ePaper

IPL-10 आज से, RCB और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच पहला मुकाबला

Updated at : 04 Apr 2017 2:47 PM (IST)
विज्ञापन
IPL-10 आज से, RCB और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच पहला मुकाबला

हैदराबाद : इंडियन प्रीमियर लीग सीजन 10 की शुरुआत आज से हो रही है. कल इस सीजन का पहला मैच रॉयल चैलेंजर्स बेंगलूर और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच खेला जायेगा. भारतीय समयानुसार मैच रात के आठ बजे से शुरू होगा. कुछ शीर्ष खिलाड़ियों की चोटों से परेशान रायल चैलेंजर्स बेंगलूर को आईपीएल दस के शुरुआती […]

विज्ञापन

हैदराबाद : इंडियन प्रीमियर लीग सीजन 10 की शुरुआत आज से हो रही है. कल इस सीजन का पहला मैच रॉयल चैलेंजर्स बेंगलूर और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच खेला जायेगा. भारतीय समयानुसार मैच रात के आठ बजे से शुरू होगा. कुछ शीर्ष खिलाड़ियों की चोटों से परेशान रायल चैलेंजर्स बेंगलूर को आईपीएल दस के शुरुआती मैच में कल यहां मौजूदा चैंपियन सनराइजर्स हैदराबाद की कड़ी चुनौती का सामना करना पड़ेगा.

कप्तान विराट कोहली और स्टार बल्लेबाज एबी डिविलियर्स चोटिल होने के कारण कल के मैच में नहीं खेलेंगे. कोहली कंधे की चोट की वजह से बाहर हैं जबकि डिविलियर्स पीठ दर्द से उबर रहे हैं. यहीं नहीं आरसीबी को सलामी बल्लेबाज केएल राहुल की कमी भी खलेगी जो चोट के कारण पूरे सत्र में नहीं खेल पायेंगे. आरसीबी के युवा बल्लेबाज सरफराज खान भी बेंगलुरु में अभ्यास के दौरान क्षेत्ररक्षण करते समय चोटिल हो गये हैं और उनका भी पूरे सत्र से बाहर रहने की संभावना है.

कोहली के कल सहित शुरू के कुछ मैचों में नहीं खेलने की संभावना है और इसलिए टीम ने शेन वाटसन को अपना कार्यवाहक कप्तान नियुक्त किया है. आरसीबी का दारोमदार अब क्रिस गेल पर टिका है जो अगर चल गये तो फिर विरोधी टीम के धुर्रे उड़ाने में कोई कसर नहीं छोडेंगे. भारत के उदीयमान बल्लेबाज केदार जाधव की भी जिम्मेदारी बढ़ गयी है. आस्ट्रेलिया के टी20 स्टार ट्रेविस हेड, भारतीय खिलाडी सचिन बेबी और मनदीप सिंह भी बल्लेबाजी क्रम में महत्वपूर्ण बन गये हैं.

आईपीएल 2017 की नीलामी में मोटी धनराशि पर खरीदे गये इंग्लैंड के तेज गेंदबाज टाइमल मिल्स के आने से आरसीबी की गेंदबाजी मजबूत हुई है. स्पिन विभाग की जिम्मेदारी युजवेंद्र चहल संभालेंगे. इसके अलावा वेस्टइंडीज के लेग स्पिनर सैमुअल बद्री, न्यूजीलैंड के तेज गेंदबाज एडम मिल्ने और बायें हाथ के तेज गेंदबाज अनिकेत चौधरी गेंदबाजी विभाग को मजबूती प्रदान करेंगे.

जहां तक सनराइजर्स हैदराबाद की बात है तो वह पिछले साल के करिश्माई प्रदर्शन को दोहराने के लिए प्रतिबद्ध है. हैदराबाद के पास आईपीएल के सबसे धाकड़ बल्लेबाजों में से एक कप्तान डेविड वार्नर है जिन्होंने पिछले सत्र में आगे बढ़कर नेतृत्व किया था. वार्नर भले ही आस्ट्रेलिया के हाल में समाप्त हुए भारतीय दौरे में अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पाये थे लेकिन धर्मशाला में चौथे टेस्ट मैच में उन्होंने अर्धशतक जमाया था और हैदराबाद की तरफ से उनके अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद है.

वार्नर के साथ शीर्ष क्रम में शिखर धवन जिम्मेदारी संभालेंगे जो अच्छा प्रदर्शन करके भारतीय टीम में वापसी करने के लिये बेताब हैं. धवन ने हाल में देवधर ट्राफी में अच्छा खेल दिखाया था. मध्यक्रम में युवराज सिंह की उपस्थिति सनराइजर्स की बल्लेबाजी को मजबूती मिली है. मोएजेस हेनरिक्स, केन विलियमसन, नमन ओझा, दीपक हुड्डा और विजय शंकर के रुप में टीम के पास अच्छे बल्लेबाज हैं. सनराइजर्स ने अपनी गेंदबाजी को मजबूती देने के लिये अफगानिस्तान के लेग स्पिनर राशिद खान को टीम में शामिल किया है. आलराउंडर युवराज सिंह, हेनरिक्स, बेन कटिंग, मोहम्मद नबी और क्रिस जोर्डन से टीम को बल्ले और गेंद दोनों से अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद रहेगी.

विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola