U19 World Cup 2026: शिनोजादा और नियाजई की सेंचुरी, भारत को मिला 311 रन का टारगेट

Updated at : 04 Feb 2026 5:43 PM (IST)
विज्ञापन
Faisal Shinozada U19 WC

फैसल शिनोजादा

U19 World Cup 2026: डर-19 वर्ल्ड कप के सेमीफाइनल में अफगानिस्तान ने भारत के खिलाफ 310 रनों का विशाल स्कोर बनाया. फैसल शिनोजादा (110) और उजेरुल्लाह नियाजई (101 नाबाद) के शतकों ने भारतीय गेंदबाजों को बैकफुट पर धकेल दिया. अब भारत को फाइनल में जगह बनाने के लिए 311 रन बनाने होंगे.

विज्ञापन

अंडर-19 वर्ल्ड कप 2026 (U19 World Cup 2026) के सेमीफाइनल मुकाबले में बुधवार को अफगानिस्तान ने भारत के खिलाफ धमाकेदार प्रदर्शन करते हुए 4 विकेट पर 310 रनों का बड़ा स्कोर खड़ा किया. अफगानिस्तान की इस पारी के हीरो फैसल शिनोजादा (Faisal Shinozada) और उजेरुल्लाह नियाजई (Uzairullah Niazai) रहे, जिन्होंने शानदार शतक जड़े. शिनोजादा ने 93 गेंदों में 110 रनों की तेज पारी खेली, जबकि नियाजई ने 86 गेंदों में नाबाद 101 रन बनाए. भारतीय गेंदबाज पूरे मैच के दौरान विकेट लेने के लिए संघर्ष करते नजर आए और अफगानिस्तान के बल्लेबाजों ने इसका पूरा फायदा उठाया.

सलामी जोड़ी ने दी मजबूत शुरुआत

मैच की शुरुआत में अफगानिस्तान ने टॉस जीता और पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया. टीम के ओपनर्स उस्मान सादत और खालिद अहमदजई ने अपनी टीम को एक ठोस शुरुआत दिलाई. दोनों ने मिलकर पहले विकेट के लिए 53 रनों की साझेदारी की. भारत को पहली सफलता 13वें ओवर में तेज गेंदबाज दीपेश देवेंद्रन ने दिलाई. देवेंद्रन की एक बेहतरीन लेंथ गेंद अहमदजई के बल्ले का किनारा लेकर सीधे विकेटकीपर अभिज्ञान कुंडू के हाथों में समा गई. अहमदजई ने आउट होने से पहले 39 गेंदों में 31 रनों का योगदान दिया.

शिनोजादा और सादत की सूझबूझ भरी पारी

पहला विकेट गिरने के बाद फैसल शिनोजादा मैदान पर उतरे. उन्होंने उस्मान सादत के साथ मिलकर पारी को संभालना शुरू किया. दोनों के बीच दूसरे विकेट के लिए 64 रनों की महत्वपूर्ण पार्टनरशिप हुई. इस दौरान अफगानिस्तान की टीम बड़े स्कोर की तरफ बढ़ती दिख रही थी. हालांकि, भारत की तरफ से स्पिन ऑलराउंडर कनिष्क चौहान ने 25वें ओवर में इस बढ़ती जोड़ी को तोड़ा. सादत बड़ा शॉट खेलने के चक्कर में लांग-ऑफ पर कैच आउट हो गए. उस्मान सादत ने अपनी पारी में 70 गेंदों का सामना किया और 39 रन बनाए.

शिनोजादा और नियाजई के बीच रिकॉर्ड साझेदारी

सादत के पवेलियन लौटने के बाद उजेरुल्लाह नियाजई क्रीज पर आए. यहां से मैच का रुख पूरी तरह बदल गया. शिनोजादा और नियाजई ने मिलकर भारतीय गेंदबाजों पर हमला बोल दिया. इन दोनों बल्लेबाजों ने तीसरे विकेट के लिए महज 130 गेंदों में 148 रनों की जबरदस्त साझेदारी की. शिनोजादा ने मैदान के चारों ओर शॉट लगाए और अपनी पारी में 15 चौके जड़े. उनकी इस पारी ने भारतीय खेमे में खलबली मचा दी. शिनोजादा के आउट होने के बाद भी रनों की रफ्तार कम नहीं हुई.

भारतीय गेंदबाज बेअसर

शिनोजादा का साथ छोड़ने के बाद भी उजेरुल्लाह नियाजई ने अपनी आक्रामक बल्लेबाजी जारी रखी. उन्होंने भारतीय गेंदबाजों की कमजोर गेंदों को बाउंड्री के बाहर भेजना जारी रखा. नियाजई ने अपनी 101 रनों की नाबाद पारी में 12 चौके और 2 गगनचुंबी छक्के लगाए. भारतीय गेंदबाजी आक्रमण इस मैच में बेबस नजर आया. दीपेश देवेंद्रन और कनिष्क चौहान के अलावा कोई भी गेंदबाज प्रभाव नहीं छोड़ सका. अफगानिस्तान ने निर्धारित 50 ओवरों में 4 विकेट खोकर 310 रन बनाए, जिससे भारत के सामने अब फाइनल में पहुंचने के लिए एक बड़ी चुनौती खड़ी हो गई है.

ये भी पढ़ें-

WPL 2026: फाइनल में बेंगलुरु और दिल्ली की टक्कर, जानें कब और कहां देख सकते हैं मुकाबला

पूरी दुनिया घूमे पर भी रांची नहीं छोड़ा, जतिन सप्रू ने बताया क्यों धोनी हैं सबसे अलग और खास?

अभिषेक शर्मा को टी20 रेटिंग में नुकसान, ईशान की 32 पायदान की छलांग, सूर्या को भी फायदा

विज्ञापन
Aditya Kumar Varshney

लेखक के बारे में

By Aditya Kumar Varshney

आदित्य वार्ष्णेय एक अनुभवी खेल पत्रकार हैं, जो वर्तमान में कंटेंट राइटर के रूप में प्रभात खबर के साथ जुड़े हुए हैं. वह पिछले 5 सालों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और स्पोर्ट्स बीट में गहरी पकड़ रखते हैं. आप क्रिकेट, फुटबॉल हॉकी, टेनिस और चेस जैसे खेलों पर लिखना पसंद करते हैं. आप मैच रिपोर्ट, विश्लेषणात्मक लेख, फीचर स्टोरी और एक्सप्लेनर आधारित कंटेंट तैयार करते हैं. आपने प्रभात खबर से पहले भारत समाचार में असिस्टेंट प्रोड्यूसर (आउटपुट विभाग) के रूप में काम किया है, वहीं स्टार स्पोर्ट्स में असिस्टेंट प्रोड्यूसर (क्रिकेट, हिंदी फीड) के तौर पर भी काम कर चुके हैं. आपके पास ब्रॉडकास्ट और डिजिटल दोनों प्लेटफॉर्म का मजबूत अनुभव है.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola