ePaper

IND vs ENG: भारत ने इंग्लैंड को दिया 399 रन का रिकॉर्ड लक्ष्य, रविचंद्रन अश्विन ने चटकाया पहला विकेट

Updated at : 04 Feb 2024 5:52 PM (IST)
विज्ञापन
IND vs ENG:  भारत ने इंग्लैंड को दिया 399 रन का रिकॉर्ड लक्ष्य, रविचंद्रन अश्विन ने चटकाया पहला विकेट

Visakhapatnam: England's bowler James Anderson celebrates the wicket of India's batter Yashasvi Jaiswal during the third day of the second Test match between India and England, at Dr Y.S. Rajasekhara Reddy ACA-VDCA Cricket Stadium, in Visakhapatnam, Sunday, Feb. 4, 2024. (PTI Photo/R Senthilkumar)(PTI02_04_2024_000019A)

भारत और इंग्लैंड के बीच खेला जा रहा दूसरा टेस्ट मुकाबला रोमांचक मोड़ पर पहुंच गया है. दूसरी पारी में भारत केवल 255 रन ही बना सका और इग्लैंड को 399 रनों का लक्ष्य दिया. हालांकि यह एशियन कंट्री में अब तक का सबसे बड़ा लक्ष्य है. भारत ने एक विकेट हासिल कर लिया है.

विज्ञापन
undefined

भारतीय बल्लेबाजों ने एक बार फिर इंग्लैंड को वापसी का मौका दिया है, लेकिन इसके बावजूद मेहमान टीम को दूसरे क्रिकेट टेस्ट के तीसरे दिन रविवार को रिकॉर्ड 399 रन का लक्ष्य मिला जिसके जवाब में उसने एक विकेट पर 67 रन बना लिए हैं. इंगलैंड को पहला झटका अनुभवी स्पिनर रविचंद्रन अश्विन ने दिया.

undefined

हैदराबाद में सीरीज के पहले टेस्ट की तरह भारत के पास एक बार फिर अपनी बल्लेबाजी से इंग्लैंड को मैच से बाहर करने का मौका था लेकिन शुभमन गिल (147 गेंद में 104 रन) के शतक के बावजूद भारत दूसरी पारी में 255 रन पर सिमट गया. मेजबान टीम ने अपने अंतिम छह विकेट 44 रन पर गंवाए.

undefined

लक्ष्य का पीछा करते हुए सलामी बल्लेबाजों जैक क्राउली (नाबाद 29) और बेन डकेट (28) ने पहले विकेट के लिए 11 ओवर के भीतर 50 रन जोड़कर इंग्लैंड को अच्छी शुरुआत दिलाई. अश्विन (आठ रन पर एक विकेट) ने डकेट को विकेटकीपर कोना भरत के हाथों कैच कराके इस साझेदारी को तोड़ा.

undefined

दिन का खेल खत्म होने पर रात्रि प्रहरी रेहान अहमद नौ रन बनाकर क्राउली का साथ निभा रहे थे. इंग्लैंड को जीत के लिए अब भी 332 रन की दरकार है. पिच बल्लेबाजी के लिए मुश्किल नहीं हैं लेकिन कुछ गेंद नीची रह रही हैं. इंग्लैंड को हालांकि सीरीज में 2-0 की बढ़त बनाने के लिए रिकॉर्ड लक्ष्य मिला है.

undefined

वेस्टइंडीज ने दो साल पहले बांग्लादेश में 395 रन बनाकर जीत दर्ज की थी जो एशिया में सबसे बड़े लक्ष्य का पीछा करते हुए जीत है. भारतीय टीम दूसरी पारी में एक समय चार विकेट पर 211 रन बनाकर काफी अच्छी स्थिति में थी लेकिन निचले क्रम ने एक बार फिर निराश किया.

undefined

दूसरी पारी में गिल ने खराब फॉर्म से उबरते हुए शतक जड़ा. उन्होंने अक्षर पटेल (84 गेंद में 45 रन) के साथ पांचवें विकेट के लिए 89 रन जोड़े लेकिन इस साझेदारी के टूटने के बाद भारतीय पारी को सिमटने में अधिक वक्त नहीं लगा. चाय के बाद रेहान अहमद (88 रन पर तीन विकेट) ने पहले ही ओवर में भरत (06) को पवेलियन भेजा.

undefined

टॉम हार्टले (77 रन पर चार विकेट) के अगले ओवर में कुलदीप यादव (00) गेंद को हवा में लहराकर डकेट को आसान कैच दे बैठे. जसप्रीत बुमराह 26 गेंद तक टिके रहे लेकिन खाता खोले बिना हार्टले का चौथा शिकार बने. रेहान ने अश्विन (29) को विकेटकीपर बने फोक्स के हाथों कैच कराके भारत की पारी का अंत किया.

undefined

तीसरे दिन शुरुआत में जूझने के बाद गिल ने अपना तीसरा टेस्ट शतक पूरा किया. अक्षर भी अच्छी लय में नजर आए. गिल ने लंच से पहले अपना अर्धशतक पूरा किया और स्पिनरों के खिलाफ आक्रामक रवैया अपनाया.

undefined

लेग स्पिनर रेहान ने राउंड द विकेट गेंदबाजी की रणनीति अपनाई लेकिन गिल ने उन पर सीधा छक्का जड़ा और फिर इसी ओवर में लगातार दो चौके मारे. गिल ने शोएब बशीर के पारी के 52वें ओवर में शतक पूरा किया. वह पिछली 13 पारियों में पहली बार 50 रन के आंकड़े को पार करने में सफल रहे.

undefined

गिल हालांकि शतक पूरा करने के बाद बशीर की गेंद पर रिवर्स स्वीप खेलने की कोशिश में पवेलियन लौटे. गेंद गिल के ग्लव्स से टकराकर हवा में उछली और विकेटकीपर बेन फोक्स ने आसान कैच लपका. गिल ने अपनी पारी में 11 चौके और दो छक्के मारे. अक्षर भी इसके बाद हार्टले की सीधी गेंद को चूककर पगबाधा हो गए.

विज्ञापन
AmleshNandan Sinha

लेखक के बारे में

By AmleshNandan Sinha

अमलेश नंदन सिन्हा प्रभात खबर डिजिटल में वरिष्ठ पत्रकार के रूप में कार्यरत हैं. इनके पास हिंदी पत्रकारिता में 20 से अधिक वर्षों का अनुभव है. रांची विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई करने के बाद से इन्होंने कई समाचार पत्रों के साथ काम किया. इन्होंने पत्रकारिता की शुरुआत रांची एक्सप्रेस से की, जो अपने समय में झारखंड के विश्वसनीय अखबारों में से एक था. एक दशक से ज्यादा समय से ये डिजिटल के लिए काम कर रहे हैं. झारखंड की खबरों के अलावा, समसामयिक विषयों के बारे में भी लिखने में रुचि रखते हैं. विज्ञान और आधुनिक चिकित्सा के बारे में देखना, पढ़ना और नई जानकारियां प्राप्त करना इन्हें पसंद है.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola