ePaper

IPL : संदीप का कहर, दिल्ली 67 पर ढेर, गुप्तिल के अर्धशतक से पंजाब 10 विकेट से जीता

Updated at : 30 Apr 2017 4:36 PM (IST)
विज्ञापन
IPL : संदीप का कहर, दिल्ली 67 पर ढेर, गुप्तिल के अर्धशतक से पंजाब 10 विकेट से जीता

मोहाली : संदीप शर्मा की करियर की सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी से दिल्ली डेयरडेविल्स को उसके न्यूनतम स्कोर 67 रन पर ढेर करने के बाद किंग्स इलेवन पंजाब ने आज यहां 73 गेंद शेष रहते हुए दस विकेट से धमाकेदार जीत दर्ज करके आईपीएल दस में अपने अभियान को सकारात्मक दिशा दी. डेयरडेविल्स की टीम 17.1 ओवर […]

विज्ञापन

मोहाली : संदीप शर्मा की करियर की सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी से दिल्ली डेयरडेविल्स को उसके न्यूनतम स्कोर 67 रन पर ढेर करने के बाद किंग्स इलेवन पंजाब ने आज यहां 73 गेंद शेष रहते हुए दस विकेट से धमाकेदार जीत दर्ज करके आईपीएल दस में अपने अभियान को सकारात्मक दिशा दी. डेयरडेविल्स की टीम 17.1 ओवर में ढेर हो गयी और किंग्स इलेवन ने मार्टिन गुप्टिल (27 गेंदों पर नाबाद 50) के अर्धशतक की बदौलत केवल 7.5 ओवर में बिना किसी नुकसान के 68 रन बनाकर प्लेआफ में पहुंचने की अपनी उम्मीदों को बनाये रखा.

हाशिम अमला 16 रन बनाकर नाबाद रहे. दिल्ली को अब प्लेआफ में पहुंचना है तो उसे अपने बाकी बचे सभी छह मैच जीतने होंगे. उसकी यह छठी हार है और उसके आठ मैचों में केवल चार अंक हैं. किंग्स इलेवन ने नौ मैच में चौथी जीत हासिल की और वह आठ अंक के साथ अंकतालिका में पांचवें स्थान पर पहुंच गया है.

संदीप पहले ओवर से ही हावी हो गये. उन्होंने 20 रन देकर चार विकेट लिये. पारी के आखिरी क्षणों में गेंद थामने वाले वरुण आरोन ने दो ओवर में तीन रन देकर दो विकेट जबकि बायें हाथ के स्पिनर अक्षर पटेल ने 22 रन देकर दो विकेट लिये. कप्तान ग्लेन मैक्सवेल और मोहित शर्मा ने एक-एक विकेट हासिल किया.

डेयरडेविल्स के लिये शुरू से ही कुछ भी अच्छा नहीं रहा. उसके कप्तान जहीर खान मांसपेशियों में खिंचाव के कारण मैच में नहीं खेल पाये. इसके बाद उसकी टीम टास हार गयी और बाद में उसके अधिकतर बल्लेबाजों ने अपनी गलती से विकेट गंवाये. दिल्ली के केवल तीन बल्लेबाज दोहरे अंक में पहुंचे जिनमें कोरे एंडरसन ने सर्वाधिक 18 रन बनाये.

डेयरडेविल्स का इससे पहले आईपीएल में न्यूनतम स्कोर 80 रन था जो उसने 2013 में सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ हैदराबाद में बनाया था. उसका आज का स्कोर आईपीएल के इतिहास में तीसरा न्यूनतम स्कोर है. यह सातवां अवसर है जबकि दिल्ली की टीम 100 रन तक भी नहीं पहुंच पायी जो आईपीएल में रिकार्ड है.

किंग्स इलेवन के सामने आसान लक्ष्य था. ऐसे में गुप्टिल ने दिखाया कि पिच में कुछ भी गड़बड़ी नहीं थी और यह बल्लेबाजी के लिये आसान थी. छोटे से लक्ष्य के सामने भी वह अर्धशतक जमाकर नया रिकार्ड बनाने में सफल रहे. इस कीवी बल्लेबाज ने अपनी पारी में छह चौके और तीन छक्के लगाये. अमला ने 20 गेंदें खेली और एक चौका लगाया.

इससे पहले संदीप ने पारी के पहले ओवर में सैम बिलिंग्स को विकेट के पीछे कैच आउट कराने के बाद अपने अगले दो ओवरों में संजू सैमसन (पांच) और श्रेयस अय्यर (छह) को भी पवेलियन भेजा. पावरप्ले के बाद स्कोर तीन विकेट पर 25 रन था लेकिन इसके बाद भी विकेट गिरने का क्रम नहीं रुका. अक्षर पटेल के रूप में मैक्सवेल ने पावरप्ले के तुरंत बाद स्पिन आक्रमण लगाया और बायें हाथ के इस स्पिनर ने पहली गेंद पर करुण नायर (11) को बोल्ड कर दिया जो जहीर की जगह डेयरडेविल्स की कमान भी संभाले रहे थे.

रिषभ पंत (तीन) लगातार चौथे मैच में नाकाम रहे. मैक्सवेल ने गेंद थामते ही उन्हें पगबाधा आउट कर दिया. चार मैचों में वह केवल नौ रन बना पाये हैं. क्रिस मौरिस (दो) भी अपने प्रदर्शन में निरंतरता रखने में नाकाम रहे. अक्षर ने अपने दूसरे ओवर में ही अपनी ही गेंद पर इस आलराउंडर का कैच लिया. डेयरडेविल्स ने दस ओवर के बाद छह विकेट पर 37 रन बनाये थे जो आईपीएल इतिहास में पहले दस ओवरों का सबसे खराब प्रदर्शन है.

पंद्रहवें ओवर में गेंदबाजी के लिये बुलाये गये आरोन ने अपनी पहली गेंद पर एंडरसन का विकेट उखाड़ दिया जिन्होंने 25 गेंदों पर 18 रन बनाये. संदीप ने दूसरे स्पैल में कैगिसो रबादा (11) की संघर्षपूर्ण पारी का अंत किया. इसके बाद उसकी पारी सिमटने में देर नहीं लगी.

विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola