कर ली है. यह जीत इसलिए भी बहुत खास है क्योंकि क्रिकेट के इतिहास में पहली बार न्यूजीलैंड ने भारत को उसी के घर में वनडे सीरीज में हराया है. इससे पहले कोई भी कीवी कप्तान यह कारनामा नहीं कर पाया था.

मिचेल और फिलिप्स की सेंचुरी

इंदौर में हुए इस मैच में न्यूजीलैंड के बल्लेबाजों ने भारतीय गेंदबाजों के खिलाफ बड़ा स्कोर बनाया. डैरिल मिचेल (Daryl Mitchell) ने अपनी शानदार फॉर्म जारी रखते हुए सीरीज का लगातार दूसरी सेंचुरी लगा दी. उनका साथ देने आए ग्लेन फिलिप्स (Glenn Phillips) ने भी सैंकड़ा लगा दिया. इन दोनों की पारियों के दम पर न्यूजीलैंड ने 50 ओवर में 8 विकेट खोकर 337 रन का बड़ा स्कोर खड़ा कर दिया. कीवी टीम ने न सिर्फ बैटिंग, बल्कि अपनी गेंदबाजी और चुस्त फील्डिंग से भी मैच का पासा अपनी तरफ पलट दिया.

विराट कोहली का शतक भी गया बेकार

338 लक्ष्य का पीछा करने उतरी टीम इंडिया के लिए विराट कोहली (Virat Kohli) ने उम्मीद की किरण जगाई थी. विराट ने एक बार फिर अपना क्लास दिखाते हुए शानदार सेंचुरी लगाई. लेकिन उन्हें दूसरे छोर से किसी बल्लेबाज का लंबा साथ नहीं मिल सका. पूरी भारतीय टीम कोशिश करने के बाद भी 296 रन ही बना सकी. विराट की यह मेहनत और जुझारू पारी भी टीम इंडिया को सीरीज हारने से नहीं बचा सकी.

36 साल बाद खत्म हुआ जीत का सूखा

न्यूजीलैंड के लिए यह जीत किसी सपने से कम नहीं है. आपको बता दें कि कीवी टीम 1988-89 से भारत में वनडे सीरीज खेलने आ रही है. पिछले 36 सालों में उन्होंने भारत में 7 वनडे सीरीज खेलीं, लेकिन हर बार उन्हें हार का सामना करना पड़ा. लगातार 7 सीरीज हारने के बाद अब 8वीं कोशिश में न्यूजीलैंड को यह सफलता मिली है.

ये भी पढ़ें-

रोहित शर्मा के नाम नया रिकॉर्ड, धोनी-कोहली के क्लब में हुई एंट्री, ऐसा करने वाले छठे खिलाड़ी बने

Video: Live Match में दिखा विराट का अलग अंदाज, पहले बजाई ताली फिर दिया धक्का, डेरिल मिचेल भी नहीं रोक पाए हंसी

IND vs NZ 3rd ODI: इंदौर में मिचेल और फिलिप्स की सेंचुरी, भारत को मिला 338 रन का टारगेट

विज्ञापन
Aditya Kumar Varshney

लेखक के बारे में

By Aditya Kumar Varshney

आदित्य वार्ष्णेय एक अनुभवी खेल पत्रकार हैं, जो वर्तमान में कंटेंट राइटर के रूप में प्रभात खबर के साथ जुड़े हुए हैं. वह पिछले 5 सालों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और स्पोर्ट्स बीट में गहरी पकड़ रखते हैं. आप क्रिकेट, फुटबॉल हॉकी, टेनिस और चेस जैसे खेलों पर लिखना पसंद करते हैं. आप मैच रिपोर्ट, विश्लेषणात्मक लेख, फीचर स्टोरी और एक्सप्लेनर आधारित कंटेंट तैयार करते हैं. आपने प्रभात खबर से पहले भारत समाचार में असिस्टेंट प्रोड्यूसर (आउटपुट विभाग) के रूप में काम किया है, वहीं स्टार स्पोर्ट्स में असिस्टेंट प्रोड्यूसर (क्रिकेट, हिंदी फीड) के तौर पर भी काम कर चुके हैं. आपके पास ब्रॉडकास्ट और डिजिटल दोनों प्लेटफॉर्म का मजबूत अनुभव है.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola