टी-20 वर्ल्ड कप : न्‍यूजीलैंड ने टॉस जीता, पहले बल्‍लेबाजी का फैसला

Updated at : 15 Mar 2016 12:17 AM (IST)
विज्ञापन
टी-20 वर्ल्ड कप : न्‍यूजीलैंड ने टॉस जीता, पहले बल्‍लेबाजी का फैसला

नागपुर : पिछले कुछ अर्से से शानदार फॉर्म में चल रही भारतीय टीम टी-20 विश्व कप की प्रबल दावेदार है, लेकिन टूर्नामेंट के पहले मुकाबले में मंगलवार को उसका सामना आत्मविश्वास से लबरेज न्यूजीलैंड से होगा, तो उसे आत्ममुग्धता से बचना होगा. पिछले पांच बार में किसी मेजबान देश ने टी-20 विश्व खिताब नहीं जीता […]

विज्ञापन
नागपुर : पिछले कुछ अर्से से शानदार फॉर्म में चल रही भारतीय टीम टी-20 विश्व कप की प्रबल दावेदार है, लेकिन टूर्नामेंट के पहले मुकाबले में मंगलवार को उसका सामना आत्मविश्वास से लबरेज न्यूजीलैंड से होगा, तो उसे आत्ममुग्धता से बचना होगा. पिछले पांच बार में किसी मेजबान देश ने टी-20 विश्व खिताब नहीं जीता है और दूसरी बार तो कोई विजयी नहीं रहा है. महेंद्र सिंह धौनी की अगुवाई वाली भारतीय टीम हालांकि काफी संतुलित है और अपनी सरजमीं पर खेल रही है, लिहाजा इतिहास रच सकती है.
मौजूदा टी-20 रैंकिंग में शीर्ष पर काबिज 2007 की चैंपियन भारतीय टीम ग्रुप टू के सुपर 10 मुकाबले में न्यूजीलैंड से खेलेगी. हालांकि धौनी कह चुके हैं कि वे मैच दर मैच प्लानिंग करेंगे और अभी से खिताब के बारे में नहीं सोच रहे. भारतीय टीम फॉर्म में है और उसके बल्लेबाज और गेंदबाज दोनों अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं. भारत का अगला मुकाबला 19 मार्च को पाकिस्तान से है. भारत जीत दर्ज कर पाकिस्तान के खिलाफ मनोवैज्ञानिक बढ़त लेकर मैदान में उतरना चाहेगा.
01 बार टी-20 विश्व कप में आमने-सामने हुई हैं भारत और न्यूजीलैंड की टीमें. भारत को 10 रनों से हार मिली थी. न्यूजीलैंड ने 190 रन बनाये थे.
09 वर्षों के बाद टी-20 वर्ल्ड कप में भिड़ेंगी दोनों टीमें. इसके पहले 16 सितंबर, 2007 को विश्व कप टी-20 में खेले थे मैच .
दमदार न्यूजीलैंड : क्योंकि भारत से हारा ही नहीं है मैच
न्यूजीलैंड भी कम नहीं हैं. धौनी एंड कंपनी टी-20 क्रिकेट में कभी न्यूजीलैंड को हराया नहीं है. चारों मुकाबलों में शिकस्त का सामना करना पड़ा है. घरेलू हालात में भारत को हराना कठिन होगा. लेकिन, भारतीय टीम अभ्यास मैच में दक्षिण अफ्रीका से चार रनों से हारी थी, जिससे टूर्नामेंट से पहले उसके लिए खतरे की घंटी बज गयी.
लाजवाब भारत : इस वर्ष जीते हैं लगातार तीन टी-20 खिताब
भारत के हौसले बुलंद हैं. भारत ने पिछले सात टी-20 मैच जीते हैं, जिसमें 50 ओवरों की विश्व चैंपियन ऑस्ट्रेलिया का उसी की सरजमीं पर 3-0 से सफाया शामिल है. भारत ने श्रीलंका को 2-1 से हराने के बाद 20 ओवरों का एशिया कप खिताब भी जीता. ढाका में लगातार पांच जीत दर्ज की है. टी-20 विश्व कप अभ्यास मैच में भी कांटे के मुकाबले हुए हैं.
कई खतरनाक बल्लेबाज
न्यूजीलैंड को मैकुलम की कमी खलेगी, लेकिन इसके पास अब भी कई खतरनाक बल्लेबाज हैं. केन विलियम्सन की अगुवाई वाली कीवी टीम के पास मार्टिन गुप्टिल, कोलिन मुनरो, ग्रांट एलियोट, रोस टेलर और कोरे एंडरसन जैसे बल्लेबाज हैं, तो अकेले टीम को जीत दिलाने में दम रखते हैं.
नीचे से ऊपर तक बल्लेबाजी क्रम
छठा टी-20 विश्व कप खेल रहे रोहित शर्मा भी जबर्दस्त फॉर्म में हैं. विराट कोहली शानदार फॉर्म में हैं और सात पारियों में चार अर्द्धशतक बना चुके हैं.
कोहली ने 38 मैचों में 50 से ऊपर की औसत से रन बनाये हैं. धवन ने टुकड़ों में अच्छा प्रदर्शन किया है. रैना, युवराज व धौनी के अलावा बल्लेबाजी क्रम में पांड्या और जडेजा भी हैं.
तेज गेंदबाजी में हैं विविधता
न्यूजीलैंड टीम की तेज गेंदबाजी आक्रमण में उनके पास दाहिने-बायें का संयोजन हैं. इससे टीम को फायदा मिलता है. स्पिन आक्रमण में भी विविधता है. न्यूजीलैंड ने पाकिस्तान और श्रीलंका के खिलाफ पिछले पांच टी-20 मैचों में से चार जीते हैं. इससे टीम का मनोबल काफी ऊंचा है.
लय में दिख रहे हैं गेंदबाज
जसप्रीत बुमराह शुरुआती और डैथ ओवरों में अच्छी गेंदबाजी कर रहे हैं. उनका साथ देने के लिए अनुभवी आशीष नेहरा हैं. मोहम्मद शमी फिट हो गये हैं और मध्यम तेज गेंदबाजी में विविधता देने के लिए पांड्या भी हैं. स्पिन गेंदबाजी में आर अश्विन और रवींद्र जडेजा हैं, जिनका साथ देने के लिए हरभजन सिंह या पवन नेगी को उतारा जा सकता है.
क्रो के लिए बाजू में काली पट्टी बांधेंगे क्रिकेटर
नागपुर : न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम के सदस्य दिवंगत पूर्व कप्तान मार्टिन क्रो के प्रति सम्मान दिखाने के लिए मैच के दौरान बाजू में काली पट्टी बांधेंगे. न्यूजीलैंड के कप्तान केन विलियमसन ने कहा कि मुझे विश्वास है कि राष्ट्रगान के बाद ऐसा भी क्षण होगा जब मौन होगा और टीम की ओर से सम्मान दिखाने का यह समय विशेष होगा.
टीमें
भारत : महेंद्र सिंह धौनी (कप्तान), शिखर धवन, रोहित शर्मा, विराट कोहली, सुरेश रैना, युवराज सिंह, हार्दिक पांड्या, रवींद्र जडेजा, आर अश्विन, जसप्रीत बुमराह, आशीष नेहरा, हरभजन सिंह, पवन नेगी, अजिंक्य रहाणे, मोहम्मद शमी.
न्यूजीलैंड : केन विलियमसन (कप्तान), मार्टिन गुप्टिल, हेनरी निकोल्स, ल्यूक रोंची, रोस टेलर, कोलिन मुनरो, मिशेल सेंटनेर, नाथन मैकुलम, ग्रांट एलियोट, मिशेल मैक्लीनागन, टिम साउदी, ट्रेंट बोल्ट , एडम मिल्ने, ईश सोढी, कोरे एंडरसन.
खुद को व्यवस्थित रखना महत्वपूर्ण : कोहली
नागपुर. स्टार बल्लेबाज विराट कोहली का मानना है कि मैदान के बाहर भी संतुलन बनाये रखना महत्वपूर्ण होगा, तभी खिताब मिलेगा. कहा कि आप कैसे व्यवस्थित रखते हो, इसके लिए कौशल की जरूरत पड़ती है. मैदान के अंदर आपके लिए यह सुरक्षित स्थान होता है विशेषकर तब जबकि आप घरेलू सरजमीं पर खेलते हो.
विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola