साउथ अफ्रीका की जीत के बाद मिलर ने बताया तरीका, कैसे दी जा सकती है भारत को मात

डेविड मिलर
David Miller Statement: टी20 वर्ल्ड कप में भारत को 76 रन से हराने के बाद डेविड मिलर ने कहा कि टीम इंडिया अजेय नहीं है. मिलर के अनुसार, दबाव वाले मैच में साधारण बातो पर ध्यान देकर और अपनी रणनीति पर टिके रहकर खतरनाक भारतीय टीम को भी मात दी जा सकती है.
Highlights
David Miller Statement: टी20 वर्ल्ड कप 2026 (T20 World Cup 2026) के सुपर 8 मुकाबले में साउथ अफ्रीका ने भारत को 76 रनों से मात देकर शानदार जीत हासिल की है. अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए इस मैच में हार के साथ ही भारत का विजय रथ रुक गया है. इस हार से आईसीसी वाइट-बॉल इवेंट्स में भारत का लगातार 18 मैच जीतने का रिकॉर्ड भी टूट गया. पिछले वर्ल्ड कप फाइनल में भारत ने जिस साउथ अफ्रीका को हराया था, उसी टीम ने यहां भारत को करारी शिकस्त दी है. भारत की इस हार के बाद डेविड मिलर (David Miller) ने कहा की भारत की टीम अजेय नहीं है.
भारत की हार पर मिलर का बयान
मैच के बाद डेविड मिलर ने कहा कि भारतीय टीम शानदार है, लेकिन उन्हें हराया जा सकता है. मिलर ने कहा कि वर्ल्ड कप जैसे अहम टूर्नामेंट में बेसिक्स पर ध्यान देना और अपनी रणनीति पर टिके रहना सबसे जरूरी होता है. उनका मानना है कि साउथ अफ्रीका एक परिपक्व टीम है और टीम के सभी सदस्य लंबे समय से एक साथ खेल रहे हैं. इस अनुभव का फायदा दबाव वाले मैचों में मिलता है. मिलर ने कहा कि अपनी तय रणनीति के हिसाब से काम करना ही इस जीत का मुख्य कारण है.
महाराज और एंगिडी की कसी हुई गेंदबाजी
मिलर ने भारतीय लाइनअप में 6 बाएं हाथ के बल्लेबाज होने के बावजूद अपने गेंदबाजो की जमकर तारीफ की. लुंगी एंगिडी को भले ही विकेट नहीं मिला, लेकिन उन्होंने 4 ओवर के स्पेल में सिर्फ 15 रन दिए और 3.80 की इकॉनमी से गेंदबाजी की. अनुभवी स्पिनर केशव महाराज ने शुरुआती दो ओवरों में रन दिए, लेकिन तीसरे ओवर में उन्होंने 6 गेंदों के भीतर हार्दिक पांड्या, रिंकू सिंह और अर्शदीप सिंह को आउट कर मैच का रुख बदल दिया.
मिलर और ब्रेविस की 97 रनों की साझेदारी
पहले बल्लेबाजी करते हुए साउथ अफ्रीका ने 20 ओवर में 7 विकेट पर 187 रन बनाए. डेविड मिलर ने सबसे ज्यादा 63 रनों की बेहतरीन पारी खेली. चौथे विकेट के लिए मिलर और डेवाल्ड ब्रेविस (45 रन) के बीच 97 रनों की अहम साझेदारी हुई. अंतिम ओवरों में ट्रिस्टन स्टब्स ने नाबाद 44 रन बनाए. भारत के लिए जसप्रीत बुमराह ने 15 रन देकर 3 विकेट लिए. अर्शदीप सिंह ने 28 रन देकर 2 विकेट लिए. वरुण चक्रवर्ती और शिवम दुबे को एक-एक विकेट मिला.
डिफेंडिंग चैंपियंस का फ्लॉप शो
188 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए भारत 18.5 ओवर में 111 रनों पर सिमट गई. पूरी पारी में कोई भी भारतीय बल्लेबाज अर्धशतक नहीं लगा सका. शिवम दुबे ने सबसे ज्यादा 42 रन बनाए, लेकिन बाकी सभी बल्लेबाज फ्लॉप रहे. साउथ अफ्रीका के गेंदबाजो के सामने भारतीय टीम के बल्लेबाज एक-एक करके पवेलियन लौटते रहे और टीम को 76 रनों के अंतर से बड़ी हार मिली.
यानसेन और महाराज का कहर
भारतीय टीम को समेटने का पूरा श्रेय अफ्रीकी गेंदबाजो को जाता है. मार्को यानसेन ने 22 रन देकर 4 विकेट झटके. केशव महाराज ने 24 रन देकर 3 बल्लेबाजों को आउट किया. कोर्बिन बॉश ने 12 रन देकर 2 विकेट अपने नाम किए. कप्तान एडेन मार्करम ने भी गेंदबाजी करते हुए 5 रन देकर 1 विकेट हासिल किया. इसी शानदार गेंदबाजी के दम पर साउथ अफ्रीका ने यह ऐतिहासिक जीत दर्ज की.
ये भी पढ़ें-
सूर्यकुमार की कप्तानी में मिली हार, संजय मांजरेकर ने बताई भारत की 3 गलतियां
अहमदाबाद में सूर्यकुमार का दिखा जबरा फैन, 6 घंटे में होता है तैयार, जानें वजह
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Aditya Kumar Varshney
आदित्य वार्ष्णेय एक अनुभवी खेल पत्रकार हैं, जो वर्तमान में कंटेंट राइटर के रूप में प्रभात खबर के साथ जुड़े हुए हैं. वह पिछले 5 सालों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और स्पोर्ट्स बीट में गहरी पकड़ रखते हैं. आप क्रिकेट, फुटबॉल हॉकी, टेनिस और चेस जैसे खेलों पर लिखना पसंद करते हैं. आप मैच रिपोर्ट, विश्लेषणात्मक लेख, फीचर स्टोरी और एक्सप्लेनर आधारित कंटेंट तैयार करते हैं. आपने प्रभात खबर से पहले भारत समाचार में असिस्टेंट प्रोड्यूसर (आउटपुट विभाग) के रूप में काम किया है, वहीं स्टार स्पोर्ट्स में असिस्टेंट प्रोड्यूसर (क्रिकेट, हिंदी फीड) के तौर पर भी काम कर चुके हैं. आपके पास ब्रॉडकास्ट और डिजिटल दोनों प्लेटफॉर्म का मजबूत अनुभव है.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




