टीम इंडिया को लगा झटका, हर्षित राणा टी20 वर्ल्ड कप से बाहर, सिराज टीम में शामिल
Published by : Aditya Kumar Varshney Updated At : 06 Feb 2026 10:27 PM
मोहम्मद सिराज और हर्षित राणा
Harshit Rana Ruled Out: टी20 वर्ल्ड कप 2026 शुरू होने से पहले भारतीय टीम को बड़ा झटका लगा है. तेज गेंदबाज हर्षित राणा साउथ अफ्रीका के खिलाफ वार्म-अप मैच में घुटने की चोट के कारण टूर्नामेंट से बाहर हो गए हैं. बीसीसीआई ने अब उनकी जगह अनुभवी गेंदबाज मोहम्मद सिराज को टीम में शामिल किया है.
Highlights
Harshit Rana Ruled Out: टी20 वर्ल्ड कप 2026 (T20 World Cup 2026) के शुरू होने से ठीक पहले भारतीय टीम को एक बहुत बड़ा झटका लगा है. टीम के तेज गेंदबाज हर्षित राणा (Harshit Rana) चोट के कारण पूरे टूर्नामेंट से बाहर हो गए हैं. यह खबर डिफेंडिंग चैंपियंस यानी भारतीय फैंस के लिए थोड़ी चिंता बढ़ाने वाली है. लेकिन अच्छी बात यह है कि उनकी जगह टीम में एक अनुभवी खिलाड़ी की वापसी हुई है. हर्षित की जगह अब मोहम्मद सिराज (Mohammed Siraj) को टीम में शामिल किया गया है. बीसीसीआई ने आधिकारिक तौर पर इसकी पुष्टि कर दी है. साउथ अफ्रीका के खिलाफ वार्म-अप मैच के दौरान हर्षित को घुटने में चोट लग गई थी, जिसके बाद यह फैसला लिया गया.
कैसे लगी हर्षित राणा को चोट
यह घटना नवी मुंबई में साउथ अफ्रीका के खिलाफ खेले गए वार्म-अप मैच की है. 24 साल के दिल्ली के इस तेज गेंदबाज ने मैच में सिर्फ एक ओवर ही फेंका था. अपने उस एक ओवर में उन्होंने 16 रन दिए थे. इसके बाद उन्हें मैदान छोड़ना पड़ा और वे मैच में आगे कोई भूमिका नहीं निभा सके. हालांकि, गेंदबाजी से पहले हर्षित राणा बल्लेबाजी करने भी उतरे थे, जहां उन्होंने सिर्फ एक गेंद का सामना किया था. मैच के दौरान ही उनके घुटने में तकलीफ देखी गई थी, जिसके बाद उन्हें स्कैन के लिए भेजा गया था. अब रिपोर्ट्स आने के बाद यह साफ हो गया है कि वे वर्ल्ड कप खेलने के लिए फिट नहीं हैं.
BCCI ने जारी किया बयान
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने इस मामले पर एक आधिकारिक बयान जारी कर पूरी स्थिति साफ की है. बोर्ड ने कहा, टीम इंडिया के तेज गेंदबाज हर्षित राणा साउथ अफ्रीका के खिलाफ नवी मुंबई में हुए वार्म-अप मैच के दौरान घुटने की चोट के कारण आगामी आईसीसी पुरुष टी20 विश्व कप 2026 से बाहर हो गए हैं. बोर्ड ने आगे बताया कि स्पेशलिस्ट डॉक्टर से सलाह और स्कैन के बाद मेडिकल टीम ने उन्हें टूर्नामेंट के लिए अनफिट पाया है. टीम मैनेजमेंट ने उनके जल्द ठीक होने की कामना की है और मोहम्मद सिराज को उनके रिप्लेसमेंट के तौर पर टीम में शामिल किया है.
सिराज की वापसी
हर्षित के बाहर होने से जहां टीम को नुकसान हुआ है, वहीं मोहम्मद सिराज जैसे अनुभवी गेंदबाज का आना राहत की बात भी है. सिराज भारतीय टेस्ट टीम के मुख्य गेंदबाज हैं, लेकिन टी20 फॉर्मेट में उनकी वापसी लंबे समय बाद हो रही है. उन्होंने भारत के लिए अपना आखिरी टी20 मैच जुलाई 2024 में श्रीलंका के खिलाफ पल्लेकेले में खेला था.
सिराज के आंकड़ों पर नजर डालें तो उन्होंने 16 मैचों में 14 विकेट लिए हैं. उनका औसत 32.28 और इकॉनमी रेट 7.79 का रहा है. उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 17 रन देकर 4 विकेट है. उम्मीद है कि सिराज अपने अनुभव का पूरा फायदा उठाएंगे.
अपडेटेड टीम इंडिया स्क्वॉड:- सूर्यकुमार यादव (कप्तान), अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन (विकेटकीपर), ईशान किशन (विकेटकीपर), तिलक वर्मा, हार्दिक पंड्या, शिवम दुबे, अक्षर पटेल (उपकप्तान), रिंकू सिंह, जसप्रीत बुमराह, अर्शदीप सिंह, कुलदीप यादव, वरुण चक्रवर्ती, वॉशिंगटन सुंदर, मोहम्मद सिराज.
हर्षित राणा का अब तक का प्रदर्शन
हर्षित राणा को एक बॉलिंग ऑलराउंडर के तौर पर देखा जाता है और उनका बाहर होना टीम के संतुलन के लिए नुकसानदेह हो सकता है. उन्होंने भारत के लिए अब तक 9 टी20 मैच खेले हैं. इन मैचों में उन्होंने 28.5 की औसत से 57 रन बनाए हैं, जिसमें उनका सर्वाधिक स्कोर 35 रन रहा है. वहीं गेंदबाजी की बात करें तो उन्होंने 33.0 की औसत से 9 विकेट चटकाए हैं. उनका बेस्ट बॉलिंग फिगर 33 रन देकर 3 विकेट रहा है. फैंस को उम्मीद थी कि इस वर्ल्ड कप में वे अपनी छाप छोड़ेंगे, लेकिन चोट ने उनका सपना तोड़ दिया.
टीम इंडिया की बढ़ती चिंताएं
हर्षित राणा का बाहर होना टीम इंडिया के लिए दोहरी मुसीबत जैसा है. ऐसा इसलिए क्योंकि टीम पहले से ही वॉशिंगटन सुंदर की फिटनेस को लेकर थोड़ी परेशान है. सुंदर भी एक स्पिन बॉलिंग ऑलराउंडर हैं और उनकी फिटनेस पर अभी भी संदेह बना हुआ है. ऐसे में एक और ऑलराउंडर का बाहर होना डिफेंडिंग चैंपियंस के लिए चिंता का विषय है. अब देखना होगा कि कप्तान सूर्यकुमार यादव और कोच इस नई परिस्थिति से कैसे निपटते हैं और प्लेइंग इलेवन का संतुलन कैसे बनाते हैं.
ये भी पढ़ें-
15 चौके 15 छक्के 175 रन, अंडर-19 वर्ल्ड कप में वैभव का जलवा, बने प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट
हर्षित राणा टी20 वर्ल्ड कप से बाहर? कप्तान सूर्यकुमार यादव ने दिया बड़ा बयान, जानें क्या कहा
क्रिकेटर रिंकू सिंह का फेसबुक अकाउंट हैक, हैकर्स ने कमाई पर भी किया हाथ साफ
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Aditya Kumar Varshney
आदित्य वार्ष्णेय एक अनुभवी खेल पत्रकार हैं, जो वर्तमान में कंटेंट राइटर के रूप में प्रभात खबर के साथ जुड़े हुए हैं. वह पिछले 5 सालों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और स्पोर्ट्स बीट में गहरी पकड़ रखते हैं. आप क्रिकेट, फुटबॉल हॉकी, टेनिस और चेस जैसे खेलों पर लिखना पसंद करते हैं. आप मैच रिपोर्ट, विश्लेषणात्मक लेख, फीचर स्टोरी और एक्सप्लेनर आधारित कंटेंट तैयार करते हैं. आपने प्रभात खबर से पहले भारत समाचार में असिस्टेंट प्रोड्यूसर (आउटपुट विभाग) के रूप में काम किया है, वहीं स्टार स्पोर्ट्स में असिस्टेंट प्रोड्यूसर (क्रिकेट, हिंदी फीड) के तौर पर भी काम कर चुके हैं. आपके पास ब्रॉडकास्ट और डिजिटल दोनों प्लेटफॉर्म का मजबूत अनुभव है.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










