India vs New Zealand, 4th T20 : रोमांचक सुपर ओवर मुकाबले में भारत ने जीता चौथा T20 मैच, सीरीज में 4-0 से आगे

वेलिंगटन : आखिरी ओवरों में शार्दुल ठाकुर समेत अपने गेंदबाजों के शानदार प्रदर्शन के दम पर भारत ने सुपर ओवर में लगातार दूसरी जीत दर्ज करके हुए पांच मैचों की टी-20 शृंखला में 4-0 से बढ़त बनाकर न्यूजीलैंड को ‘व्हाइटवाश’ की कगार पर पहुंचा दिया. भारत के आठ विकेट पर 165 रन के जवाब में […]
वेलिंगटन : आखिरी ओवरों में शार्दुल ठाकुर समेत अपने गेंदबाजों के शानदार प्रदर्शन के दम पर भारत ने सुपर ओवर में लगातार दूसरी जीत दर्ज करके हुए पांच मैचों की टी-20 शृंखला में 4-0 से बढ़त बनाकर न्यूजीलैंड को ‘व्हाइटवाश’ की कगार पर पहुंचा दिया. भारत के आठ विकेट पर 165 रन के जवाब में न्यूजीलैंड जीत की ओर बढ़ रहा था. उसे आखिरी ओवर में जीत के लिए सात रन चाहिये थे जबकि उसके सात विकेट सुरक्षित थे.
कप्तान विराट कोहली ने ठाकुर को यह ओवर सौंपा और पहली ही गेंद पर रोस टेलर (24) आउट हो गये. दूसरी गेंद पर डेरिल मिशेल ने चौका जड़ दिया. अगली गेंद पर हालांकि टिम सीफर्ट (57) रन आउट हो गये. चौथी गेंद पर एक रन बना लेकिन अगली दो गेंद पर मिशेल और सेंटनेर अपना विकेट गंवा बैठे. मिशेल का कैच मिडऑफ पर शिवम दुबे ने लपका, जबकि सेंटनेर रन आउट हुए हालांकि वह एक रन दौड़ चुके थे जिससे मैच सुपर ओवर तक खिंचा.
सुपर ओवर में न्यूजीलैंड ने एक विकेट खोकर 13 रन बनाये. भारत के लिए केएल राहुल और कोहली सुपर ओवर में उतरे. राहुल ने टिम साउदी की पहली गेंद पर छक्का और दूसरी गेंद पर चौका लगाकर राह आसान कर दी. वह तीसरी गेंद पर आउट हो गये लेकिन कोहली ने चौथी गेंद पर दो रन और पांचवीं पर चौका लगाकर टीम को जीत दिलायी. इससे पहले तीसरे टी-20 मैच में रोहित शर्मा ने सुपर ओवर में आखिरी दो गेंद पर छक्के लगाकर टीम को जीत दिलायी थी.
सुबह मनीष पांडे ने 36 गेंद में नाबाद 50 रन बनाकर भारत को आठ विकेट पर 165 रन तक पहुंचाया. न्यूजीलैंड के लिए सीफर्ट और कोलिन मुनरो (64) के अलावा कोई बल्लेबाज नहीं चल सका. पहले बल्लेबाजी के लिए भेजी गयी भारतीय टीम ने एक समय छह विकेट 88 रन पर गंवा दिये थे. इसके बाद पांडे ने पारी को संभालकर टीम को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया. केएल राहुल ने 26 गेंद में 39 रन का योगदान दिया जिसमें तीन छक्के और दो चौके शामिल थे.
न्यूजीलैंड ने इससे पहले लगातार चौथी बार टॉस जीता और गेंदबाजी का फैसला किया. केन विलियमसन कंधे की चोट के कारण इस मैच से बाहर है जिनकी जगह टिम साउदी कप्तानी कर रहे हैं. भारतीय टीम में रोहित शर्मा, मोहम्मद शमी और रविंद्र जडेजा की जगह संजू सैमसन, नवदीप सैनी और वाशिंगटन सुंदर को उतारा गया. कीवी टीम में विलियमसन और कोलिन डि ग्रांडहोमे की जगह टॉम ब्रूस और डेरिल मिशेल को जगह दी गयी. सैमसन ने राहुल के साथ पारी की शुरूआत की लेकिन पांच गेंद में आठ रन बनाकर आउट हो गये.
विराट कोहली (11) भी सस्ते में पवेलियन लौट गये जिन्हें हामिश बेनेट ने आउट किया. ईश सोढी ने श्रेयस अय्यर (एक) और शिवम दुबे (12) को आउट किया. न्यूजीलैंड ने इस मैच में चुस्त क्षेत्ररक्षण और अनुशासित गेंदबाजी की. सोढी ने 26 रन देकर तीन विकेट लिये. वहीं मिशेल सेंटनेर ने वाशिंगटन सुंदर (0) को आउट किया. पांडे ने इसके बाद शार्दुल ठाकुर (15 गेंद में 20 रन) के साथ पारी को आगे बढ़ाया.
नवदीप सैनी 11 रन बनाकर नाबाद रहे. पांडे ने ठाकुर के साथ सातवें विकेट के लिए 43 रन जोड़े. इसके बाद सैनी के साथ 22 रन की साझेदारी की. पांडे ने अपना अर्धशतक 36 गेंदों में पूरा किया.
सुपर ओवर
न्यूजीलैंड
पहली गेंद – 02 रन
दूसरी गेंद – 04 रन
तीसरी गेंद – 02 रन
चौथी गेंद – आउट
पांचवीं गेंद – 04 रन
छठी गेंद – 00 रन
कुल – 13 रन
भारत
पहली गेंद – 06 रन
दूसरी गेंद – 04 रन
तीसरी गेंद – के एल राहुल आउट
चौथी गेंद – 02 रन
पांचवीं गेंद – 04 रन
कुल – 16 रन
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar Digital Desk
यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




