ePaper

ब्लंडेल के शतक के बावजूद ऑस्ट्रेलिया ने न्यूजीलैंड को 247 रन से हराया

Updated at : 29 Dec 2019 4:39 PM (IST)
विज्ञापन
ब्लंडेल के शतक के बावजूद ऑस्ट्रेलिया ने न्यूजीलैंड को 247 रन से हराया

मेलबर्न : नाथन लियोन और जेम्स पेटिनसन की धारदार गेंदबाजी से ऑस्ट्रेलिया ने कामचलाऊ सलामी बल्लेबाज टाम ब्लंडेल के शतक के बावजूद न्यूजीलैंड को दूसरे टेस्ट के चौथे ही दिन रविवार को यहां 247 रन से हराकर तीन मैचों की शृंखला में 2-0 की विजयी बढ़त बना ली. ऑस्ट्रेलिया के 488 रन के लक्ष्य का […]

विज्ञापन

मेलबर्न : नाथन लियोन और जेम्स पेटिनसन की धारदार गेंदबाजी से ऑस्ट्रेलिया ने कामचलाऊ सलामी बल्लेबाज टाम ब्लंडेल के शतक के बावजूद न्यूजीलैंड को दूसरे टेस्ट के चौथे ही दिन रविवार को यहां 247 रन से हराकर तीन मैचों की शृंखला में 2-0 की विजयी बढ़त बना ली.

ऑस्ट्रेलिया के 488 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए न्यूजीलैंड की टीम दिन के अंतिम सत्र में 240 रन पर सिमट गई. लियोन ने 81 रन देकर चार जबकि पेटिनसन ने 35 रन देकर तीन विकेट चटकाए.

ब्लंडेल आउट होने वाले अंतिम बल्लेबाज रहे. उन्होंने 210 गेंद में 15 चौकों की मदद से 121 रन की पारी खेली. यह ब्लंडेल के करियर का दूसरा और दो साल में पहला टेस्ट शतक है. तेज गेंदबाज ट्रेंट बोल्ट पहली पारी में बल्लेबाजी करते हुए चोटिल होने के कारण दूसरी पारी में बल्लेबाजी करने नहीं उतरे.

तेज गेंदबाज मिशेल स्टार्क की गेंद पर उनके हाथ में फ्रेक्चर हो गया था. वह सिडनी में तीन जनवरी से शुरू हो रहे तीसरे टेस्ट से भी बाहर हो गए हैं. न्यूजीलैंड को लगातार दूसरे टेस्ट में चार दिन के भीतर बड़ी हार का सामना करना पड़ा.

टीम ने पर्थ में पहला टेस्ट भी चार दिन के अंदर 296 रन से गंवाया था. टेस्ट क्रिकेट के इतिहास में कोई टीम 418 रन से अधिक के लक्ष्य को हासिल नहीं कर पाई है, लेकिन यह रिकार्ड भी ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ ही है. वेस्टइंडीज ने 2003 में एंटीगा में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ यह लक्ष्य हासिल किया था.

लक्ष्य का पीछा करते हुए न्यूजीलैंड की टीम पेटिनसन की तूफानी गेंदबाजी के सामने लंच तक 38 रन तक तीन विकेट गंवाने के बाद संकट में थी, लेकिन ब्लंडेल ने एक छोर संभाले रखा. दूसरे सत्र में लियोन ने एक विकेट चटकाया, लेकिन तीसरे सत्र में इस ऑफ स्पिनर ने तीन विकेट हासिल करके ऑस्ट्रेलिया को जीत दिलाई.

आम तौर पर विकेटकीपर बल्लेबाज की भूमिका निभाने वाले ब्लंडेल को सलामी बल्लेबाज जीत रावल को बाहर किए जाने के बाद पारी का आगाज करने का मौका मिला. न्यूजीलैंड ने सतर्क शुरुआत की और एक समय उसका स्कोर बिना विकेट खोए 32 रन था, लेकिन चोटिल जोश हेजलवुड की जगह खेल रहे पेटिनसन ने टाम लैथम (08), कप्तान केन विलियमसन (00) और अनुभवी रोस टेलर (02) को तीन रन के भीतर पवेलियन भेज दिया.

पहली पारी में अर्धशतक जड़ने वाले लैथम ने पेटिनसन की गेंद पर विकेटकीपर पेन को कैच थमाया, जबकि इस तेज गेंदबाज ने विलियमसन को पगबाधा किया. टेलर भी इसके बाद पेटिनसन की गेंद को विकेटों पर खेल गए. दूसरे सत्र में न्यूजीलैंड ने सिर्फ हेनरी निकोल्स का विकेट गंवाया जिन्हें 33 रन बनाने के बाद लियोन की गेंद पर विकेटकीपर टिम पेन ने स्टंप किया.

अपना सिर्फ तीसरा टेस्ट खेल रहे ब्लंडेल ने इसके बाद बीजे वाटलिंग (22) के साथ पांचवें विकेट के लिए 72 रन की साझेदारी की. लियोन ने वाटलिंग को स्लिप में डेविड वार्नर के हाथों कैच कराके इस साझेदारी को तोड़ा.

कोलिन डि ग्रैंडहोम भी नौ रन बनाने के बाद लियोन की गेंद पर वार्नर को कैच दे बैठे जबकि मिशेल सेंटनर (27) भी इस ऑफ स्पिनर की गेंद पर विकेटकीपर पेन को कैच दे बैठे. ब्लंडेल ने इससे पहले पैट कमिंस की गेंद पर एक रन के साथ 185 गेंद में शतक पूरा किया.

टिम साउथी दो रन बनाकर रन आउट हुए जबकि मार्नस लाबुशेन ने ब्लंडेल को लियोन के हाथों कैच कराके ऑस्ट्रेलिया को जीत दिलाई. इससे पहले ऑस्ट्रेलिया की टीम सुबह चार विकेट पर 137 रन से आगे खेलने उतरी.

कप्तान पेन ने पांच विकेट पर 168 रन के स्कोर पर दूसरी पारी घोषित की जब ट्रेविस हेड (28) को नील वैगनर ने बोल्ड किया. मैथ्यू वेड 30 रन बनाकर नाबाद रहे. वैगनर ने 50 रन देकर तीन विकेट चटकाए. ऑस्ट्रेलिया ने पहली पारी में 467 रन बनाए थे जिसके जवाब में न्यूजीलैंड की टीम 148 रन पर ढेर हो गई थी.

विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola